पूर्वोत्तर के लिए ऐतिहासिक दिन, विकासोन्मुख नीतियों की जीत : अमित शाह
भाजपा पर दोबारा विश्वास जताने के लिए त्रिपुरा को धन्यवाद देता हूं। इस जीत के लिए शाह ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा त्रिपुरा के मुख्यमंत्री डा. मानिक साहा पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राजीब भट्टचर्जी और कार्यकर्ताओं को भी बधाई दी।
नई दिल्ली, जागरण ब्यूरो। पूर्वोत्तर के दो राज्यों में भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की दोबारा जीत को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पूर्वोत्तर के लिए ऐतिहासिक दिन बताया है। लगातार एक के बाद एक ट्वीट कर उन्होंने कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में लागू की गईं विकासोन्मुखी नीतियों की जीत है।
राज्य के विकास के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेंगे: गृह मंत्री
त्रिपुरा और नगालैंड में राजग सरकार को दोबारा चुनने के लिए इन राज्यों के मतदाताओं के प्रति आभार जताने के साथ ही मेघालय की जनता से भी गृह मंत्री ने वादा किया है कि राज्य के विकास के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। त्रिपुरा में दोबारा भाजपा की जीत के लिए मतदाताओं, भाजपा व सहयोगी दलों के नेताओं को बधाई देते हुए अमित शाह ने अपने ट्वीट में लिखा- 'पूर्वौत्तर के लिए यह ऐतिहासिक दिन है।'
गृह मंत्री पूर्वोत्तर की जीत के लिए जनता को दिया धन्यवाद
भाजपा पर दोबारा विश्वास जताने के लिए त्रिपुरा को धन्यवाद देता हूं। इस जीत के लिए शाह ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, त्रिपुरा के मुख्यमंत्री डा. मानिक साहा, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राजीब भट्टचर्जी और कार्यकर्ताओं को भी बधाई दी। नगालैंड में भाजपा गठबंधन की विजय पर ट्वीट किया- 'नगालैंड की जनता को हृदय की गहराइयों से धन्यवाद कि उन्होंने शांति और प्रगति को चुना, जिसके कारण मोदी के नेतृत्व वाले गठबंधन को फिर से सत्ता मिली। पीएम मोदी और मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो शांति और विकास को बरकरार रखते हुए जनता की अपेक्षाओं को पूरा करेंगे।'
वहीं, मेघालय के पार्टी कार्यकर्ताओं के कड़े परिश्रम की सराहना की। उन्होंने कहा कि मेघालय की जनता की सेवा और उनके भविष्य को उज्ज्वल बनाने के लिए पीएम मोदी के नेतृत्व में भाजपा कोई कसर नहीं छोड़ेगी।