हाईजैक की अफवाह उड़ाने वाला ज्वैलर 'नेशनल नो फ्लाई लिस्ट' में शामिल
मालूम हो कि अक्टूबर 2017 में मुंबई से दिल्ली जा रहे जेट एयरवेज के विमान को आपात स्थिति में अहमदाबाद हवाई अड्डे पर उतारा गया था।
नई दिल्ली, प्रेट्र। पिछले साल अक्टूबर में जेट एयरवेज के एक विमान के हाईजैक की अफवाह उड़ाने वाले मुंबई के ज्वैलर बिरजू किशोर सल्ला (37) को 'नेशनल नो फ्लाई लिस्ट' में डाल दिया गया है। इस सूची में शामिल होने वाला वह पहला शख्स है। इसी तरह, एंटी हाईजैकिंग एक्ट लागू होने के बाद बिरजू किशोर सल्ला ही ऐसा व्यक्ति बना, जिस पर इस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।
नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने इसकी पुष्टि की है। डीजीसीए के मुताबिक, अब यह जेट एयरवेज की जिम्मेदारी है कि वह इस फैसले की जानकारी सभी एयरलाइनों को दे। हालांकि, डीजीसीए ऐसे यात्रियों का डाटाबेस बनाए रखना जारी रखेगा।
मालूम हो कि अक्टूबर 2017 में मुंबई से दिल्ली जा रहे जेट एयरवेज के विमान को आपात स्थिति में अहमदाबाद हवाई अड्डे पर उतारा गया था। दरअसल, इस विमान में सवार बिरजू किशोर ने विमान हाईजैक होने की अफवाह फैलाई थी। अपराध शाखा के अनुसार, बिरजू ने विमान हाईजैक के संबंध में नोट लिखने की बात स्वीकार कर ली थी। उसका कहना था, इस कदम से उसे उम्मीद थी कि दिल्ली में जेट एयरवेज का परिचालन बंद हो जाएगा और एयरलाइन के दिल्ली कार्यालय में काम करने वाली उसकी गर्लफ्रेंड मुंबई लौट जाएगी। तत्कालीन नागरिक उड्डयन मंत्री अशोक गजपति राजू ने एयरलाइन को सलाह दी थी कि वह बिरजू को 'नो फ्लाई लिस्ट' में शामिल करे।
उड़ान में देरी से नाराज व्यक्ति खुद के भोंका पेन
मुंबई के लिए उड़ान भरने में देरी से नाराज एक 37 वर्षीय व्यक्ति ने एयरलाइन अधिकारियों से वाद-विवाद के बाद अपने पेट में पेन भोंक लिया। वह कथित रूप से नशे में था। पेट से खून निकलने पर उसे तुरंत एयरपोर्ट परिसर में बने अस्पताल में इलाज के लिए ले जाया गया। बाद में विमान ने उसके बिना ही उड़ान भरी।