नई दिल्ली, एजेंसियां। कांग्रेस नेता कपिल सिब्बल ने लखनऊ में समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव की मौजूदगी में राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल कर दिया है। कपिल सिब्बल ने कहा कि मैंने 16 मई को कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा दे दिया था। टेरर फंडिंग मामले में यासीन मलिक को NIA कोर्ट में पेश किया गया। NIA कोर्ट ने 19 मई को यासीन मलिक को दोषी ठहराया था। आज NIA कोर्ट फैसला सुनाएगा। जापान के दो दिवसीय दौरे से लौटने के तुरंत बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज कैबिनेट मीटिंग की अध्यक्षता की। इस बैठक में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, विदेश मंत्री जयशंकर समेत कई मंत्री शामिल हुए।
-
03:21 PM, 25 May 2022
जाति आधारित जनगणना को लेकर सर्वदलीय बैठक एक जून को
बिहार के मंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा- बिहार में जाति आधारित जनगणना को लेकर सर्वदलीय बैठक एक जून को मुख्यमंत्री के नेतृत्व में पटना में होगी. राज्य में लगभग सभी दल शुरू से ही जाति आधारित जनगणना के पक्ष में रहे हैं।
-
02:53 PM, 25 May 2022
अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा पर बोले कश्मीर के IGP विजय कुमार
अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा को लेकर कश्मीर के IGP विजय कुमार ने बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि अमरनाथ यात्रा को लेकर हमने सुरक्षा को लेकर अब तक कई बार मीटिंग की है। हम तीन स्तरीय सुरक्षा प्रदान करेंगे। ड्रोन और CCTV कैमरों के जरिए गतिविधियों पर नजर रखेंगे। हम लोगों को सुरक्षित यात्रा उपलब्ध कराएंगे।
-
02:48 PM, 25 May 2022
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का बयान
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि गर्मी के दिन है, जल स्तर इतना नीचे है। चाहे, बस्तर, सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, चित्रकूट विधानसभा हो। कई इलाके हैं, जहां 1,000 फीट तक भी खोदने पर पानी नहीं मिल रहा है। बहुत ज़रूरी है कि यहां बांध बने, सिंचाई की व्यवस्था हो। उन्होंने कहा कछ संगठन यह नहीं चाहते हैं। जब तक बस्तर के लोग नहीं चाहेंगे बोधघाट परियोजना शुरू नहीं होगी।
-
02:44 PM, 25 May 2022
PDP अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने सरकार पर साधा निशाना
PDP अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने कहा कि पाकिस्तान में एक आदमी को लिंच किया गया तो वहां उन्होंने 6 आदमी को फांसी और एक दर्जन लोगों को उम्रकैद की सजा दी। यहां 2015 के बाद कितने लिंच हो गए लेकिन उनको हार पहनाया जाता है और सम्मान होता है। तो उस न्यायतंत्र और इस न्यायतंत्र में यही फर्क है।
-
02:42 PM, 25 May 2022
अखिलेश ने बोला योगी सरकार पर हमला
यूपी विधानसभा में सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि आज तक के इतिहास में अगर कोई सबसे विफल सरकार हुई है तो वह यह सरकार है। प्रदेश में अराजकता का माहौल, ध्वस्त कानून व्यवस्था, सामूहिक बालात्कार, नफरत, भ्रष्टाचार बढ़ाने वाली, विकास रोकने वाली, महंगाई को चरम सीमा पर पहुंचाने वाली यह सरकार है।
