होर्मुज स्ट्रेट में दो कार्गो जहाजों पर हमले, 22 भारतीय सवार; दो लापता
होर्मुज स्ट्रेट में दो व्यापारिक जहाजों पर हुए हमलों में 22 भारतीय नाविक प्रभावित हुए, जिनमें से एक जहाज से दो लापता बताए जा रहे हैं।

होर्मुज स्ट्रेट में दो कार्गो जहाजों पर हमले। (रॉयटर्स)
HighLights
होर्मुज स्ट्रेट में दो जहाजों पर हुए हमले।
हमलों में 22 भारतीय नाविक प्रभावित, दो लापता।
भारत ने हमलों की निंदा की, सुरक्षा पर जोर।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। होर्मुज स्ट्रेट में दो व्यापरिक जहाजों पर हमले हुए, जिन पर 22 भारतीय नाविक सवार थे। भारत सरकार ने इन हमलों की कड़ी आलोचना की है।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, पहले जहाज पेटीओ डॉल्फिन पर रविवार को एक ड्रोन से हमला हुआ। जहाज पर 11 भारतीय सवार थे, जिसमें दो लापता बताए गए हैं। इसके अलावा मार्शल आइलैंड का झंडा लगे एमटी वालथेरा जहाज पर एक अज्ञात मिसाइल से हमला हुआ। हालांकि, उस पर सवार सभी 11 भारतीय सुरक्षित बताए गए हैं।
मंत्रालय के अनुसार, मस्कट स्थित भारतीय दूतावास ओमान के अधिकारियों और जहाज प्रबंधन कंपनियों के साथ मिलकर स्थिति पर नजर रखे हुए है और भारतीय नाविकों को हर संभव सहायता उपलब्ध करा रहा है। एक बयान में मंत्रालय ने कहा कि भारतीयों की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है।
क्षेत्र में व्यापारिक जहाजों पर लगातार हमले गंभीर चिंता का विषय हैं और इससे पहले से नाजुक स्थिति जोखिम को और बढ़ा रही है। भारत ने तत्काल हमलों को रोकने और मौजूदा संघर्ष को बातचीत और कूटनीति के जरिये हल करने की जरूरत दोहराई है।
मंत्रालय ने कहा कि व्यावसायिक जहाजों, नाविकों और आम लोगों के लिए ज़रूरी बुनियादी ढांचों पर हमले बंद होने चाहिए। अंतरराष्ट्रीय कानूनों के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों पर आवाजाही की आजादी और समुद्री व्यापार का सुरक्षित व बिना रुकावट चलना सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)
