सुप्रीम कोर्ट में केवल दो महिला जज तो हाई कोर्टो में कुल 78 महिला न्यायाधीश, सरकार ने बताया
कानून मंत्री बोले- एक सितंबर 2020 तक उपलब्ध स्थितियों के हिसाब से सुप्रीम कोर्ट में केवल दो महिला न्यायाधीश हैं।
नई दिल्ली, प्रेट्र। सरकार ने संसद को जानकारी दी है कि सुप्रीम कोर्ट में केवल दो महिला जज और हाई कोर्टो में कुल 78 महिला न्यायाधीश हैं। लोकसभा में सवालों का लिखित जवाब देते हुए बुधवार को केंद्रीय कानून व न्याय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने बताया कि प्राधिकरण में महिला जजों के मामले एकीकृत रूप से नहीं देखे जाते हैं। उन्हें कई अलग मंत्रालय और विभाग देखते हैं।
उन्होंने बताया कि निचली अदालतों की महिला जजों के मामले भी केंद्रीय रूप से नहीं देखे जाते हैं। चूंकि यह मामले संबंधित हाईकोर्ट और राज्य सरकारों के अधीन आते हैं। प्रसाद ने कहा कि एक सितंबर, 2020 तक उपलब्ध स्थितियों के हिसाब से सुप्रीम कोर्ट में केवल दो महिला न्यायाधीश हैं। जबकि विभिन्न हाईकोर्टो में कुल 78 महिला जज हैं। उन्होंने बताया कि सुप्रीम कोर्ट में कुल जजों की संख्या 34 है जिसमें से केवल दो ही महिला हैं। पंजाब व हरियाणा हाईकोर्ट में कुल 11 महिला जज हैं। मद्रास हाईकोर्ट में नौ और दिल्ली व मुंबई में 8-8 महिला जज नियुक्त हैं।