-
02:39 PM, 25 May 2022
शहीद पुलिसकर्मी को दी श्रद्धांजलि
जम्मू-कश्मीर पुलिस ने बारामूला के करेरी इलाके में आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में आज वीरगति को प्राप्त हुए पुलिसकर्मी को श्रद्धांजलि अर्पित की।
-
02:38 PM, 25 May 2022
PDP अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती का बयान
PDP अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इनके पास लोगों को देने के लिए कुछ नहीं है तो ऐसे में हिंदू-मुस्लिम का झगड़ा, मुस्लिमों को मरवाना, मस्जिदों पर कब्ज़ा करना रह गया है। मैं इनसे कहती हूं कि अगर आपके पास हिटलर की तरह कोई नुस्खा है तो बता दो कि आप मुसलमानों के साथ क्या करना चाहते हो।
-
01:29 PM, 25 May 2022
कैप्टन अभिलाषा बराक ने हासिल की उपलब्धि
कैप्टन अभिलाषा बराक सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूरा करने के बाद काम्बैट एविएटर के रूप में आर्मी एविएशन कार्प्स में शामिल होने वाली पहली महिला अधिकारी बनीं हैं। भारतीय सेना ने बताया कि उन्हें 36 सेना पायलट के साथ प्रतिष्ठित विंग से सम्मानित किया गया है।
-
01:25 PM, 25 May 2022
CM ममता बनर्जी ने जताया शोक
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने ट्वीट कर ओडिशा हादसे पर दुख जताया। उन्होंने कहा हमारा प्रशासन मृतकों के शीघ्र पोस्टमार्टम, घायलों के इलाज और उनकी वापसी के लिए ओडिशा के अधिकारियों के साथ समन्वय कर रहा है। प्रमुख सचिव, आपदा प्रबंधन और विधायक उदय के नेतृत्व में एक उच्च स्तरीय टीम को ओडिशा भेजा जा रहा है।
-
01:21 PM, 25 May 2022
यूपी विधानसभा में बोले सीएम योगी आदित्यनाथ
उत्तर प्रदेश विधानसभा में CM योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2017 में सरकार आने के बाद हमने हर जरूरतमंद के लिए जिसे खाद्यान से वंछित किया गया था, उसे राशन कार्ड उपलब्ध कराया। साथ ही सदी की सबसे बड़ी महामारी के दौरान उत्तर प्रदेश में सभी के लिए खाद्यान के किट के साथ फ्री राशन की भी व्यवस्था की गई।
-
01:09 PM, 25 May 2022
कपिल सिब्बल बोले- मैंने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में किया नामांकन
समाजवादी पार्टी के समर्थन से राज्यसभा का नामांकन भरने के बाद कपिल सिब्बल ने कहा कि मैंने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में राज्यसभा के लिए नामांकन भरा है। मैं अखिलेश यादव का आभारी हूं कि उन्होंने मेरा समर्थन किया। मैं आजम ख़ान के प्रति भी आभार प्रकट करता हूं।
-
01:05 PM, 25 May 2022
कांग्रेस सांसद कार्ति चिदंबरम की बढ़ी मुश्किलें
कांग्रेस सांसद कार्ति चिदंबरम से जुड़े वीजा घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय ने मनी लान्ड्रिंग का मामला दर्ज किया है।
-
12:48 PM, 25 May 2022
मोदी सरकार की खामियों को जनता के सामने रखूंगा- कपिल सिब्बल
राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल करने के बाद कपिल सिब्बल ने कहा कि मैं समझता हूं कि जब एक निर्दलीय की आवाज उठेगी तो लोगों को ऐसा लगेगा कि वे किसी पार्टी से नहीं जुड़े हुए हैं। हम विपक्ष में रहकर गठबंधन बनाना चाहते हैं ताकि हम मोदी सरकार का विरोध करें। उन्होंने कहा कि हम चाहते हैं कि 2024 में ऐसा माहौल बने कि मोदी सरकार की जो खामियां हैं, उसे जनता तक पहुंचाया जा सकें। मैं इसका प्रयास करूंगा।
