नई दिल्ली, एजेंसियां। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज जापान के दौरे पर रवाना होंगे। पीएम मोदी 23-24 मई को जापान की राजधानी टोक्यो में रहेंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री क्वाड नेताओं की शिखर बैठक में शिरकत करेंगे। केंद्र सरकार ने पेट्रोल एवं डीजल पर लगने वाले उत्पाद शुल्क में बड़ी कटौती करने का एलान किया है। वित्त मंत्री ने पेट्रोल एवं डीजल पर लगने वाले उत्पाद शुल्क में क्रमशः आठ रुपये एवं छह रुपये प्रति लीटर की कटौती करने की घोषणा की। साथ ही उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों के लिए भी सब्सिडी का एलान किया है। साथ ही उत्तर पश्चिमी भारत में ताजा पश्चिमी विक्षोभ के कारण रविवार से बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की उम्मीद है। मौसम विभाग के मुताबिक, राजधानी दिल्ली में अगले चार दिनों तक बारिश और बूंदाबांदी की गतिविधियां के चलते गर्मी से राहत रहेगी।
-
03:56 PM, 22 May 2022
केंद्र के फैसले का मणिपुर के मुख्यमंत्री ने किया स्वागत
केंद्र सरकार की तरफ से पेट्रोल-डीजल पर एक्साइज ड्यूटी कम करने पर मणिपुर के मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह ने कहा कि मैं प्रधानमंत्री का स्वागत करना चाहता हूं कि उन्होंने देश की आम जनता के बारे में सोचकर इतना बड़ा फैसला लिया।
-
03:25 PM, 22 May 2022
केंद्र सरकार के फैसले CM प्रमोद सावंत ने किया स्वागत
गोवा के CM प्रमोद सावंत ने कहा कि केंद्र सरकार के इस फैसले का मैं स्वागत करता हूं। इससे आम जनता को राहत मिलेगी। पहले भी जिन राज्यों में भाजपा की सरकार है वहां पेट्रोल-डीज़ल का दाम कम किया गया था। गैर-भाजपा शासित राज्यों को भी दाम कम करके जनता को राहत देनी चाहिए।
-
03:18 PM, 22 May 2022
CM मनोहर लाल खट्टर का बयान
CM मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि PM ने पेट्रोलियम पदार्थों की बढ़ती कीमत में कटौती करने का फैसला लिया है। डीजल में 7 रुपए प्रति लीटर, पेट्रोल में 9.5 रुपए प्रति लीटर और उज्ज्वला योजना में घरेलू सिलेंडर में 200 रुपए प्रति सिलेंडर कमी की है इसके लिए मैं PM का आभार प्रकट करता हूं।
-
02:48 PM, 22 May 2022
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर का बयान
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि दुनिया में जिस तरह से कच्चे तेल के दाम बढे हैं। उसका असर भारत में भी पड़ना ही था। जनता के हितों को ध्यान में रखते हुए तेल की एक्साइज ड्यूटी में कटौती की गई। आशा है कि राज्य भी अपने यहां टैक्स में कटौती करेंगे। ताकि आम नागरिकों पर प्रभाव न पड़े।
-
02:22 PM, 22 May 2022
दावोस में महाराष्ट्र पवेलियन का उद्घाटन
स्विट्जरलैंड के दावोस में महाराष्ट्र पवेलियन का आज उद्घाटन किया गया। महाराष्ट्र के मंत्री आदित्य ठाकरे ने आज राज्य के मंत्रियों सुभाष देसाई और नितिन राउत के साथ इसका उद्घाटन किया। महाराष्ट्र के मंत्री आदित्य ठाकरे ने उद्घाटन के बाद ट्वीट किया इस साल दावोस में महाराष्ट्र की मजबूत उपस्थिति है और हम इसे महाराष्ट्र के लिए सभी वैश्विक प्लेटफार्मों पर बेहतर बनाना चाहते हैं। एक मजबूत भारत के लिए एक मजबूत महाराष्ट्र बहुत जरूरी है। पूरी खबर यहां क्लिक कर पढ़ें।
