Back Image

Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    Heat Wave Alert: बंगाल से लेकर कर्नाटक तक हीट वेव का अलर्ट, 48 घंटे में भयंकर गर्मी, जानिए IMD का नया अपडेट

    Updated: Sun, 16 Mar 2025 08:43 PM (IST)

    मार्च का आधा महीना ही अभी खत्म हुआ है। इसी समय से गर्मी ने अपना कहर दिखाना शुरू कर दिया है। पश्चिम बंगाल कर्नाटक समेत कई राज्यों में इस समय हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। झारखंड में भीषण गर्मी देखने को मिल रही है। राज्य के कई जिलों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस को भी पार कर गया है।

    Hero Image
    देश के कई राज्यों में हीटवेव का अलर्ट।

    डिजिटल डेस्क/ एजेंसी, नई दिल्ली। उत्तर भारत समेत देश सभी हिस्सों में मौसम तेजी से बदल रहा है। पिछले दिनों राजधानी दिल्ली समेत आसपास के क्षेत्रों में हल्की से लेकर मध्यम बारिश हुई। इसी बीच मौसम विभाग ने देश के कई राज्यों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड, कर्नाटक और महाराष्ट्र समेत देश के कई राज्यों में आने वाले कुछ दिनों में भीषण गर्मी का प्रकोप देखने को मिल सकता है। अभी मार्च का आधा महीना ही बीता है, इसी बीच कई क्षेत्रों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया है।

    पश्चिम बंगाल में लू की चेतावनी

    • भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने बंगाल के पश्चिमी जिलों में लू चलने और गंगा क्षेत्र में 20 मार्च से बारिश का अनुमान लगाया है। आईएमडी ने रविवार को पश्चिम बंगाल के पश्चिमी जिलों में मंगलवार तक लू चलने और राज्य के गंगा क्षेत्र में अगले पांच दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट का अनुमान लगाया है।
    • आईएमडी ने कहा कि गंगा क्षेत्र के बाकी जिलों में मंगलवार तक दिन में गर्मी रहने की संभावना है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने कहा कि 20 मार्च से गंगा क्षेत्र के सभी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है।
    • आईएमडी के पूर्वानुमान में कहा गया है कि पुरुलिया, बांकुरा और पश्चिम बर्धमान के पश्चिमी जिलों में मंगलवार तक लू चलने की संभावना है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, कोलकाता में न्यूनतम तापमान 26.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.9 डिग्री अधिक है, जबकि अधिकतम तापमान 33.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो इस अवधि के दौरान औसत दिन के तापमान के आसपास है।

    तेलंगाना के पांच जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट

    भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अगले दो दिनों के लिए तेलंगाना के लिए हीटवेव अलर्ट जारी किया है, जिसमें कम से कम पांच जिलों में अधिकतम तापमान 41-44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है।

    आईएमडी ने आदिलाबाद, जगित्याल, कोमाराम भीम आसिफाबाद, मंचेरियल और राजना सिरसिला जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में अधिकतम तापमान 41 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। आईएमडी के अनुसार, आदिलाबाद, कोमाराम भीम असिफाबाद, मंचेरियल और जगतियाल जिलों में अलग-अलग जगहों पर लू चलने की संभावना है।

    झारखंड में गर्मी का प्रकोप

    बदलते मौसम के बीच झारखंड में भी गर्मी का प्रकोप देखने को मिल रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान द्वारा साझा की गई जानकारी के अनुसार झारखंड के सात जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया है। ये तापमान सामान्य से 7.6 डिग्री सेल्सियस अधिक है।

    जानकारी के मुताबिक डाल्टनगंज (40.7 डिग्री सेल्सियस), बोकारो थर्मल (40.1 डिग्री सेल्सियस) और जमशेदपुर (40 डिग्री सेल्सियस) अभी से तापमान में 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक देखने को मिला। वहीं, राज्य की राजधानी रांची में तापमान 37 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

    ओडिशा में पड़ रही भीषण गर्मी

    उधर, ओडिशा में भी मार्च से ही भीषण गर्मी का प्रकोप दिख रहा है। राज्य के औद्योगिक शहर झारसुगुड़ा में शुक्रवार को तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा हो गया है। इसके साथ ही मौसम विभाग ने संबलपुर और मयूरभंज समेत कई जिलों के लिए आने वाले दिनों में लू की चेतावनी जारी की है।

    महाराष्ट्र में भी बढ़ी गर्मी

    फरवरी के अंत से ही महाराष्ट्र में तापमान में बढ़ोत्तरी देखने को मिल रही है। इस बीच आने वाले दिनों में यहां पर तापमान में और वृद्धि देखने को मिल सकती है। अभी तक की जानकारी के अनुसार, राज्य के चंद्रपुर में तापमान 41.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ये स्थान भारत के सबसे गर्म स्थानों में एक रहा।

    वहीं, राज्य के ब्रम्हपुरी, सोलापुर और वर्धा जैसे अन्य कई जगहों पर भी तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहा। इस समय लोगों को भयंकर गर्मी के साथ नमी के कारण परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आने वाले कुछ समय तक किसी प्रकार के राहत की उम्मीद नहीं दिख रही है।

    कर्नाटक में भी अलर्ट

    भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) द्वारा उत्तर आंतरिक कर्नाटक में 15 से 19 मार्च तक तापमान में बढ़ोत्तरी की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार कलबुर्गी जिले के ऐनापुर होबली गांव में पिछले 24 घंटों में सबसे अधिक तापमान 42.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

    राज्य में बढ़ते तापमान के बीच स्वास्थ्य मंत्री दिनेश गुंडू राव ने शनिवार को लोगों से एहतियाती उपाय करने और दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच बाहर जाने से बचने का आग्रह किया। उन्होंने स्कूलों और संस्थानों से बढ़ते तापमान के कारण आवश्यक सावधानी बरतने का भी आग्रह किया।

    यह भी पढ़ें: Weather Update: यूपी के मौसम में बदलाव, मुरादाबाद में बारिश के साथ गिरे ओले; कई जिलों में तेज हवाओं का अलर्ट

    यह भी पढ़ें: मार्च से पड़ने लगी भीषण गर्मी, ओडिशा से लेकर झारखंड तक तपने लगी धरती; इस राज्य में 42 डिग्री पहुंचा पारा