-
12:45 PM, 25 May 2022
यासीन मलिक को NIA कोर्ट में पेश किया गया
टेरर फंडिंग मामले में यासीन मलिक को NIA कोर्ट में पेश किया गया। उन्हें NIA कोर्ट ने 19 मई को दोषी ठहराया था। NIA कोर्ट आज फैसला सुनाएगा।
#WATCH दिल्ली: टेरर फंडिंग मामले में यासीन मलिक को NIA कोर्ट में पेश किया गया। उन्हें NIA कोर्ट ने 19 मई को दोषी ठहराया था। pic.twitter.com/HNrsz6YqvY
— ANI_HindiNews (@AHindinews) May 25, 2022 -
12:41 PM, 25 May 2022
मैंने 16 मई को दिया था कांग्रेस से इस्तीफा- कपिल सिब्बल
राज्यसभा के लिए समाजवादी पार्टी से नामांकन दाखिल करने के बाद कपिल सिब्बल ने बयान दिया। उन्होंने कहा कि मैंने 16 मई को कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा दे दिया था।
-
12:35 PM, 25 May 2022
कपिल सिब्बल के नामांकन पर बोले अखिलेश यादव
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कपिल सिब्बल के नामांकन पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की तरफ से वरिष्ठ नेता कपिल सिब्बल को राज्यसभा की सदस्यता के लिए नामंकन किया। वे समाजवादी पार्टी के समर्थन से राज्यसभा जा रहे हैं। पहला नामंकन हुआ है। राज्यसभा के लिए दो अन्य लोगों के नाम बहुत जल्द घोषित हो जाएंगे।
-
12:25 PM, 25 May 2022
कपिल सिब्बल ने सपा से राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल किया
कांग्रेस नेता कपिल सिब्बल ने लखनऊ में समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव की मौजूदगी में राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल कर दिया है।
#WATCH | Uttar Pradesh: Congress leader Kapil Sibal files nomination for Rajya Sabha election, in the presence of Samajwadi Party (SP) chief Akhilesh Yadav, in Lucknow. pic.twitter.com/8yRDoSwE3g
— ANI UP/Uttarakhand (@ANINewsUP) May 25, 2022 -
12:20 PM, 25 May 2022
संजय राउत ने तमिलनाडु सरकार पर उठाए सवाल
पूर्व पीएम राजीव गांधी की हत्या के अपराधी से तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन की मुलाकात पर संजय राउत ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु की राजनीति क्या है सबको मालूम है। राजीव गांधी इस देश के नेता थे, जिन्होंने देश के लिए शहादत दी। तमिलनाडु में ही उनकी हत्या हुई थी। राज्य के मुख्यमंत्री अगर उनके हत्यारों को इस तरह से सम्मानित करते हैं तो मुझे लगता है कि वो हमारी संस्कृति और नैतिकता नहीं है।
-
12:17 PM, 25 May 2022
दिल्ली की अदालत सुनाएगी फैसला
दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट टेरर फंडिंग के लिए दोषी आतंकी यासीन मलिक को बुधवार को सजा सुनाएगी। एनआइए के विशेष न्यायाधीश प्रवीण सिंह की अदालत में सजा पर जिरह होगी और इसके बाद अदालत अपना निर्णय सुनाएगी। इससे पहले विशेष अदालत ने 19 मई को मलिक को दोषी करार दिया था। पूरी खबर यहां क्लिक कर पढ़ें।
-
12:08 PM, 25 May 2022