-
02:20 PM, 22 May 2022
पीएम मोदी के दौरे की भारतीय राजदूत ने दी जानकारी
जापान में भारतीय राजदूत एसके वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 23 मई को यहां पहुंचेंगे और बिजनेस लीडर्स के साथ-साथ बिजनेस सीईओ के साथ वन-टू-वन फार्मेट में बातचीत करेंगे। इसके बाद, एक भारतीय प्रवासी समुदाय का कार्यक्रम होगा और 24 मई का दिन क्वाड मीटिंग के लिए समर्पित रहेगा।
-
02:05 PM, 22 May 2022
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया विरोध-प्रदर्शन
कोलकाता में कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने बढ़ती कीमतों और मुद्रास्फीति के मुद्दों पर मोदी सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।
-
01:54 PM, 22 May 2022
चारधाम यात्रा के दौरान 57 तीर्थयात्रियों की हुई मौत
उत्तराखंड में 3 मई से शुरु हुई चारधाम यात्रा में अब तक 57 तीर्थयात्रियों की मौत हो चुकी है। डीजी स्वास्थ्य डा शैलजा भट्ट ने बताया कि चारधाम यात्रा मार्गों पर तीर्थयात्रियों की स्वास्थ्य जांच की जा रही है।
-
01:49 PM, 22 May 2022
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में लू का कहर जारी
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में लू का कहर जारी है। भीषण गर्मी से पर्यटक भी परेशान हो रहे हैं। एक व्यक्ति ने बताया हम घूमने आए हैं लेकिन, बहुत गर्मी है। गर्मी से बचने के लिए मैंने टोपी लगा रखी है। इसके साथ बैग में पानी की बोतल भी रखी हुई है।
-
01:31 PM, 22 May 2022
दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल से मिले तेलंगाना के मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव
तेलंगाना के मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास पर उनसे मुलाकात की।
-
01:26 PM, 22 May 2022
सीएम योगी ने विधान भवन में सर्वदलीय बैठक की
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में विधान भवन में सर्वदलीय बैठक की।
-
01:24 PM, 22 May 2022
23-24 मई को जापान दौरे पर रहेंगे पीएम मोदी
जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा के निमंत्रण पर 23-24 मई तक प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जापान का दौरा करेंगे। जापान में पीएम मोदी दूसरे व्यक्तिगत क्वाड लीडर्स समिट में भाग लेंगे। इस समिट में क्वाड के 4 देशों के नेता क्वाड में हो रही प्रगति की समीक्षा करेंगे।
-
01:22 PM, 22 May 2022
बम निरोधक दस्ते ने बमों को किया निष्क्रिय
बम निरोधक दस्ते ने पश्चिम बंगाल के पुरबा मेदिनीपुर में बक्चा के होगला वन क्षेत्र में कल मिले बमों को निष्प्रभावी कर दिया है।
#WATCH Bomb Disposal Squad neutralises bombs which were found yesterday in Hogla forest area of Bakcha in Purba Medinipur, West Bengal pic.twitter.com/xOLnTNvoXc
— ANI (@ANI) May 22, 2022 -
12:31 PM, 22 May 2022
CM शिवराज सिंह चौहान ने राहुल गांधी पर उठाए सवाल
