कर्नाटक के पूर्व सीएम येदियुरप्पा की पोती ने लगाया फंदा, बारिंग और लेडी कर्जन अस्पताल में किया जा रहा पोस्टमार्टम
कर्नाटक के पूर्व सीएम बीएस येदियुरप्पा की पोती सौंदर्या शुक्रवार सुबह बेंगलुरु में अपने निजी घर पर फंदे लटकी हुई पाई गई हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
नई दिल्ली, एएनआइ। कर्नाटक के पूर्व सीएम बीएस येदियुरप्पा की पोती सौंदर्या शुक्रवार सुबह बेंगलुरु में अपने निजी घर पर पंखे से लटकी हुई पाई गई हैं। सूत्रों के अनुसार सुबह 10 बजे घटना की जानकारी मिली। अभी मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पूर्व सीएम के कार्यालय ने बताया कि बेंगलुरु के सरकारी अस्पताल बारिंग और लेडी कर्जन में शव का अभी पोस्टमार्टम किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार मौके से प्राप्त साक्ष्य के मुताबिक आत्महत्या का मामला होने की संभावना जताई जा रही है।
पेशे से डाक्टर थी सौंदर्या
आपको बता दें कि सौदर्या की उम्र 30 साल थी और वह एमएस रमैया अस्पताल में डाक्टर के तौर पर कार्यरत थीं। उन्होंने 2019 में डॉक्टर नीरज से शादी की थी। उनका एक बच्चा भी था। इस घटना से पूरे राज्य में शोक की लहर है। मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई और कर्नाटक सरकार के कई मंत्री बीजेपी नेता को हौसला देने के लिए मौके पर अस्पताल पहुंचे।
4 बार कर्नाट के सीएम बने येदियुरप्पा
गौरतलब हो कि पिछले साल कर्नाटक में पूर्व सीएम बीएस येदियुरप्पा ने अपना इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने राज्यपाल थावर चंद्र गहलोत को अपना इस्तीफा सौंपा था। येदियुरप्पा के बाद बसवराज बोम्मई राज्य के नए मुख्यमंत्री बने थे, लेकिन येदियुरप्पा की राज्य में खास पहचान है। इसके चलते येदियुरप्पा 4 बार कर्नाटक के सीएम रह चुके हैं। येदियुरप्पा ने इस साल अपनी सरकार के 2 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में एक कार्यक्रम में इस्तीफे का एलान किया था। राज्यपाल को इस्तीफा सौंपने के बाद उन्होंने कहा कि आलाकमान से उन पर कोई दवाब नहीं था। 2018 के कर्नाटक चुनाव में येदियुरप्पा चौथी बार मुख्यमंत्री बने थे। इस बीच अगले साल 2023 में कर्नाटक विधानसभा के अगले चुनाव होने है।