पीएम मोदी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक
जापान के दौरे के बाद दिल्ली पहुंचे पीएम नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में आज कैबिनेट की बैठक हुई।
#WATCH | PM Narendra Modi arrived in Delhi early morning today after his tour of Japan, immediately on arrival held a Cabinet meeting today. pic.twitter.com/7UMXSg0uks
— ANI (@ANI) May 25, 2022 -
11:58 AM, 25 May 2022
असम में बाढ़ के कारण दो और लोगों ने गवाई जान
असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने जानकारी देते हुए बताया कि राज्य में पिछले 24 घंटे में बाढ़ की घटनाओं में 2 लोगों की मृत्यु हो गई। 18 जिलों में बाढ़ की सूचना है। पिछले 24 घंटे में भूस्खलन की कोई घटना नहीं हुई है।
-
11:52 AM, 25 May 2022
मध्य प्रदेश में बीते 24 घंटे में मिले 50 नए केस
मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने राज्य में कोविड-19 की स्थिति को लेकर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राज्य में कोविड के 50 नए मामले सामने आए हैं। इस दौरान 43 लोग ठीक हुए। कुल सक्रिय मामले 296 हैं। संक्रमण दर 0.68% है, जबकि रिकवरी दर 98.7% है। पिछले 24 घंटे में राज्य में 35,942 लोगों का वैक्सीनेशन हुआ है। उन्होंने बताया कि अब तक राज्य में कुल 11,86,22,145 लोगों का वैक्सीनेशन हुआ है। कोई भी पुलिसकर्मी पिछले 24 घंटे में संक्रमित नहीं हुआ है।
-
11:48 AM, 25 May 2022
भारतीय नौसेना-बांग्लादेशी नौसेना के बीच शुरु हुआ अभ्यास
भारतीय नौसेना-बांग्लादेशी नौसेना के बीच द्विपक्षीय अभ्यास बोंगोसागर का तीसरा संस्करण आज बांग्लादेश के पोर्ट मोंगला में शुरू हो गया है। अभ्यास का हार्बर चरण 24-25 मई से निर्धारित है, जिसके बाद 26-27 मई तक बंगाल की उत्तरी खाड़ी में एक समुद्री चरण होगा।
-
11:43 AM, 25 May 2022
मुठभेड़ में मारे गए तीन आतंकवादी
IGP कश्मीर विजय कुमार ने बताया कि मुठभेड़ में तीन पाकिस्तानी आतंकवादी मारे गए हैं और जम्मू-कश्मीर पुलिस के एक जवान शहीद हुआ है।
-
11:37 AM, 25 May 2022
राहुल भट्ट की हत्या के विरोध में कश्मीरी पंडितों का प्रदर्शन जारी
जम्मू-कश्मीर के चदूरा तहसील कार्यालय के कर्मचारी राहुल भट्ट की हत्या के विरोध में कश्मीरी पंडितों का प्रदर्शन जारी है। बता दें कि भट्ट की 12 मई को आतंकवादियों ने उनके कार्यालय में गोली मारकर हत्या कर दी थी।
-
11:30 AM, 25 May 2022
श्रीलंका के प्रधानमंत्री ने ली वित्त मंत्री पद की शपथ
न्यूज़वायर रिपोर्ट के अनुसार, श्रीलंका के प्रधानमंत्री रानिल विक्रमसिंघे ने वित्त मंत्री के रूप में शपथ ली।
-
11:25 AM, 25 May 2022
CBI के सामने पेश हुए ममता बनर्जी के मंत्री पार्थ चटर्जी
एसएससी भर्ती घोटाले मामले में पश्चिम बंगाल के मंत्री पार्थ चटर्जी कोलकाता में स्थित सीबीआई कार्यालय पहुंचे।
-
11:14 AM, 25 May 2022
ओडिशा में छह लोगों की मौत
ओडिशा के गंजम में कलिंग घाट के पास एक बस के पलट जाने से छह लोगों की मौत हो गई और 40 से अधिक घायल हो गए हैं। अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि पश्चिम बंगाल के पर्यटक दरिंगबाड़ी से लौट रहे थे। तभी ये हादसा हुआ है।
-
