विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

स्पाइसजेट पर सरकार की पैनी नजर: उड्डयन मंत्री नायडू बोले- वित्तीय और परिचालन स्थिति की हो रही है गहन जांच

Published: Wed, 23 Sep 2026 07:34 AM (IST)

नागरिक उड्डयन मंत्री के. राममोहन नायडू ने मंगलवार को कहा कि सरकार और विमानन नियामक डीजीसीए स्पाइसजेट के वित्तीय और ...और पढ़ें

स्पाइसजेट की वित्तीय और परिचालन स्थिति पर करीबी नजर रख रही सरकार : नायडू (फाइल फोटो)

स्पाइसजेट की वित्तीय और परिचालन स्थिति पर करीबी नजर रख रही सरकार : नायडू (फाइल फोटो)

HighLights

  1.  नायडू ने जोर देकर कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है

  2. नायडू ने कहा कि नियामक लगातार स्पाइसजेट के प्रदर्शन की निगरानी कर रहा है 

आईएएनएस, नई दिल्ली। नागरिक उड्डयन मंत्री के. राममोहन नायडू ने मंगलवार को कहा कि सरकार और विमानन नियामक डीजीसीए स्पाइसजेट के वित्तीय और परिचालन प्रदर्शन की करीबी निगरानी कर रहे हैं, जबकि एयरलाइन को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है।

इनमें वित्तीय दबाव, घटता बेड़ा और घरेलू बाजार हिस्सेदारी में गिरावट आदि शामिल हैं। नायडू ने जोर देकर कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।

मंत्री ने एयरलाइन की निगरानी के संबंध में कहा कि नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) को एयरलाइन के संचालन और वित्त की समीक्षा करने का कार्य सौंपा गया है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि विमानन सुरक्षा में कोई समझौता न हो।

नायडू ने कहा कि नियामक लगातार स्पाइसजेट के प्रदर्शन की निगरानी कर रहा है और एयरलाइन के साथ नियमित संवाद बनाए हुए है। सरकार एयरलाइन के साथ चर्चा कर रही है और उसे परिचालन क्षमता बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित कर रही है क्योंकि वह अपने व्यवसाय को स्थिर करने की कोशिश कर रही है।

हब-एंड-स्पोक उड़ानों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया: नायडू

नागरिक उड्डयन मंत्री के. राममोहन नायडू ने बताया कि हब-एंड-स्पोक माडल के तहत संचालित फ्लाइटों की सुरक्षा की व्यापक समीक्षा कर उसे मजबूत किया गया है ताकि आगे कोई चूक न हो। चार सितंबर को दिल्ली हवाई अड्डे पर हुई सुरक्षा चूक के मामले में एअर इंडिया को कारण बताओ नोटिस दिया गया है और संबंधित कर्मचारियों को निलंबित किया गया है।

इस घटना में अमृतसर से एअर इंडिया की उड़ान से दिल्ली पहुंचे तीन इतालवी यात्री इमिग्रेशन प्रक्रिया पूरी किए बिना लुफ्थांसा की उड़ान से म्यूनिख चले गए थे।

इस मॉडल के तहत अंतरराष्ट्रीय यात्री अपने शुरुआती हवाई अड्डे पर ही चेक-इन, इमिग्रेशन, सीमा शुल्क आदि की औपचारिकताएं पूरी करते हैं। इसके बाद निर्धारित ‘हब’ हवाई अड्डे पर पहुंचने के बाद वे आगे की अंतरराष्ट्रीय उड़ान में सवार हो सकते हैं और उन्हें दोबारा इन प्रक्रियाओं से नहीं गुजरना पड़ता। यह माडल अहमदाबाद, वाराणसी और अमृतसर हवाई अड्डों से शुरू किया गया है।

आइएएनएस के अनुसार, नायडू ने कहा कि सरकार और नागरिक उड्डयन महानिदेशालय स्पाइसजेट के वित्तीय और परिचालन प्रदर्शन की करीबी निगरानी कर रहे हैं। एयरलाइन को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।