मध्य प्रदेश के CM शिवराज सिंह चौहान ने राहुल गांधी पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी देश के सबसे असफल, कुंठित और हताश-निराश नेता हैं। विदेशी धरती पर जाकर कोई देशभक्त नेता राहुल गांधी की तरह देशविरोधी बयान नहीं देता है। ऐसा बयान देकर राहुल गांधी ने अपनी देशभक्ति और राष्ट्र निष्ठा पर प्रश्न चिन्ह खड़ा कर दिया है। हमने कभी भी विदेश में जाकर देश की आलोचना नहीं की है। आश्चर्च है कि इसी नेता को कुछ नेता कांग्रेस का अध्यक्ष बनाने की मुहिम चलाए हुए हैं तो फिर तो कांग्रेस का भगवान ही मालिक है।
-
12:27 PM, 22 May 2022
अयोध्या दौरे पर बोले राज ठाकरे
मनसे प्रमुख राज ठाकरे ने अपने अयोध्या दौरे को लेकर भी प्रतिक्रिया दी। राज ठाकरे ने कहा कि दो दिन पहले, मैंने अपनी अयोध्या यात्रा स्थगित करने के बारे में ट्वीट किया था। मैंने जानबूझकर बयान दिया ताकि सभी को अपनी प्रतिक्रिया देने की अनुमति मिल सके। जो लोग मेरी अयोध्या यात्रा के खिलाफ थे, वे मुझे फंसाने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन मैंने इस विवाद में नहीं पड़ने का फैसला किया। राज ठाकरे ने आगे कहा कि मैं प्रधानमंत्री से अनुरोध करता हूं कि जल्द से जल्द समान नागरिक संहिता कानून लाए, जनसंख्या नियंत्रण पर भी कानून लाए और औरंगाबाद का नाम बदलकर संभाजीनगर कर दिया जाए।
-
12:21 PM, 22 May 2022
मनसे प्रमुख राज ठाकरे का बयान
मनसे प्रमुख राज ठाकरे ने कहा कि जब मैंने अपने कार्यकर्ताओं को लाउडस्पीकर पर हनुमान चालीसा बजाने के लिए कहा, तो राणा दंपत्ति (रवि और नवनीत राणा) ने कहा कि वे मातोश्री में हनुमान चालीसा का पाठ करेंगे। क्या मातोश्री एक मस्जिद है? बाद में शिवसैनिकों और राणा दंपत्ति के बीच क्या हुआ, सभी जानते हैं।
-
12:07 PM, 22 May 2022
अमित शाह ने साधा कांग्रेस पर निशाना
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि कांग्रेसी मित्र बोलते हैं कि 8 साल हो गए मोदी जी ने क्या किया? ये कांग्रेस वाले आंख बंद करके विकास को ढूंढ रहे हैं। राहुल बाबा आंख खोल दो, इटालियन चश्मा निकाल दो और भारतीय चश्मा पहन लो तो मालूम पड़ेगा कि 8 साल में क्या हुआ है।
-
12:04 PM, 22 May 2022
अरुणाचल प्रदेश को गृह मंत्री अमित शाह ने दी सौगात
अरुणाचल प्रदेश दौरे पर पहुंचे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने नामसाई में विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।
-
12:02 PM, 22 May 2022
'आज हमारे स्टार्टअप को अपने भविष्य के तौर पर देख रही है दुनिया'
पीएम मोदी ने कहा कि आज हमारे स्टार्टअप को दुनिया अपने भविष्य के तौर पर देख रही है। हमारे उद्योग और मेक इन इंडिया वैश्विक विकास के लिए उम्मीद की किरण बन रहे हैं। हमें इन संकल्पों के लिए लक्ष्य बनाकर काम करना होगा। मैं चाहूंगा कि हमारे आध्यात्मिक केंद्र इसमें प्रेरणा के केंद्र बने।
-
11:59 AM, 22 May 2022
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बोले
