Move to Jagran APP

देशभर में चिलचिलाती गर्मी और लू का कहर, पहाड़ी इलाकों का भी चढ़ा पारा; ट्रेन में गर्मी ने ली बच्ची की जान

देशभर में चिलचिलाती गर्मी और लू ने लोगों का जीना मुश्किल कर रखा है। गर्मी के कारण ट्रेन में एक बच्ची की मौत हो गई। वहीं, पहाड़ी इलाकों में भी चढ़ते पारे से लोग बेहाल हैं।

By Nancy BajpaiEdited By: Published: Sat, 26 May 2018 10:48 AM (IST)Updated: Sat, 26 May 2018 10:59 AM (IST)
देशभर में चिलचिलाती गर्मी और लू का कहर, पहाड़ी इलाकों का भी चढ़ा पारा; ट्रेन में गर्मी ने ली बच्ची की जान
देशभर में चिलचिलाती गर्मी और लू का कहर, पहाड़ी इलाकों का भी चढ़ा पारा; ट्रेन में गर्मी ने ली बच्ची की जान

नई दिल्ली (जेएनएन)। सूरज की झुलसा देने वाली तपन से देशभर में लोगों का हाल-बेहाल है। हालात यह है कि शुक्रवार को इलाहाबाद में ट्रेन में गर्मी के चलते एक बच्ची की मौत हो गई। इतना ही नहीं उत्तर प्रदेश के ही उन्नाव में गर्मी के चलते डायरिया होने से एक, अलीगढ़ में दो बच्चों की जान चली गई। मैदानी इलाकों में ही नहीं बल्कि पहाड़ी इलाकों उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर व हिमाचल में भी गर्मी का सितम जारी है।

loksabha election banner

भीड़ भी बनी मौत की वजह

ब्रह्मापुत्र मेल में शुक्रवार को तीन माह की बच्ची की गर्मी के कारण जान चली गई। इस पर परिजनों ने और यात्रियों ने इलाहाबाद जंक्शन पर हंगामा किया। ट्रेन में गर्मी से मासूम की मौत होने पर रेलवे बोर्ड ने मामले को गंभीरता से लिया। किस स्तर पर लापरवाही हुई है, इसकी जांच की जा रही है। जानकारी के अनुसार शाहकुटी निवासी शबाना वारसी अपनी तीन माह की बेटी तैमूरनिशा के साथ ब्रह्मपुत्र मेल से दिल्ली जा रही थीं। शबाना ने बताया 22 मई को एसी तृतीय श्रेणी में भागलपुर-गरीब रथ में रिजर्वेशन कराया था। परिवार के दस लोग साथ में दिल्ली जाने वाले थे लेकिन ट्रेन निरस्त हो गई।

आनन-फानन उसी दिन 24 मई के लिए ब्रह्मपुत्र मेल के स्लीपर क्लास में कोच एस-8 के सीट 51 व 53 आरक्षण कराया गया। ट्रेन के कोच में पहले से ही काफी भीड़ थी। भीड़ के कारण बच्ची की दम घुटने से तबीयत बिगड़ने लगी। परिवार के लोगों ने टीटीइ को जानकारी दी और अगले स्टेशन पर मेडिकल सुविधा की मांग की। बावजूद इसके कोई सुविधा नहीं मिली। इस बीच ट्रेन इलाहाबाद पहुंच गई। उधर, तैमूरनिशा की हालत बिगड़ती गई। अंतत: सुबह इलाहाबाद से ट्रेन खुलने के दौरान आठ बजे बच्ची की मौत हो गई। शबाना ने आरोप लगाया कि विभाग की ओर से कोई मदद नहीं मिली। कहा कि इस मामले की शिकायत रेल मंत्री से की जाएगी।

उत्तर प्रदेश में गर्मी के साथ आंधी ढहा रही सितम

उत्तर प्रदेश में गर्मी के साथ ही आंधी भी सितम ढहा रही है। शुक्रवार को भीषण गर्मी के चलते जहां इलाहाबाद, उन्नाव व अलीगढ़ में चार बच्चों की मौत हो गई, वहीं गुरुवार रात आई आंधी-बारिश और ओलावृष्टि ने पूर्वी उत्तर प्रदेश में भारी तबाही मचाई। गुरुवार रात आंधी से इलाहाबाद में दो लोगों की मौत हुई। गर्मी के चलते अस्पतालों में मरीजों की संख्या बढ़ गई है।

उत्तराखंड में पारा चढ़ा पहाड़

उत्तराखंड में पहाड़ पर पारे की चढ़ाई जारी है। रुद्रप्रयाग में अधिकतम तापमान लगातार तीसरे दिन 38 डिग्री सेल्सियस के पार रहा है। रुद्रप्रयाग में न्यूनतम तापमान में भी उछाल आया है। मैदानी क्षेत्रों में पौड़ी जिले का कोटद्वार शहर सबसे गरम रहा। यहां अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।

जम्मू-कश्मीर में गर्मी ने छुड़ाए पसीने

जम्मू-कश्मीर में भी गर्मी परवान चढ़ रही है। जम्मू में शुक्रवार इस सीजन का सर्वाधिक गर्म दिन रिकॉर्ड किया गया। अधिकतम तापमान 41.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

हिमाचल में पारा उछला, बाजार सूने

हिमाचल प्रदेश के निचले क्षेत्र बद्दी बरोटीवाला नालागढ़ (बीबीएन) व ऊना में गर्मी चरम पर है। बीबीएन में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस जबकि ऊना में 43.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। गर्मी और लू के कारण इन क्षेत्रों में लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। तापमान बढ़ने के कारण प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों में बाजार दिनभर सूने दिखाई दिए।

राजस्थान में तेज गर्मी का दौर जारी

राजस्थान में तेज गर्मी का दौर जारी है। शुक्रवार से नौपता शुरू हो गया। ऐसे में नौ दिन और गर्मी पड़ेगी। राजस्थान में चल रही गर्म हवाओं से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। रात में भी लू का असर परेशान करता है।

दिल्ली में पारा फिर पहुंचा 45 के पार

रिकार्ड तोड़ गर्मी के बीच शुक्रवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान फिर से 45 डिग्री के पार चला गया। दिन भर चिलचिलाती धूप एवं लू के थपेड़ों ने दिल्लीवासियों का हाल बेहाल रखा। हालांकि, मौसम विभाग का कहना है कि जल्द राहत मिलेगी। पश्चिमी विक्षोभ के चलते 29 मई को धूल भरी हवाएं चलने और हल्की बारिश होने के आसार हैं।

मध्य प्रदेश में नौतपा के पहले दिन गर्मी से आंशिक राहत

नौतपा के पहले दिन मध्य प्रदेश को गर्मी से आंशिक राहत मिली। पिछले कुछ दिनों से कई शहरों में 46 और 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा पारा शुक्रवार को 45 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। मौसम विज्ञानियों ने तापमान में कमी की वजह हवाओं का रुख उत्तरी होना बताया है।

कोलकाता में मौसम सामान्य

कोलकाता में तापमान सामान्य है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री रहा। हवाएं चल रही हैं। आसमान में हलके बादल छाए हुए हैं। दो दिन पूर्व बारिश हुई थी, जिसकी वजह से तापमान सामान्य है। आगामी कुछ दिनों तक तापमान 32 डिग्री के आसपास ही रहने की उम्मीद है। बंगाल के उत्तर इलाके में पिछले दो दिन भारी बारिश हुई है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.