10:43 AM, 25 May 2022
शिवपाल यादव ने UP विधानसभा में सीट बदलने का किया आग्रह
प्रगतिशील समाजवादी पार्टी-लोहिया के अध्यक्ष और विधायक शिवपाल सिंह यादव ने उत्तर प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष से अपनी सीट बदलने का आग्रह किया है। शिवपाल यादव ने यूपी विधानसभा के प्रमुख सचिव को पत्र लिखकर सीट बदलने की मांग की थी।
-
10:40 AM, 25 May 2022
उत्तराखंड के सीएम ने कोटगाड़ी मंदिर में पूजा की
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पिथौरागढ़ के पांखू में कोटगाड़ी मंदिर में पूजा की।
-
10:37 AM, 25 May 2022
कर्नाटक में स्कूल के बाहर लिखा 'सॉरी'
कर्नाटक में एक निजी स्कूल के परिसर और उसके आसपास की सड़क पर किसी शख्स ने सॉरी लिखा है। डीसीपी वेस्ट बेंगलुरु डा संजीव पाटिल ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में बाइक सवार दो लोग नजर आए हैं। उनकी पहचान करने और उनका पता लगाने के प्रयास जारी हैं।
-
10:16 AM, 25 May 2022
स्पाइसजेट पर हुआ रैनसमवेयर अटैक
स्पाइसजेट पर साइबर हमले की बात सामने आई है। कुछ स्पाइसजेट सिस्टम को बीती रात रैनसमवेयर हमले के प्रयास का सामना करना पड़ा है। इस हमले के चलते आज सुबह की कई उड़ानें प्रभावित हुई हैं। कंपनी का कहना है कि आईटी टीम ने स्थिति पर काबू पा लिया है और उसे ठीक कर लिया है और उड़ानें अब सामान्य रूप से चल रही हैं। पूरी खबर यहां क्लिक कर पढ़ें।
-
10:14 AM, 25 May 2022
भीषण जल संकट से जूझ रहा हिरिदपाड़ा गांव
महाराष्ट्र के नासिक जिले के हिरिदपाड़ा गांव के निवासियों को भीषण जल संकट का सामना करना पड़ रहा है। एक स्थानीय ने बताया कि बाहर के लोग नहीं चाहते कि यहां पानी की समस्या के कारण हमारे गांव में उनके बच्चों की शादी हो और कई लोग इस समस्या के कारण गांव छोड़ कर चले गए हैं।
-
10:11 AM, 25 May 2022
प्रवर्तन निदेशालय ने शिवसेना नेता यशवंत जाधव को किया तलब
आर्थिक खुफिया एजेंसी ने बताया कि प्रवर्तन निदेशालय ने विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम नियमों के कथित उल्लंघन के संबंध में पूछताछ के लिए शिवसेना नेता यशवंत जाधव को तलब किया है।
-
10:04 AM, 25 May 2022
कोकिली नदी के कारण 250 गांव हुए प्रभावित
असम के नागांव के उपायुक्त निसर्ग हिवारे ने बताया कि यहां बाढ़ की स्थिति थोड़ी खराब थी, क्योंकि दिमासा जिले में काफी मात्रा में बारिश हुई थी, जिस कारण कोकिली नदी अपने खतरे के निशान और हाई फ्लड लेवल के काफी ऊपर बह रही थी। इस वजह से 250 गांव प्रभावित हुए हैं। अभी तक 6 मृत्यु दर्ज की गई है। इस बाढ़ की स्थिति में SDRF, NDRF और रेलवे ने रेस्क्यू में काफी मदद की। अभी 162 राहत शिविर और राहत आश्रय है, जिसमें लगभग 20 हजार लोगों को हर जरूरी साधन हम पहुंचा चुकें हैं।
-
09:50 AM, 25 May 2022
कर्नाटक कांग्रेस महासचिव कविता रेड्डी ने पार्टी पर उठाए सवाल