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी श्री गणपति सच्चिदानंद स्वामी के 80वें जन्मदिन समारोह में वीडियो कान्फ्रेंसिंग के जरिए शामिल हुए। उन्होंने कहा गणपति सच्चिदानंद स्वामी जी का जीवन एक उदाहरण है। देश और दुनिया के अलग-अलग कोनों में कई आश्रम, इतनी बड़ी संस्था, अलग-अलग प्रकल्प। लेकिन सब की दिशा और धारा एक ही है। जीव मात्र की सेवा और जीव मात्र का कल्याण है।
-
11:35 AM, 22 May 2022
केंद्र सरकार के फैसले पर बोले केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत
केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि केंद्र सरकार ने तेल पर एक्साइज ड्यूटी कम कर दी है और गैस सिलेंडर पर भी 200 रुपए कम किए हैं। राजस्थान सरकार ने भी तेल की कीमतों में कटौती करके छोटा सा प्रयास किया है, लेकिन अभी भी राजस्थान के चारों तरफ के प्रदेशों में सस्ती दर पर पेट्रोल और डीजल बिक रहा है। इसलिए राजस्थान सरकार को और बड़ी कटौती करनी चाहिए।
-
11:33 AM, 22 May 2022
गुजरात में एक फार्मा कंपनी में लगी आग
गुजरात के गांधीनगर जिले में एक फार्मा कंपनी में आग लग गई। घटना की जानकारी मिलते ही दमकल की 10 गाड़ियां मौके पर पहुंच गई है। गांधीनगर दमकल सेवा का कहना है कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना के समय कंपनी परिसर में कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था, लेकिन आग बुझाने के बाद ही इसकी पुष्टि की जा सकती है।
-
11:30 AM, 22 May 2022
शिवसेना नेता संजय राउत का बयान
शिवसेना नेता संजय राउत ने केंद्र सरकार के फैसले पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने टैक्स कम करने से पहले कितना टैक्स बढ़ाया था। सरकार ने 15 रुपए बढ़ाए और 9 रुपए कम किया तो केंद्र के ट्रेजरी में जितना पैसा है उसमें से थोड़ा दे रहे हैं। राज्य सरकार की जो जिम्मेदारी है वो राज्य सरकार कर लेगी। उन्होंने कहा कि 40 साल से कितनी सरकार केंद्र में आई और चली गई, सबके मुंह में एक ही नाम है दाऊद। केंद्र सरकार को मालूम है कि दाऊद कहां, किस स्थिति में है तो पाकिस्तान जाइए और उसे पकड़ कर मुंबई लाइए। वो मुंबई बाम्ब ब्लास्ट का सबसे बड़ा गुनहगार है।
-
11:27 AM, 22 May 2022
पुलिस ने पांच परिवारों के घरों को किया ध्वस्त
असम के नागांव जिला प्रशासन ने कल 21 मई को बटादराबा पुलिस थाने में कथित रूप से आग लगाने वाले पांच परिवारों के घरों को ध्वस्त कर दिया है।
-
11:25 AM, 22 May 2022
पुलिस स्टेशन पर हुए हमले पर बोले असम के DGP
असम के DGP ने बताया कि असामाजिक तत्वों ने कानून को अपने हाथ में लिया और पुलिस स्टेशन को जला दिया। हमें नहीं लगता है कि ये मृतकों के शोकग्रस्त रिश्तेदार हैं, लेकिन जैसा कि हमने पहचाना है, वे बुरे चरित्र और उनके रिश्तेदार आपराधिक रिकार्ड वाले थे। बता दें कि असम के नागांव में पुलिस हिरासत में एक व्यक्ति की कथित तौर पर मौत होने के बाद भीड़ ने पुलिस स्टेशन पर हमला किया और उसमें आग लगा दी थी।
#WATCH असम: नागांव में पुलिस हिरासत में एक व्यक्ति की कथित तौर पर मौत होने के बाद भीड़ ने पुलिस स्टेशन पर हमला किया और उसमें आग लगा दी। pic.twitter.com/m1m4sfhS9E
— ANI_HindiNews (@AHindinews) May 21, 2022 -
11:03 AM, 22 May 2022
राहुल गांधी के बयान पर मुख्तार अब्बास नकवी ने साधा निशाना
