बारिश से बेहाल मुंबई, अगले पांच दिनों तक नहीं मिलेगी राहत
मुंबई में अगले 5 दिनों तक भारी बारिश हो सकती है, वहीं कुछ जगहों पर अगले 48 घंटों में बहुत अधिक बारिश हो सकती है।
मुंबई (जेएनएन)। मुंबई और नागपुर सहित महाराष्ट्र का बड़ा हिस्सा पिछले 36 घंटों में हुई बरसात से बेहाल दिख रहा है। मुंबईवासियों के लिए ये आफत अभी कम नहीं होने वाली है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों के लिए भी चेतावनी जारी की है। मुंबई में अगले 5 दिनों तक भारी बारिश हो सकती है, वहीं कुछ जगहों पर अगले 48 घंटों में बहुत अधिक बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग की मानें तो बुधवार तक बारिश मुंबई में कहर बरसाने वाली है। भारी बारिश की वजह से शुक्रवार को नागपुर में चल रहे महाराष्ट्र विधानसभा के मॉनसून सत्र के दौरान अजीबोगरीब स्थिति पैदा हो गई थी। बारिश के बाद महाराष्ट्र के नागपुर स्थित विधानसभा परिसर में पानी घुसने के कारण बिजली सप्लाई गुल हो गई, जिसके बाद कार्यवाही को स्थगित करना पड़ा।
बारिश से बेहाल मुंबईवासी
भारी बारिश के चलते महाराष्ट्र में लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। हर तरफ जलभराव की वजह से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सबसे बदतर स्थिति मुंबई के आसपास के इलाकों में है। सायन, कल्याण, भिवंडी और नवी मुंबई में भारी बारिश की वजह से लगे ट्रैफिक जाम से लोगों को जूझना पड़ रहा है। कल्याण में रेलवे ट्रैक पर पानी भर आया। वहीं ठाणे में सड़कों पर बाढ़ जैसी स्थिति बन गई। कल्याण में सैकड़ो घर बारिश में पूरी तरह डूब गए। जिसकी वजह से लोगों की हालत बदतर हो चुकी है। कल्याण और भिवंडी को जोड़ने वाले हाईवे पर भी पानी भर गया जिसकी वजह से भारी जाम की स्थिति पैदा हो गई।
विधानसभा में भरा पानी
परंपरागत रूप से महाराष्ट्र विधानमंडल का शीतकालीन सत्र नागपुर में होता आया है। लेकिन इस बार महाराष्ट्र सरकार ने शीतकालीन सत्र मुंबई में और वर्षाकालीन सत्र नागपुर में करने का निर्णय किया और यह निर्णय उसके लिए सिर मुंड़ाते ही ओले पडने जैसा हो गया। विधानभवन में पानी भरने के कारण सरकार को चौतरफा आलोचना का शिकार होना पड़ रहा है। नागपुर शहर ने भी बरसात का ऐसा मंजर लंबे समय बाद देखा। जब लोगों के घरों में पानी घुस गया और सड़कों पर रबड़ की नौकाएं चलानी पड़ीं। नागपुर सहित संपूर्ण विदर्भ में बरसात अभी भी जारी है।
मौसम विभाग के अनुसार नागपुर में शुक्रवार सुबह साढ़े आठ बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक रिकार्ड 265 मिलीमीटर बारिश हुई थी जिससे कुछ क्षेत्रों में जलभराव हो गया था। बारिश के कारण बिजली आपूर्ति नहीं होने से महाराष्ट्र विधानसभा की कार्यवाही बाधित हुई थी। विधानसभा और विधान परिषद की कार्यवाही शुरू होते ही दोनों सदनों की कार्यवाही को पूरे दिन के लिए स्थगित कर दिया गया था।
भारी होने वाले हैं पांच दिन
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर पश्चिम बंगाल और बंगाल की खाड़ी के आसपास के क्षेत्रों में बढ़ते दबाव के कारण मौजूदा मॉनसून और ज्यादा सक्रीय हो गया है इसी वजह से मुंबई और उसके पास उत्तर कोंकण में बुधवार तक लगातार भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने कहा है कि आने वाले चार दिन मुबंई के लिए बहुत भारी होने वाले हैं इसके अलावा गुजरात और केरला में भी तेज बारिश होगी।