तमिलनाडु:ग्रेनाइट कारोबारी वीरमणि की बढ़ीं मुश्किलें, जेल में बंद आरोपी पर नाबालिग से रेप का एक और केस दर्ज
ग्रेनाइट कारोबारी आर. वीरमणि, जो पहले से ही बच्चों के यौन शोषण मामले में जेल में हैं, के खिलाफ अब ...और पढ़ें

ग्रेनाइट कारोबारी वीरमणि पर नाबालिग से दुष्कर्म का एक और गंभीर आरोप

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, चेन्नई। तमिलनाडु के चर्चित ग्रेनाइट कारोबारी आर. वीरमणि की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। बच्चों के साथ यौन शोषण के एक मामले में 29 अगस्त से पुझल सेंट्रल जेल में बंद वीरमणि के खिलाफ अब नाबालिग से रेप का एक और नया मामला दर्ज किया गया है।
एसआईटी ने सोमवार को जेल प्रशासन के जरिए वीरमणि को औपचारिक रूप से इस नए केस में गिरफ्तार कर लिया।
नाबालिग की मां की शिकायत पर दर्ज हुआ मामला
यह नया मामला 2014 में आत्महत्या करने वाली एक 16 वर्षीय नाबालिग लड़की की मां की शिकायत पर दर्ज हुआ है। पीड़िता तेयनमपेट के एक स्कूल में 11वीं कक्षा की छात्रा थी। उसकी मां के अनुसार, अपनी जान देने से कुछ दिन पहले लड़की वीरमणि के घर गई थी, जिसके बाद से वह काफी गुमसुम रहने लगी थी।
इस घटना के बाद कृष्णमपेट श्मशान घाट में उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया था और आइस हाउस थाना पुलिस ने धारा 174 के तहत मामला दर्ज किया था।
हिम्मत जुटाकर दर्ज कराई शिकायत
यह मामला सालों से ठंडे बस्ते में पड़ा था, क्योंकि 2017 में आइस हाउस पुलिस स्टेशन में लगी आग के कारण इस केस से जुड़े सभी अहम रिकॉर्ड जलकर नष्ट हो गए थे। हाल ही में जब वीरमणि की बच्चों के साथ यौन शोषण के मामले में गिरफ्तारी की खबर सामने आई, तब पीड़िता की मां ने हिम्मत जुटाकर रविवार को दोबारा पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलने के बाद एसआईटी ने संबंधित कोर्ट और असिस्टेंट कमिश्नर के दफ्तर से पुरानी एफआईआर की कॉपी को निकाला और विस्तृत जानकारी जुटाई। इसके बाद तुरंत केस दर्ज किया गया।
पुलिस ने वॉट्सएप नंबर किया जारी
इस पूरे मामले की जांच एडिशनल कमिश्नर पी.सी. थेनमोझी की अगुवाई में गठित सभी महिला अधिकारियों की एसआईटी कर रही है। एसआईटी ने आम जनता से अपील की है कि अगर किसी के पास वीरमणि या इससे जुड़े मामले के बारे में कोई सबूत, दस्तावेज या जानकारी है, तो वे तुरंत 9345319676 वॉट्सएप के जरिए संपर्क करें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी।
