VIDEO: एनडीआरएफ कर्मी ने ऐसे की बाढ़ पीड़ितों की मदद, जीत लिया सबका दिल
राहत और बचाव कार्य में जुटे एनडीआरएफ के एक जवान का वीडियो भी वायरल हो रहा है। इस जवान ने अपने कारनामे लोगों का दिल जीत लिया है।
तिरुवनंतपुरम, जेएनएन। केरल में पिछले कई सालों में हुई रिकॉर्ड तोड़ बारिश से राज्यभर में हाहाकार मचा हुआ है। बाढ़ में फंसे राज्य के लाखों लोग बड़ी परेशानियां झेल रहे हैं। लोगों को इस मुसीबत से निकालने के लिए सेना और राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन बल (एनडीआरएफ) के जवानों ने मोर्चा संभाला हुआ है। ये जवान दिन-रात एक कर रेस्क्यू ऑपरेशन में लगे हैं। राहत और बचाव कार्य में जुटे एनडीआरएफ के एक जवान का वीडियो भी वायरल हो रहा है। इस जवान ने अपने कारनामे से लोगों का दिल जीत लिया है।
वीडियो में दिखाई दे रहा है कि किस तरह ये जवान बाढ़ पीड़ितों की मदद कर रहा है। वीडियो में राहतकर्मी जलभराव वाले इलाकों में फंसे लोगों को नाव पर चढ़ा रहा है। नाव में चढ़ते वक्त लोगों को परेशानी ना हो, इसके लिए वो खुद उनके लिए सीढ़ी बन सकता है। वीडियो में आप देख सकते हैं कि लोग किस तरह जवान की पीठ पर पैर रखकर नाव पर चढ़ रहे हैं।
जलप्रलय ने ली 357 जिंदगियां
केरल में प्रकृति ने सदी की सबसे बड़ी तबाही मचाई है। जल प्रलय अब तक 357 जिंदगियों को लील चुका है, जबकि सात लाख से अधिक लोग बेघर हो चुके हैं। बारिश और बाढ़ की मार झेल रहे केरल के 3.53 लाख पीड़ित लोग 3026 राहत शिविरों में शरण लिए हुए हैं। 40,000 हेक्टेयर क्षेत्र में फसलें बर्बाद हो गई हैं। 1,000 से ज्यादा घर पूरी तरह से नष्ट हो गए जबकि 26,000 घरों को नुकसान पहुंचा है। कुल मिलाकर केरल बाढ़ में अब तक 21,000 करोड़ का नुकसान हो चुका है।