कर्नाटक कांग्रेस महासचिव कविता रेड्डी ने वीडियो जारी कर पार्टी पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि यह बेहद अनुचित और परेशान करने वाला है जब 50 फीसद आबादी को नजरअंदाज कर दिया जाता है। कर्नाटक कांग्रेस ने लगातार तीसरी बार विधान परिषद में महिलाओं का प्रतिनिधित्व नहीं दिया है। उन्होंने कहा कि जब पुरुषों को इतने अवसर मिलते हैं तो महिलाओं को क्यों नहीं? क्या वे कांग्रेस पार्टी में नेतृत्व का प्रतिनिधित्व नहीं करते हैं? जब महिलाओं को अवसर नहीं दिया जाता है तो आप उनसे कैसे आगे बढ़ने की उम्मीद करते हैं? उम्मीद है सुधार किया जाएगा।
-
09:31 AM, 25 May 2022
देश में 24 घंटे में मिले COVID-19 के 2,124 नए केस
भारत में पिछले 24 घंटे में COVID-19 के 2,124 नए मामले सामने आए हैं। इस दौरान 1,977 लोग डिस्चार्ज हुए और 17 लोगों की मृत्यु दर्ज की गई।
कुल सक्रिय मामले: 14,971
कुल पॉजिटिविटी दर: 0.46% -
09:09 AM, 25 May 2022
जाति आधारित जनगणना की मांग को लेकर आज भारत बंद
अखिल भारतीय पिछड़ा और अल्पसंख्यक समुदाय कर्मचारी महासंघ (BAMCEF) ने जाति आधारित जनगणना की मांग को लेकर आज भारत बंद का आह्वान किया है। अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के लिए जाति आधारित जनगणना नहीं करने के लिए केंद्र के विरोध में हड़ताल का आह्वान किया गया है। फेडरेशन निजी क्षेत्र में एससी/एसटी/ओबीसी समुदायों के लिए आरक्षण की भी मांग कर रहा है।
-
09:07 AM, 25 May 2022
केदारनाथ में बर्फबारी से बदला मौसम का मिजाज
उत्तराखंड के केदारनाथ मंदिर और आसपास के इलाकों में बर्फबारी से तापमान में गिरावट हुई है।
#WATCH उत्तराखंड: केदारनाथ मंदिर और आसपास के इलाकों में बर्फबारी से तापमान में गिरावट हुई। pic.twitter.com/ODkaDdREWH
— ANI_HindiNews (@AHindinews) May 25, 2022 -
08:47 AM, 25 May 2022
भीषण गर्मी से लोगों को मिली राहत
दिल्ली, यूपी, बिहार, पंजाब, हरियाणा, एमपी झारखंड सहित कई राज्यों में तापमान 10 डिग्री सेल्सियस तक की कमी आ गई है। मौसम विभाग के मुताबिक इन सभी इलाकों में अगले कुछ दिनों तक मौसम सुहावना बना रहेगा। मौसम विभाग के मुताबिक बुधवार को भी कई जगहों पर बारिश हो सकती है। फिलहाल पश्चिम और मध्य भारत में गर्मी का दौर बना रहेगा। पूरी खबर यहां क्लिक कर पढ़ें।
-
08:23 AM, 25 May 2022
मंगलुरु के मलाली में स्थित जुमा मस्जिद के पास धारा 144 लागू
कर्नाटक के मंगलुरु के मलाली में स्थित जुमा मस्जिद के आसपास 500 मीटर के दायरे में पुलिस ने धारा-144 लागू कर दी है। साथ ही पुलिस ने मस्जिद के पास भारी पुलिस बल की तैनाती की है। बता दें कि कथित तौर पर मस्जिद के नीचे एक हिंदू मंदिर जैसा वास्तुशिल्प डिजाइन मिला था। जिसके बाद से ही मामला तूल पकड़ने लगा है।
-
08:17 AM, 25 May 2022
ईडी का दावा- पूछताछ के लिए पेश नहीं हुआ नवाब मलिक का परिवार
ईडी ने चार्जशीट में कहा कि महाराष्ट्र के मंत्री नवाब मलिक के दोनों बेटों और पत्नी को पूछताछ के लिए बुलाया गया था, लेकिन उनमें से कोई भी पेश नहीं हुआ। ईडी के मुताबिक, नवाब मलिक की पत्नी को दो बार समन, उनके बेटे फराज मलिक को मनी लान्ड्रिंग मामले में 5 बार तलब किया गया है।
-
08:00 AM, 25 May 2022
गंभीर बिजली संकट में डूब सकता है राजस्थान- CMD आर के शर्मा
