जिसकी देखभाल में 40 दिन लगा रहा स्टाफ, उसे दो दिन से नहीं मिला इलाज
बुखार आने पर पिता उसे लेकर 1 अक्टूबर को चाचा नेहरू अस्पताल पहुंचे, फिर अगले दिन एमवाय अस्पताल में छुट्टी होने से डॉक्टर नहीं मिले।
इंदौर, नई दुनिया। जिस बच्ची की देखरेख में अस्पताल का पूरा स्टाफ, प्रशासन से लेकर पुलिस विभाग 40 दिन से अधिक समय तक लगा रहा, उसे दो दिन से इलाज नहीं मिल रहा है। बुखार आने पर पिता उसे लेकर 1 अक्टूबर को चाचा नेहरू अस्पताल पहुंचे, फिर अगले दिन एमवाय अस्पताल में छुट्टी होने से डॉक्टर नहीं मिले।
एक माह पहले मंदसौर दुष्कर्म कांड पीड़िता इस बच्ची को एमवायएच से छुट्टी दी गई थी। उसके बाद वह परिवार सहित इंदौर में ही दिए घर में रह रही है। तीन-चार दिन पहले उसे बुखार आया था। एक अक्टूबर को पिता उसे लेकर चाचा नेहरू अस्पताल पहुंचे। वहां ड्यूटी डॉक्टर को बताया तो उसने जांच कर पहले इलाज करने वाले डॉक्टरों को ही बताने का कहकर लौटा दिया। इसके बाद दो अक्टूबर को एमवायएच में चक्कर लगाते रहे।
पिता के अनुसार बुखार के साथ बेटी की सेहत भी गिरती जा रही है। अब वे बुधवार को एमवाय अस्पताल में अधीक्षक से मिलेंगे। मामले में एमवायएच अधीक्षक डॉ. वीएस पाल का कहना है कि मंगलवार को छुट्टी के कारण डॉक्टर नहीं मिल पाए होंगे। जांच के बाद इलाज किया जाएगा।