विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हथियार और गोला-बारूद चोरी के मामले में सेना के तीन जवानों सहित सात गिरफ्तार, अमीर लोगों को लूटने की बनाई थी योजना

Published: Sun, 04 Oct 2026 12:14 AM (IST)

हैदराबाद में सेना के ठिकाने से हथियार चोरी के आरोप में तीन जवानों समेत सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

हथियार और गोला-बारूद चोरी के मामले में सात गिरफ्तार।

हथियार और गोला-बारूद चोरी के मामले में सात गिरफ्तार।

HighLights

  1. हैदराबाद में सेना के ठिकाने से हथियार चोरी का मामला।

  2. तीन मौजूदा सेना के जवानों सहित सात लोग गिरफ्तार।

  3. मुख्य आरोपी ने अमीर लोगों को लूटने की योजना बनाई थी।

डिजिटल डेस्क, हैदराबाद। हैदराबाद में सेना के एक ठिकाने से हथियार चोरी करने के मामले में सेना के तीन जवानों सहित सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है। यह जानकारी मल्कजगिरी पुलिस कमिश्नर बी. सुमति ने दी। सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

मुख्य आरोपित तेलंगाना के नागरकुरनूल जिले के पूर्व हवलदार उप्पुथाला मल्लेश को 11 सितंबर को गिरफ्तार किया गया था। उसने 30 और 31 अगस्त की रात एके-203 असाल्ट राइफलें और गोला-बारूद चुराया था। इसे नागरकुरनूल के अचमपेट में आरोपित ने छिपाकर रखा था। इसे बरामद कर लिया गया।

पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान शनिवार को सात और लोगों को गिरफ्तार किया गया। इनमें सेना के तीन मौजूदा जवान शामिल हैं। सुमति ने बताया कि मल्लेश ने अन्य आरोपितों की मदद से यह अपराध किया था। उसका मकसद बड़े अपराध करना था। इसमें किसी आतंकी या चरमपंथी संगठन से जुड़ाव के कोई संकेत नहीं मिले हैं।

मल्लेश मद्रास रेजिमेंट की 20वीं बटालियन में हवलदार था। उसे इस साल जून में अनुशासनहीनता और खराब स्वास्थ्य के कारण समय से पहले सेवा मुक्त कर दिया गया था। पुलिस कमिश्नर ने बताया कि मल्लेश पहले घरों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था।

उसने अपने चचेरे भाई और दोस्त के साथ मिलकर बैंक, ज्वैलरी की दुकानों और अमीर लोगों को लूटने की योजना बनाई थी ताकि बहुत सारा पैसा कमाया जा सके। उसके चचेरे भाई और दोस्त आर्थिक तंगी से जूझ रहे थे।

उन्होंने कहा कि मल्लेश ने रेजिमेंट के तीन लोगों (सेना के जवानों) से संपर्क किया और उनकी मदद से हथियार और गोला-बारूद चुरा लिया। पूछताछ के दौरान मल्लेश ने कुबूल किया कि 2022 में जब उसकी बटालियन बैरकपुर, कोलकाता में तैनात थी तो उसने वहां के रहने वाले दो लोगों से एक देसी बंदूक और एक जिंदा कारतूस खरीदा था।

(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)