कर्नाटक में तबाही मचाने के बाद महाराष्ट्र पहुंचा क्यार तूफान
मौसम विभाग ने कहा है कि तूफान अब करीब 190 किलोमीटर दूर महाराष्ट्र के रत्नागिरी में प्रवेश कर गया है।
मंगलुरु, प्रेट्र। कर्नाटक के तटवर्ती क्षेत्र से क्यार तूफान के गुजरने का असर दक्षिणी कन्नड़ जिले में देखने को मिला। गुरुवार को पूरी रात बारिश होती रही और शुक्रवार को रुक-रुक कर वर्षा हुई। तेज हवा के कारण कई पेड़ गिर गए और कई जगह मकान क्षतिग्रस्त हो गए।
मछुआरों को मिली समुद्र में नहीं जाने की चेतावनी
मौसम विभाग ने कहा है कि तूफान अब करीब 190 किलोमीटर दूर महाराष्ट्र के रत्नागिरी में प्रवेश कर गया है। पालघर के कलेक्टर कैलाश शिंदे ने मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की चेतावनी जारी की है। जिला फिशरीज विभाग के अधिकारियों ने कहा है कि समुद्र में गई 1411 नौकाओं में से 1378 वापस आ चुकी हैं जबकि शेष 33 को सुरक्षित वापस लाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
कर्नाटक ने जारी की समुद्र की स्थिति और बिगड़ने की चेतावनी
मौसम विभाग और कर्नाटक राज्य आपदा निगरानी केंद्र ने अगले 24 घंटे में समुद्र की स्थिति और बिगड़ने की चेतावनी जारी की है। दक्षिणी कन्नड़ जिले में शुक्रवार को 32.4 मिमी बारिश रिकार्ड की गई। नेत्रवती नदी भी 25 मीटर पर बह रही है।