Move to Jagran APP

बारिश से बेहाल मुंबई और गुजरात, चार की मौत; मौसम विभाग ने आज भी जारी किया अलर्ट

मुंबई के मौसम विभाग के अनुसार बीते 24 घंटे में मुंबई में 231.4 मिमी बारिश दर्ज की गई है। शहर में अगले 24 से 48 घंटे में बहुत अधिक बारिश होने का अनुमान है।

By Arti YadavEdited By: Published: Tue, 26 Jun 2018 07:42 AM (IST)Updated: Tue, 26 Jun 2018 11:30 AM (IST)
बारिश से बेहाल मुंबई और गुजरात, चार की मौत; मौसम विभाग ने आज भी जारी किया अलर्ट
बारिश से बेहाल मुंबई और गुजरात, चार की मौत; मौसम विभाग ने आज भी जारी किया अलर्ट

मुंबई (राज्य ब्यूरो)। मौसम विभाग ने आज भी मुंबई में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया हा। शनिवार से हो रही लगातार बारिश से मुंबईवासियों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो रखा है। सड़कें पानी में डूब गई हैं, तो ट्रैफिक रेंग-रेंगकर चलने पर मजूबर है। वहीं गुजरात के विभिन्न इलाकों में भी रविवार शाम से भारी बारिश जारी है। राज्य में सबसे अधिक बारिश वलसाड के उमरगांव तालुके में दर्ज की गई है। यहां बारिश के चलते बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। पिछले 24 घंटे में यहांं लगभग 204 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है।

loksabha election banner

मुंबई के मौसम विभाग के निदेशक अजय कुमार ने बताया कि बीते 24 घंटे में मुंबई में 231.4 मिमी बारिश दर्ज की गई है। इसे बहुत अधिक भारी बारिश माना जाता है। शहर में अगले 24 से 48 घंटे में बहुत अधिक बारिश होने का अनुमान है।

बारिश ने मुंबई को बेहाल कर दिया है। अलग-अलग घटनाओं में चार लोगों की मौत हो गई। एक निर्माणाधीन इमारत की चहारदीवारी धसकने से कई कारें मलबे में दब गईं। कई स्थानों पर जलभराव के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना भी करना पड़ा।

कोंकण क्षेत्र में रविवार को मानसून पूरी रंगत में दिखा। जिसका प्रभाव मुंबई, ठाणे, दक्षिणी कोंकण एवं समुद्र तटीय कर्नाटक में नजर आया। रविवार सुबह से सोमवार शाम तक मुंबई में 250 मिमी से अधिक बरसात हो चुकी थी। अगले दो दिनों तक इसके जारी रहने की उम्मीद है। लिहाजा, एनडीआरएफ एवं आपदा प्रबंधन टीमों को तैयार रहने को कहा गया है।

बारिश का ज्यादा असर मुंबई उपनगर में देखने को मिला। मौसम विभाग के अनुसार सर्वाधिक बारिश मुंबई के मालाड उपनगर में दर्ज की गई। कई इलाकों में सड़कों पर दो से तीन फीट पानी जमा हो गया। इस कारण आवागमन में दिक्कतें आईं। हर साल की तरह इस बार भी रेलवे ट्रैक पर पानी भर गया। जिसका असर मध्य, पश्चिम और हार्बर रेल सेवाओं पर पड़ा। हालांकि ये रेलसेवाएं धीमी गति से चलती रहीं, थमी नहीं। मुंबई विमानतल के मेन रनवे पर पानी भरने से कुछ देर के लिए उड़ानें स्थगित करनी पड़ीं।

मुंबई में दो स्थानों पर दीवारें ढहने की घटनाएं सामने आईं हैं। वडाला क्षेत्र के अंटाप हिल्स में एक निर्माणाधीन इमारत की चहारदीवारी धसकने से उसके किनारे खड़ी करीब 15 कारें मलबे में दब गईं। इस घटना में एक महिला घायल हो गई। पायधुनी इलाके में भी एक पुरानी इमारत गिरने की खबर है।

स्कूली बच्चों को बचाने में ड्राइवर ने गंवाई जान

वैन में सवार स्कूली बच्चों को बचाने में सोमवार को एक ड्राइवर प्रकाश बालू पाटिल (40) ने अपनी जान गंवा दी। दरअसल, बारिश की वजह से विरार के रुस्तमजी स्कूल में समय से पहले छुट्टी हो गई थी। प्रकाश बच्चों को वैन से उनके घर छोड़ने जा रहा था। नारंगी गांव के पास तेज बहाव की वजह से वैन नजदीकी नाले में उलट गई। उस वक्त वैन में सात-आठ बच्चे थे। प्रकाश ने तुरंत एक स्कूल बस और आसपास के लोगों की मदद से बच्चों को बचा लिया। इस बीच, दो बच्चे तेज बहाव की वजह से पानी में डूबने लगे। प्रकाश ने तत्परता दिखाते हुए दोनों बच्चों को तो बचा लिया, लेकिन इस बीच संतुलन खोने की वजह से नाले में गिर गया और उसकी मृत्यु हो गई। प्रकाश के परिवार में पत्नी, तीन बच्चे और माता-पिता हैं।

वलसाड जिले की उमेरगाम तालुका में 550 मिमी बारिश

दक्षिण गुजरात के कई इलाकों में भी पिछले दो दिनों में भारी बारिश हुई हैं। इनमें वलसाड, सूरत और नवसारी जिले शामिल हैं। सड़कों, आवासीय परिसरों और निचले इलाकों में पानी भरने से सामान्य जनजीवन पटरी से उतर गया है। हालांकि जानमाल के नुकसान की कोई खबर नहीं है। वलसाड के जिला कलेक्टर सीआर खर्सन ने बताया कि जिले की उमेरगाम तालुका में पिछले 30 घंटे के दौरान 550 मिमी बारिश दर्ज की गई। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए यहां स्थानीय प्रशासन को अलर्ट पर रखा गया है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में गुजरात के ज्यादातर इलाकों में भारी बारिश का अनुमान व्यक्त किया है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.