यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 21, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Haryana DSP Killed: सुप्रीम कोर्ट में उठा नूंह में डीएसपी को कुचल कर मारने का मामला, कोर्ट ने कहा करेंगे विचार
हरियाणा के नूंह में खनन माफिया ने दुस्साहस दिखाते हुए ट्रक से कुचलकर पुलिस अधिकारी सुरेंद्र सिंह की हत्या कर ...और पढ़ें

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। हरियाणा के नूंह में खनन माफिया द्वारा डीएसपी सुरेन्द्र ¨सह को कुचल कर मार देने का मामला गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट में उठा। अरावली पहाडि़यों के संरक्षित क्षेत्र के मामलों की सुनवाई कर रही न्यायमूर्ति एएम खानविल्कर की अध्यक्षता वाली तीन सदस्यीय पीठ के समक्ष न्यायमित्र वरिष्ठ वकील एडीएन राव ने डीएसपी की हत्या के मामले का जिक्र करते हुए कोर्ट से आग्रह किया किया कि मामले में हरियाणा सरकार से कार्यवाही रिपोर्ट मंगाई जाए।
राव ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने ही अरावली क्षेत्र में खनन पर रोक लगाई है। उन्होंने कहा कि डीएसपी की मौत सुप्रीम कोर्ट के आदेश का अनुपालन कराते हुए गई है। ऐसे में कोर्ट राज्य सरकार से कार्यवाही रिपोर्ट मंगाए। पीठ ने कहा कि वह मामले पर विचार करेगी। गुरुवार को जब जस्टिस खानविल्कर की पीठ हरियाणा में अरावली क्षेत्र की वन भूमि पर बने अवैध निर्माण के बारे में फैसला सुना रही थी तभी फैसला सुनाए जाने के बाद एडीएन राव ने डीएसपी की हत्या के मामले का जिक्र कोर्ट के समक्ष किया था और राज्य सरकार से कार्यवाही रिपोर्ट मंगाए जाने की मांग की।
हरियाणा के नूह में DSP की डंपर से कुचल कर हत्या करने का मामला सुप्रीमकोर्ट में उठा। वकील ADN राव ने अरावली पहाड़ियों में अवैध खनन का मामला सुन रही बेंच के सामने मामला मेन्शन कर कहा सरकार से स्टेटस रिपोर्ट मांगाई जाए। कोर्ट ने कहा करेंगे विचार।@JagranNews
— Mala Dixit (@mdixitjagran) July 21, 2022
मालूम हो कि हरियाणा की अरावली पहाड़ियां संरक्षित क्षेत्र घोषित हैं और सुप्रीम कोर्ट के आदेश से वहां खनन पर रोक है। दो दिन पहले अवैध खनन रोकने का प्रयास करते डीएसपी पर डंपर चढ़ा कर हत्या कर दी गई थी। खनन माफिया के इस दुस्साहस की चहुं ओर ¨नदा हुई थी। हरियाणा पुलिस द्वारा बुधवार को की गई प्रेस वार्ता में बताया गया था कि हरियाणा सरकार ने अपराधियों को पकड़ने के लिए पुलिस की दस टीमें गठित की हैं। डंपर चालक सहित दो को गिरफ्तार किया जा चुका है और बाकी की तलाश जारी है।
ट्रक ड्राइवर को भरतपुर से किया गया गिरफ्तार
इससे पहले नूंह पुलिस ने डीएसपी को कुचलने वाले ट्रक ड्राइवर को बुधवार को राजस्थान के भरतपुर जिले से गिरफ्तार कर लिया था। मामले के मुख्य आरोपी का नाम शब्बीर उर्फ मित्तर है, जिसे भरतपुर के पहाड़ी थाना क्षेत्र से पकड़ा गया है। एक दूसरे आरोपी इक्कर से पूछताछ के बाद उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि शब्बीर की उम्र करीब 30 साल है और वह पचगांव का रहने वाला है। पकड़े जाने के डर से वह रिश्तेदारों के यहां भाग आया था। उसके साथियों की भी पुलिस को तलाश है।
