झारखंड के चाईबासा में दो बसों की भीषण टक्कर, अाठ जिंदा जले
आग लग जाने के कारण लोग बस से बाहर नहीं निकल सके। मृतकों की संख्या अभी और बढ़ने की आशंका बनी हुई है।दोनों बसों में करीब डेढ़ सौ यात्री भरे हुए थे।
जागरण संवाददाता, चाईबासा। झारखंड में चाईबासा-हाटगम्हरिया एनएच 75 ई पर पी बालजोड़ी के समीप यात्रियों से भरी बसों की आमने-सामने की टक्कर के बाद दोनों बसों में लगी आग से आठ लोग जिंदा जल गए, जबकि तीन दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
आग लग जाने के कारण लोग बस से बाहर नहीं निकल सके। मृतकों की संख्या अभी और बढ़ने की आशंका बनी हुई है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को निकालने में जुट गई। आग की लपटों में घिर जाने के कारण घायलों और मृतकों को निकालने में पुलिस और स्थानीय लोगों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। दोनों बसों में करीब डेढ़ सौ यात्री भरे हुए थे।
पढ़ेंः गहरी खाई में गिरी बस, 50 यात्रियों के मरने की आशंका
मरनेवालों में दोनों बसों के चालक, एक दूधमुंही बच्ची व 35 वर्षीय महिला समेत आठ लोग शामिल हैं। झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने इस दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को एक-एक लाख और घायलों को 20-20 हजार रुपये की तत्काल सहायता राशि देने की घोषणा की है।
पढ़ेंः अमृतसर में स्कूली बस डिफेंस ड्रेन में गिरी, 7 बच्चों की मौत