पुलिस की मिली भगत से चलाया जा रहा था देह व्यापार, क्राइम ब्रांच की टीम ने मारा छापा
क्राइम ब्रांच को एक मकान में कुछ दिनों से अनैतिक गतिविधियां होने की सूचना मिली रही थी। इस मकान पर अक्सर संदिग्ध महिलाओं और पुरुषों का आना-जाना लगा रहता था।
नई दिल्ली, जेएनएन। हनी ट्रैप मामले के बीच मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के कोलार इलाके में क्राइम ब्रांच ने देह व्यापार के एक अड्डे का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मौके से नौ युवतियों और 11 पुरुषों को गिरफ्तार किया है। छापेमारी के दौरान इस धंधे में तीन पुलिसकर्मियों की मिलीभगत भी सामने आई है। इनमें से दो सिपाही क्राइम ब्रांच में पदस्थ रहे हैं, जो वर्तमान में सस्पेंड हैं।
एसपी नार्थ शैलेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि कोलार क्षेत्र स्थित दानिशकुंज में किराये के एक मकान में कुछ दिनों से अनैतिक गतिविधियां होने की सूचना मिली रही थी। इस मकान पर अक्सर संदिग्ध महिलाओं और पुरुषों का आना-जाना लगा रहता था।
क्राइम ब्रांच की टीम ने मारा छापा
संदेह होने पर आस-पड़ोस के लोगों ने मकान में रहने वाली महिला से पूछताछ की तो उसने बता रखा था कि वह एक कंपनी की समन्वयक है। इसलिए कंपनी के लोग अक्सर उसके पास आते रहते हैं। बुधवार को मुखबिर से पता चला कि मकान में बड़ी संख्या में महिला-पुरुष इकट्ठे हुए हैं। इस आधार पर क्राइम ब्रांच की टीम ने छापा मारा। मकान के अंदर सभी लोग आपत्जिनक स्थिति में मिले। सभी को हिरासत में ले लिया गया।
महाराष्ट्र से भी बुलाती थी युवतियां
एएसपी झारिया के मुताबिक मकान में रहने वाली महिला से पूछताछ में पता चला कि वह भोपाल के अलावा नागपुर, मुंबई से भी युवतियों को बुलाती थी। ग्राहकों को यहां शराब भी उपलब्ध कराई जाती थी। हाईप्रोफाइल ग्राहक को आने -जाने के लिए कार का भी इंतजाम किया जाता था। एएसपी ने बताया कि पूछताछ में तीन पुलिसकर्मियों के नाम भी सामने आए हैं। उनकी भूमिका की जांच की जा रही है। दोषी पाए जाने पर उनके खिलाफ केस दर्ज किया जाएगा।