लंदन में राहुल गांधी द्वारा भारत की विदेश नीति पर दिए गए बयान पर केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की मंडली ने उनकी पार्टी को देश की पार्टी से मौहल्ले की पार्टी बना दिया है। मानसिक रूप से स्वस्थ व्यक्ति इस तरह से देश को बदनाम करने वाली बातें कभी नहीं कर सकता है। देश में उन्हें सुनने वाला कोई नहीं है तो इसलिए वे विदेश में जाकर मनगढ़ंत कहानियां बोल रहे हैं।
-
10:53 AM, 22 May 2022
केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने जोधपुर में बाइक रैली निकाली
केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने जोधपुर में बाइक रैली निकाली। उन्होंने कहा आदमी को हमेशा जवान बने रहना चाहिए। उसे प्रयास करना चाहिए कि उम्र के साथ उसका जोश और जज़्बात कम न हो। देश का युवा अगले 25 साल तक के लिए खुद को देश के लिए समर्पित करें।
-
10:25 AM, 22 May 2022
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने किया स्वर्ण शिवालय का दौरा
अरुणाचल प्रदेश दौरे पर पहुंचे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने नमसाई में स्वर्ण शिवालय का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने वहां प्रार्थना की।
-
10:19 AM, 22 May 2022
भगवंत मान ने साइकिल रैली को दिखाई हरी झंडी
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने आज संगरूर में नशे के खिलाफ साइकिल रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
-
10:07 AM, 22 May 2022
किदांबी श्रीकांत बोले- प्रधानमंत्री से बात करना गर्व की बात
थामस कप चैंपियन किदांबी श्रीकांत ने कहा कि हमारे एथलीटों को यह कहते हुए हमेशा गर्व होगा कि हमें अपने प्रधानमंत्री का समर्थन प्राप्त है। यह अतुलनीय है। जिस तरह से उन्होंने हमारे मैच के ठीक बाद हमसे बात की, उससे मैं बहुत खुश हूं। यह सभी खिलाड़ियों को अच्छा प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगा।
-
10:00 AM, 22 May 2022
पीएम मोदी बोले- आपने सात दशकों का इंतजार खत्म किया
पीएम मोदी ने खिलाड़ियों से बातचीत के दौरान कहा कि सभी खिलाड़ियों ने देश की शान को बढ़ा दिया है मैं देश की ओर से पूरी टीम को बधाई देता हूं। यह कोई छोटी उपलब्धि नहीं है। और इस कप से खिलाड़ियों ने यह बताया है कि एक हार से कुछ नहीं होता अगर आपमें कुछ करने का जज्बा है तो सब मुमकिन है। पीएम ने कहा कि किसी भी टूर्नामेंट में कोई भी निर्णायक मैच सांस खींच लेने वाला होता है। इसपर खिलाड़ियों ने कहा कि मैच चाहे पहला हो या अंतिम हमने हमेशा देश की जीत को देखा। पूरी खबर यहां क्लिक कर पढ़ें।
-
09:57 AM, 22 May 2022
24 घंटे में मिले COVID-19 के 2,226 नए केस
भारत में पिछले 24 घंटे में COVID-19 के 2,226 नए मामले सामने आए हैं। देश में सक्रिय मामले 14,955 हैं।
-
09:38 AM, 22 May 2022
खिलाड़ियों से बातचीत में बोले पीएम मोदी
थामस कप और उबर कप के बैडमिंटन चैंपियन के साथ बातचीत के दौरान पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि मैं देश की ओर से पूरी टीम को बधाई देता हूं। यह कोई छोटी उपलब्धि नहीं है।