राजस्थान राज्य विधुत उत्पादन निगम के CMD आर के शर्मा ने बताया कि राजस्थान ही नहीं पूरे देश में कोयले का संकट है। नियमानुसार हर बिजली संयंत्र में लगभग 25 से 26 दिनों का कोयला भंडार होना चाहिए, लेकिन आज हमारे पास हर संयंत्र में केवल 5-6 दिन का कोयला बचा है। हमें परसा और परसा पूर्व केंटे बेसिन चरण 2 कोयला खदान से खनन करने की अनुमति नहीं दी जा रही है। अगर हमें ऐसा करने की अनुमति नहीं दी गई तो राजस्थान गंभीर बिजली संकट में डूब जाएगा।
-
07:55 AM, 25 May 2022
दिल्ली पुलिस ने शार्पशूटर संदीप को गिरफ्तार किया
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने नरेला में एनकाउंटर के बाद जितेंद्र गोगी दीपक बाक्सर गैंग के शार्पशूटर संदीप को गिरफ्तार कर लिया है। दिल्ली पुलिस ने बताया कि उनके पैर में गोली लगी है। आरोपी के पास से एक सेमी-आटोमैटिक पिस्टल बरामद की गई है।
-
07:39 AM, 25 May 2022
बिहार में जाति जनगणना को लेकर होगी बैठक- शिक्षा मंत्री
बिहार के शिक्षा मंत्री विजय कुमार चौधरी ने बताया कि बिहार में जाति आधारित जनगणना को राज्य सरकार के माध्यम से कराने के विमर्श से एक जून को सर्वदलीय बैठक की जाएगी। सभी दलों से इस बारे में परामर्श भी किया गया है। ये बैठक मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में होगी।
-
07:35 AM, 25 May 2022
संयुक्त राष्ट्र महासचिव ने टेक्सास की घटना पर जताया दुख
संयुक्त राष्ट्र महासचिव ने टेक्सास की घटना पर दुख जताया है। संयुक्त राष्ट्र महासचिव के प्रवक्ता ने बताया कि उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है। वह टेक्सास के उवाल्डे के एक प्राथमिक विद्यालय में जघन्य सामूहिक गोलीबारी से दुखी हैं। यह विशेष रूप से हृदय विदारक है कि अधिकांश मृतक बच्चे हैं।
-
07:25 AM, 25 May 2022
उत्तर कोरिया ने दागी बैलिस्टिक मिसाइल
समाचार एजेंसी एएफपी के मुताबिक, सियोल की सेना का कहना है कि उत्तर कोरिया ने आज तड़के मिसाइल परीक्षण के हिस्से के रूप में संदिग्ध अंतरमहाद्वीपीय बैलिस्टिक मिसाइल दागी है।
-
07:12 AM, 25 May 2022
इंदौर में फरवरी के बाद हुई कोरोना से एक मृत्यु
इंदौर के CHMO डा बीएस सेठिया ने बताया कि फरवरी के बाद से कोरोना से एक भी मृत्यु नहीं हुई थी, लेकिन कल एक महिला की कोरोना के कारण मृत्यु हुई है। महिला का पहले से कई बीमारियों का इलाज चल रहा था, कल कोरोना के 5 मरीज आए हैं। आने वाले दिनों के लिए हम और भी ज्यादा सतर्क हो गए हैं।
-
07:03 AM, 25 May 2022
अमेरिकी राष्ट्रपति ने घटना पर जताया दुख
टेक्सास के एक प्राथमिक स्कूल में हुई गोलीबारी में 18 बच्चों व 3 वयस्कों की मृत्यु पर अमेरिका के राष्ट्रपति का बयान आया है। उन्होंने कहा कि एक राष्ट्र के रूप में हमें पूछना होगा कि भगवान के नाम पर हम कब बंदूक की लाबी के खिलाफ खड़े होंगे और हमें क्या करने की जरूरत है। राष्ट्रपति ने दुख जताते हुए कहा कि अब जो बच्चे इस गोलीबारी में मारे गए हैं उनके मां-बाप अब कभी भी अपने औलाद को नहीं देख पाएंगे। इस तरह की सरेआम और वीभत्सव गोलीबारी शायद ही कहीं दुनिया में होती होंगी।
-
06:57 AM, 25 May 2022
अमेरिका में गोलीबारी में 18 बच्चों की मौत
अमेरिका के टेक्सास के एक प्राथमिक विद्यालय में गोलीबारी में 18 बच्चों समेत 3 अन्य की मौत हो गई। जबकि हललावर भी मारा गया है। इस घटना पर अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने दुख जताया है।