विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

तीन राज्यों के उपचुनावों में जमकर पड़े वोट, नंदीग्राम और रेजीनगर में 80 प्रतिशत के पार वोटिंग; 9 अक्टूबर को आएगा फैसला

Published: Tue, 06 Oct 2026 11:13 PM (IST)

देश के तीन राज्यों की पांच विधानसभा और असम की एक लोकसभा सीट पर मंगलवार को उपचुनाव के लिए भारी ...और पढ़ें

तीन राज्यों की पांच विधानसभा और असम की एक लोकसभा सीट पर उपचुनाव।

तीन राज्यों की पांच विधानसभा और असम की एक लोकसभा सीट पर उपचुनाव।

HighLights

  1. तीन राज्यों की पांच विधानसभा और असम की एक लोकसभा सीट पर उपचुनाव।

  2. बंगाल के नंदीग्राम और रेजीनगर में 80% से अधिक मतदान दर्ज किया गया।

  3. तमिलनाडु, पुडुचेरी और असम में भी मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। देश के तीन राज्यों की पांच विधानसभा सीटों और असम की एक लोकसभा सीट पर मंगलवार को उपचुनाव के लिए जमकर मतदान हुआ। मतदान वाली सीटों में तमिलनाडु की मदुरंतकम और धारापुरम, पुडुचेरी की थट्टनचावडी, बंगाल की रेजीनगर और नंदीग्राम विधानसभा सीटें तथा असम की नगांव लोकसभा सीट शामिल हैं।

सभी सीटों पर मतगणना शुक्रवार, नौ अक्टूबर को होगी। बंगाल में सत्ता परिवर्तन के करीब पांच महीने बाद नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय के अनुसार रात आठ बजे तक दोनों सीटों पर कुल 80.47 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

नंदीग्राम में 80.87 प्रतिशत और रेजीनगर में 80.07 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। हालांकि, यह पिछले विधानसभा चुनाव के मुकाबले कम है। तब दोनों सीटों पर क्रमशः 94.59 प्रतिशत और 93.12 प्रतिशत मतदान हुआ था।

रेजीनगर में मतदान शुरू होने के कुछ समय बाद आम जनता उन्नयन पार्टी के प्रमुख हुमायूं कबीर को चुनावी नियमों के उल्लंघन के आरोप में पुलिस ने हिरासत में लिया। उन्हें रेजीनगर थाने ले जाया गया। तमिलनाडु की मदुरंतकम और धारापुरम विधानसभा सीटों तथा पुडुचेरी की थट्टनचावडी सीट पर शाम छह बजे मतदान समाप्त हुआ।

चुनाव आयोग के दोपहर तीन बजे तक के आंकड़ों के अनुसार मदुरंतकम में 83.86 प्रतिशत और धारापुरम में 78.53 प्रतिशत मतदान हुआ था। मतदान केंद्रों के बाहर महिलाओं समेत बड़ी संख्या में मतदाता कतार में नजर आए। पुडुचेरी के थट्टनचावडी में शाम 5 बजे तक 78.83 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

वहीं, असम की नगांव लोकसभा सीट पर मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। यहां करीब 76 प्रतिशत मतदान होने की सूचना है। नगांव संसदीय क्षेत्र में आठ विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं। यह उपचुनाव कांग्रेस के पूर्व सांसद प्रद्युत बोरदोलोई के इस्तीफे के बाद कराया गया। बाद में उन्होंने भाजपा के टिकट पर दिसपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा और जीत हासिल की थी।