#WATCH "I congratulate the whole team on behalf of the nation. This is not a small feat," says PM Narendra Modi during his interaction with badminton champions of the Thomas Cup and Uber Cup
— ANI (@ANI) May 22, 2022
(Source: DD) pic.twitter.com/dlCv6jYrzm -
09:31 AM, 22 May 2022
पीएम मोदी ने खिलाड़ियों से बात की
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने थामस कप और उबर कप के अनुभव साझा करने वाले बैडमिंटन खिलाड़ियों से बातचीत की। पूरी खबर यहां क्लिक कर पढ़ें।
-
09:24 AM, 22 May 2022
UP के सिद्धार्थनगर में बड़ा सड़क हादसा
उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले में NH-28 पर 11 लोगों को ले जा रही एक जीप रास्ते में खड़े ट्रक से टकरा गई। इस हादसे में 8 लोगों की मृत्यु हो गई। मुख्यमंत्री ने सड़क हादसे में लोगों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने घायल लोगों को उचित इलाज मुहैया कराने के निर्देश दिए है।
-
09:12 AM, 22 May 2022
मुंबई में एनसीबी ने की बड़ी कार्रवाई
एनसीबी मुंबई ने भिवंडी, ठाणे में कोडीन आधारित कफ सिरप की 864 किलोग्राम (8,640 बोतलें) जब्त की है। साथ ही एनसीबी ने एक पिकअप वाहन और एक दोपहिया वाहन के साथ दो व्यक्तियों को पकड़ा है।
-
08:59 AM, 22 May 2022
राज ठाकरे की रैली के बारे में मनसे नेता ने दी जानकारी
पुणे मनसे अध्यक्ष साईनाथ बाबर ने बताया कि आज की रैली में 10,000-15,000 लोगों के शामिल होने की उम्मीद कर रहे हैं। आज अयोध्या दौरे समेत कई मुद्दों पर राज ठाकरे बात करेंगे।
-
08:46 AM, 22 May 2022
बेंच के फैसले से संतुष्ट नहीं हूं- टीएमसी नेता आलो रानी
टीएमसी नेता आलो रानी सरकार ने कहा कि मैं सिंगल बेंच के फैसले से संतुष्ट नहीं हूं। मैं कोर्ट की डिवीजन बेंच का रुख करूंगा। मेरा जन्म 1969 में इसी देश में हुआ था। हमारा परिवार 1971 में हुगली जिले के बैद्यबाती चला गया। बांग्लादेश में हमारी पुश्तैनी संपत्ति है।
-
08:43 AM, 22 May 2022
भारतीय वायु सेना ने बाढ़ में फंसे नागरिकों को बचाया
भारतीय वायु सेना ने असम में बाढ़ में फंसे नागरिकों को सुरक्षित बाहर निकाला। बचाव दल और राहत सामग्री को असम में बाढ़ के कारण कटे हुए क्षेत्रों तक भी वायु सेना ने पहुंचाया है।
-
08:25 AM, 22 May 2022
कैलिफोर्निया में पार्टी में हुई ताबड़तोड़ गोलीबारी से 1 की मौत
दक्षिणी कैलिफोर्निया के हुक्का लाउंज में करीब 100 लोगों की मौजूदगी में चल रही पार्टी में उस समय हंगामा हो गया, जब एक शख्स ने एकदम से गोलीबारी करनी शुरु कर दी। रात भर हुई गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गई और आठ लोग घायल हो गए। पूरी खबर यहां क्लिक कर पढ़ें।
-
08:23 AM, 22 May 2022
गौ तस्करों ने चलाई गौरक्षक संगठन के सदस्यों पर गोली
ओडिशा के मयूरभंज जिले में कथित गौ तस्करों द्वारा की गई गोलीबारी में एक गौरक्षक संगठन के दो सदस्य घायल हो गए। एएसपी मनोरंजन बिस्वाल ने बताया कि पुलिस ने मवेशियों से लदे ट्रक को कब्जे में लेकर घटना की जांच शुरू कर दी है और 11 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है।
-
08:16 AM, 22 May 2022
