Move to Jagran APP

दिन में धूप और शाम को आंधी ने किया परेशान, यूं बदला मौसम का मिजाज

दिल्ली, जम्मू-कश्मीर व हरियाणा में गुरुवार को दिन में गर्मी ने लोगों का दम निकाला, वहीं शाम को आंधी ने परेशानी बढ़ा दी।

By Manish NegiEdited By: Published: Thu, 17 May 2018 11:25 PM (IST)Updated: Fri, 18 May 2018 07:37 AM (IST)
दिन में धूप और शाम को आंधी ने किया परेशान, यूं बदला मौसम का मिजाज
दिन में धूप और शाम को आंधी ने किया परेशान, यूं बदला मौसम का मिजाज

नई दिल्ली, जागरण न्यूज नेटवर्क। देश में मौसम के कई रूप देखने को मिल रहे हैं। दिल्ली, जम्मू-कश्मीर व हरियाणा में गुरुवार को जहां दिन में गर्मी ने लोगों का दम निकाला, वहीं शाम को आंधी ने परेशानी बढ़ा दी। कई राज्यों में जहां बादल छाए रहे, वहीं कुछ जगह राहत की बारिश भी हुई। मौसम विभाग ने कई राज्यों में शुक्रवार को आंधी और बारिश होने की संभावना जताई है।

loksabha election banner

दिल्ली में इस सीजन का सबसे गर्म दिन रहा गुरुवार
दिल्ली में गुरुवार को दोपहर तक जहां लोग गर्मी से परेशान रहे, वहीं शाम को आंधी ने जनजीवन प्रभावित किया। गर्मी का आलम यह था कि औसत अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस रहा। सबसे गर्म क्षेत्र पालम रहा जहां तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। गुरुवार इस सीजन का सबसे गर्म दिन रहा।

उत्तराखंड में पारे से पहाड़ बेचैन
उत्तराखंड में पारा उछाल भरने लगा है। मैदान से लेकर पहाड़ तक गर्मी लोगों को बेचैन कर रही है। विशेषकर दोपहर में बाजारों में सन्नाटा है। यहां तक कि उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और गोपेश्वर जैसे पहाड़ी शहर भी इससे अछूते नहीं हैं। अलबत्ता, शुक्रवार को उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ में भी बूंदाबांदी के आसार हैं।

पंजाब में पल-पल बदला मौसम
पंजाब में मौसम पल पल करवट ले रहा है। एक दिन तेज धूप तो अगले ही दिन आंधी और बारिश। गुरुवार को भी सुबह तेज धूप निकली, लेकिन दोपहर बाद बादल छा गए। कुछ जिलों में बूंदाबांदी भी हुई। इससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई। ज्यादातर जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से कम रहा है। शुक्रवार को धूल भरी हवाएं चलने व हल्की बारिश की संभावना है।

जम्मू में छाए बादल, आंधी ने बढ़ाई मुसीबत
जम्मू-कश्मीर में दिनभर बादल छाए रहने से तापमान सामान्य से नीचे आ गया है। दोपहर बाद अचानक धूल भरी आंधी ने बादल तो उड़ाये पर कुछ देर के लिए लोगों का जनजीवन अस्त व्यस्त कर दिया।

हरियाणा में मौसम खुशगवार
हरियाणा के कई हिस्सों में बृहस्पतिवार को भी मौसम परिवर्तनशील रहा। चरखी दादरी, भिवानी, झज्जर में दिनभर गर्मी ने परेशान किया तो शाम को आंधी के बाद बूंदाबांदी से राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को आंशिक बादल छाने के साथ ही बूंदाबांदी की संभावना है।

गर्म हवा से झुलस रहा मध्य प्रदेश
राजस्थान की तरफ से आ रही गर्म हवा के थपेड़ों से मध्य प्रदेश झुलसने लगा है। गुरुवार को प्रदेश के खरगोन, खजुराहो और नौगांव में दिन का अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

हिमाचल ने हुई राहत की बारिश
हिमाचल प्रदेश में दिनभर कई स्थानों पर बादल छाए रहे, जिससे उमस बढ़ गई। देर शाम को कांगड़ा जिले के धर्मशाला, पालमपुर समेत कुछ स्थानों पर बारिश होने से लोगों को राहत मिली। गुरुवार को ऊना में अधिकतम तापमान 40 डि‌र्ग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे के दौरान मौसम आमतौर पर साफ रहेगा। मध्यम ऊंचाई वाले कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश हो सकती है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.