Move to Jagran APP

Weather Updates: दिल्ली एनसीआर में तेज हवाओं के साथ बारिश, बर्फबारी से ठिठुरे पहाड़

हिमाचल ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में बारिश से शीतलहर तेज हो गई। प्रदेश में अधिकतम व न्यूनतम तापमान में आठ से 10 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है।

By Dhyanendra SinghEdited By: Published: Thu, 12 Dec 2019 11:26 PM (IST)Updated: Fri, 13 Dec 2019 07:21 AM (IST)
Weather Updates: दिल्ली एनसीआर में तेज हवाओं के साथ बारिश, बर्फबारी से ठिठुरे पहाड़
Weather Updates: दिल्ली एनसीआर में तेज हवाओं के साथ बारिश, बर्फबारी से ठिठुरे पहाड़

नई दिल्ली, जेएनएन। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से गुरुवार को पहाड़ी और उत्तर भारत के राज्यों में बारिश ने मैदानी इलाकों में ठिठुरन बढ़ा दी है। पंजाब और हरियाणा में गुरुवार को बारिश ने तापमान गिरा दिया है। दिल्ली में भी देर शाम कई जगहों पर बारिश हुई। ठंडी हवा भी चली, जिससे ठंड महसूस हुई। अधिकतम तापमान में बुधवार की तुलना में दो डिग्री सेल्सियस की कमी आई है।

prime article banner

मौसम विज्ञानी डॉ. कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया कि बारिश की वजह जम्मू-कश्मीर में बना पश्चिमी विक्षोभ है। आमतौर पर मौसम की ऐसी गतिविधियों की वजह से न्यूनतम तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होती है और गुरुवार के दिन भी ऐसा ही हुआ। शुक्रवार को भी बारिश की संभावना है।

उत्तराखंड में हुई जमकर बर्फबारी

पंजाब के बठिंडा में न्यूनतम तापमान 11.2 डिग्री सेल्सियस रहा। हरियाणा में न्यूनतम पांच डिग्री के साथ कैथल सबसे ठंडा रहा। वहीं ताजा बर्फबारी और बारिश से उत्तराखंड कड़ाके की ठंड की चपेट में है। हिमाचल प्रदेश में भी सीजन के पहले हिमपात ने पहाड़ों के साथ मैदानी इलाकों का तापमान गिरा दिया है। जम्मू में भी वैष्णो देवी भवन और मार्ग पर सीजन की पहली बर्फबारी हुई। बर्फबारी और बारिश के कारण हवाई सेवाएं भी बाधित हुई है। उत्तराखंड में बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री के साथ ही गढ़वाल और कुमाऊं मंडल की पहाड़ियों पर अच्छी बर्फबारी हुई है। गुरुवार शाम को मसूरी की पहाडि़यों पर भी हिमपात हुआ। कुमाऊं में मानसरोवर यात्रा मार्ग बर्फ से ढक गया है। मौसम का मिजाज शुक्रवार को भी ऐसा ही रहेगा।

हिमाचल में 10 डिग्री गिरा न्यूनतम तापमान

हिमाचल ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में बारिश से शीतलहर तेज हो गई। प्रदेश में अधिकतम व न्यूनतम तापमान में आठ से 10 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है। शिमला व मनाली में सर्दी के मौसम का पहला हिमपात हुआ। बर्फबारी के कारण मनाली-लेह, औट-बंजार-सैंज और ग्रांफू-समदो राष्ट्रीय राजमार्ग बंद हो गए। कुल्लू जिले में मनाली में बर्फबारी होने पर पर्यटक खुशी से झूम उठे। रोहतांग दर्रे में डेढ़ फीट हिमपात हुआ। भूस्खलन के कारण प्रदेश में तीन राष्ट्रीय राजमार्गो समेत 190 से अधिक सड़कें बंद रहीं।

श्रीनगर व जम्मू में बारिश से जनजीवन अस्तव्यस्त

जम्मू कश्मीर में बिगड़े मौसम के मिजाज गुरुवार को और तीखे हो गए। गुलमर्ग समेत राज्य के सभी ऊपरी इलाकों में बर्फबारी और श्रीनगर व जम्मू सहित सभी निचले क्षेत्रों में दिनभर बारिश का सिलसिला जारी रहा। जवाहर टनल के पास बर्फबारी होने से जम्मू-श्रीनगर हाईवे को यातायात के लिए बंद कर दिया गया है। जम्मू से श्रीनगर आने-जाने वाले वाहनों को सुरक्षित स्थानों पर रोक दिया गया है। धुंध के कारण लगातार सातवें दिन भी श्रीनगर हवाई अड्डे पर सभी उड़ानें रद रहीं। इससे कश्मीर का सड़क व हवाई संपर्क देश-दुनिया से पूरी तरह कट गया है।

गेहूं की फसल के लिए संजीवनी

कृषि विशेषज्ञों की मानें तो इस समय बरसात गेहूं की फसल के लिए किसी संजीवनी से कम नही है। क्योंकि ठंड के साथ-साथ बरसात गेहूं की फसल में नाइट्रोजन की कमी को पूरा करेगी। इससे कम खाद की जरूरत पड़ेगी। यदि ओलावृष्टि हुई तो ना केवल गेहूं बल्कि सरसों व अन्य सब्जियों की फसलों को नुकसान होगा। 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.
OK