बाढ़ प्रभावित गांवों में पहुंचाई जा रही मदद
असम के होजई जिले के कई गांव बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। इसके चलते बाढ़ प्रभावित गांवों में बचाव एवं राहत कार्य तेज कर दिया गया है। एनडीआरएफ इंस्पेक्टर महीप मौर्य ने बताया कि आपरेशन के लिए कई टीमें तैनात की गई है, हमने अब तक 500 से अधिक लोगों को बचाया है। कई लोग अपना घर नहीं छोड़ना चाहते थे इसलिए हमने उन्हें राहत और राशन सामग्री दी गई है।
-
08:05 AM, 22 May 2022
हज यात्रियों के लिए विशेष ट्रेनिंग शुरु
जम्मू-कश्मीर के सभी जिलों में हज यात्रियों के लिए विशेष ट्रेनिंग की शुरुआत हो गई है। हज समिति के कार्यकारी अधिकारी डा अब्दुल सलाम ने बताया कि हज यात्रियों के लिए आज से सभी जिलों में ट्रेनिंग शुरू कर दी गई है। 370 लोगों को ट्रेनिंग दी जा रही है।
-
08:03 AM, 22 May 2022
पुणे के गणेश कला क्रीडा मंच पर पुलिस तैनात
पुणे के गणेश कला क्रीड़ा मंच पर भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है। बता दें कि महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना प्रमुख राज ठाकरे आज एक रैली को संबोधित करेंगे।
-
08:00 AM, 22 May 2022
दिल्ली में हो सकती है बारिश
उत्तर पश्चिमी भारत में ताजा पश्चिमी विक्षोभ के कारण रविवार से बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की उम्मीद है। मौसम विभाग के मुताबिक, राजधानी दिल्ली में अगले चार दिनों तक बारिश और बूंदाबांदी की गतिविधियां के चलते गर्मी से राहत रहेगी। पूरी खबर यहां क्लिक कर पढ़ें।
-
07:54 AM, 22 May 2022
राजस्थान और केरल सरकार ने दी जनता को राहत
राजस्थान और केरल सरकार ने पेट्रोल-डीजल पर लगने वाले उत्पाद शुल्क में कटौती करने का फैसला किया है। राजस्थान में पेट्रोल पर 2.48 रुपये प्रति लीटर और डीजल पर 1.16 रुपये प्रति लीटर वैट कम किया गया है। केरल सरकार ने भी पेट्रोल पर 2.41 रुपये और डीजल की कीमतों पर 1.36 रुपये की राहत की घोषणा की है। पूरी खबर यहां क्लिक कर पढ़ें।
-
07:43 AM, 22 May 2022
जापान दौरे पर रवाना होंगे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज जापान के दौरे पर रवाना होंगे। पीएम मोदी 23-24 मई को जापान की राजधानी टोक्यो में रहेंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री क्वाड नेताओं की शिखर बैठक में शिरकत करेंगे। प्रधानमंत्री जापान में कुल 40 घंटे रहेंगे और इस दौरान उनकी 23 बैठकें निर्धारित हैं। पीएम मोदी क्वाड की बैठक में भाग लेने के लिए 24 मई को जापान जा रहे हैं, जहां वे अमेरिका, जापान, आस्ट्रेलिया के राष्ट्राध्यक्षों के साथ अलग-अलग भी बैठक करेंगे। पूरी खबर यहां क्लिक कर पढ़ें।
-
07:41 AM, 22 May 2022
सपा नेता आजम खान का बयान
अंतरिम जमानत मिलने के बाद SP नेता आजम खान ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि मैं लंबे अरसे जेल में रहा, सियासी माहौल में क्या हुआ मुझे नहीं पता। कुछ मजबूरियां रही होंगी (समाजवादी पार्टी के लिए) उस पर मुझे कोई शिकवा-शिकायत नहीं है। हम भी सोचेंगे कि हमारी नीयत, वफादारी, मेहनत में कहां कमी रह गई कि हम घृणा के पात्र बन गए।