विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 10, 2020 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Holi 2020 Wishes: राष्ट्रपति कोविंद और पीएम मोदी समेत अन्य लोगों ने दी होली की शुभकामनाएं

By TaniskEdited By:
Published: Tue, 10 Mar 2020 08:49 AM (IST)Updated: Tue, 10 Mar 2020 09:07 AM (IST)

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उप राष्ट्रपति वेंकैया नायडू समेत अन्य लोगों ने मंगलवार को देशवासियों को होली के अवसर पर शुभकामनाएं दीं।

Holi 2020 Wishes: राष्ट्रपति कोविंद और पीएम मोदी समेत अन्य लोगों ने दी होली की शुभकामनाएं
Holi 2020 Wishes: राष्ट्रपति कोविंद और पीएम मोदी समेत अन्य लोगों ने दी होली की शुभकामनाएं

नई दिल्ली, एएनआइ। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उप राष्ट्रपति वेंकैया नायडू समेत अन्य लोगों ने मंगलवार को देशवासियों को होली के अवसर पर शुभकामनाएं दीं। देश भर में लोग उत्साह और उमंग के साथ रंगों का त्योहार मना रहे हैं। होली एक प्राचीन हिंदू त्योहार है, जो बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। राष्ट्रपति कोविंद ने ट्वीट करके कहा कि सभी को होली की हार्दिक शुभकामनाएं! रंगों का त्योहार होली हमारे समाज में वसंत और भाईचारे का उत्सव है। यह सभी के जीवन में शांति, आनंद और समृद्धि लाए।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर कहा,'रंग और खुशी के त्योहार होली की आप सभी को बहुत-बहुत बधाई। यह त्योहार सभी देशवासियों के जीवन में खुशियां लाए। बता दें कि पिछले हफ्ते, प्रधानमंत्री ने घोषणा की थी कि कोरोना वायरस के कारण वह किसी भी होली कार्यक्रमों में शामिल नहीं होंगे।

होली कार्यक्रमों में शामिल नहीं होंगे पीएम

प्रधानमंत्री ने विशेषज्ञों की सलाह के बाद यह निर्णय लिया, जिन्होंने कोरोना वायरस के प्रसार से बचने के लिए सामूहिक समारोहों को कम करने की सलाह दी है। केंद्रीय मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने लोगों से सामूहिक समारोहों से बचने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि होली नहीं मनाने के प्रधानमंत्री के फैसले ने कोरोना वायरस के खतरे के बीच एक बड़ा संदेश है। देश में अभी तक 45 मामले सामने आए हैं।  

उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने दी बधाई

उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने मंगलवार को होली के अवसर पर लोगों को शुभकामनाएं दीं और सभी से मित्रता और सौहार्द के बंधन को मजबूत करने का आग्रह किया, जो समाज को एक साथ रखता है। उन्होंने ट्वीट कर कहा,'मैं देशवासियों को होली के शुभ अवसर पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देता हूं। आइए इस होली पर हम अपने समाज को एक साथ रखने वाले मित्रता और सौहार्द के बंधन को मजबूत करने का प्रयास करें।'

राहुल और प्रियंका ने दी बधाई

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा, 'रंगों का यह उत्सव आप सब के जीवन को खुशियों के रंग से सराबोर कर दे, सभी देशवासियों को होली की हार्दिक शुभकामनाएं।' वहीं प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर कहा, 'आप सबको होली की बहुत बहुत शुभकामनाएं।'