विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मध्य प्रदेश में हिट एंड रन केस : गोपालपुर चौकी प्रभारी की वर्दी फाड़ी, दौडाकर की पिटाई; भागकर बचाई जान

Published: Sun, 25 Oct 2026 06:06 AM (IST)Updated: Sun, 25 Oct 2026 07:00 AM (IST)

गोपालपुर चौकी के प्रभारी की जिम्मेदारी शुक्रवार को ही एसआई अतुल हरदहा ने संभाली थी। झनकी में दुर्घटना की सूचना ...और पढ़ें

गोपालपुर चौकी प्रभारी की कार में लगाई आग (फोटो- सोशल मीडिया)

गोपालपुर चौकी प्रभारी की कार में लगाई आग (फोटो- सोशल मीडिया)

HighLights

  1. झनकी में हिट एंड रन केस के बाद भीड़ का हंगामा, समझाइश देने के चलते आरोपितों ने चौकी प्रभारी को पीटा  

  2. कार में लगाई आग, पुलिस ने छह नामजद सहित 15 से 20 अज्ञात पर दर्ज की एफआईआर

  3. आरोपितों के विरूद्ध आगजनी, बलवा, शासकीय सेवक की पिटाई, कार्य में बाधा व अन्य धाराओं में मामला दर्ज 

  4. अज्ञात वाहन चालक के विरूद्ध भी दर्ज किया गया मामला, वाहन मालिक का पूरा परिवार रात भर रहा गायब 

जेएनएन, डिंडौरी। जिले के गोपालपुर चौकी अंतर्गत ग्राम झनकी में शुक्रवार की देर शाम साप्ताहिक बाजार के दौरान हिट एंड रन का मामला सामने आने के बाद बेकाबू आरोपितों ने समझाइश देने पहुंचे चौकी प्रभारी की वर्दी फाड़ने के साथ दौडाकर पीटने की वारदात को अंजाम दिया गया।

चौकी प्रभारी अतुल हरदहा ने किसी तरह खेतों की ओर भागकर अपनी जान बचाई गई। वारदात के दूसरे दिन शनिवार को चौकी प्रभारी की शिकायत पर करंजिया थाना में छह नामजद सहित 15-20 अज्ञात के विरूद्ध गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज हुआ है।

आरोपितों के विरूद्ध आगजनी, बलवा, शासकीय सेवक की पिटाई, शासकीय कार्य में बाधा, गाली गलौज, जान से मारने की धमकी देने सहित अन्य धाराओं के तहत मामला बना है। पुलिस ने इसी तरह लोगों को कुचलने वाले अज्ञात वाहन चालक के विरूद्ध भी मामला दर्ज किया है।

ग्राम मनकी निवासी वाहन मालिक संतोष साहू का पूरा परिवार डर के मारे रात भर घर से गायब रहा। उग्र भीड उनके घर में भी आग लगाने की धमकी दे रही थी।

नईदुनिया से चर्चा के दौरान वाहन मालिक के परिजन उर्मिला साहू व विमला साहू ने बताया कि उनके वाहन की चाबी जबरन ग्राम करौंदी निवासी सुरजीत ले गया था। संबंधित युवक उनके यहां ट्रैक्टर चलाता है।

शनिवार को वापस महिलाएं घर लौटीं। गौरतलब है कि इस दुर्घटना में जहां एक की मौत हुई है वहीं चार अन्य घायल हुए हैं।

गौरतलब है कि चौकी प्रभारी अतुल हरदहा की पहचान एक कर्मठ प्रभारी के तौर पर जानी जाती है। वे लंबे समय तक अमरपुर के साथ विक्रमपुर चौकी में भी प्रभारी की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। आरोपितों के विरूद्ध पुलिस अब कडी कार्रवाई करने की तैयारी में है।

चौकी प्रभारी ने दर्ज कराई शिकायत

गोपालपुर चौकी के प्रभारी की जिम्मेदारी शुक्रवार को ही एसआई अतुल हरदहा ने संभाली थी। झनकी में दुर्घटना की सूचना मिलने पर वे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर लोगों को समझा रहे थे, उसी दौरान भीड़ ने उन पर ही हमला कर दिया।

शिकायतकर्ता चौकी प्रभारी अतुल हरदहा ने बताया कि 23 अक्टूबर को शाम 6.45 बजे उन्हें ग्राम झनकी में सड़क दुर्घटना की सूचना मिली थी।

सूचना पर वे स्टाफ सहायक उपनिरीक्षक गोविंद मरावी, आरक्षक किशन शर्मा, आरक्षक मौसम भासंत, गोपनीय सैनिक हरिहर धुर्वे, 36वीं वाहिनी बटालियन के आरक्षक देवेश तिवारी और ओंकार तिवारी को लेकर मौके पर पहुंचे थे।

नामजद आरोपित करेंगे अन्य आरोपितों की पहचान

मौके पर पता चला कि ग्राम झनकी में उत्तम सिंह धुर्वे की एक्सीडेंट में मौत हो गई है और तीन व्यक्ति नर्मदा मरावी निवासी ग्राम झनकी, विवेक पेंद्राम और पुरषोत्तम पेंद्राम दोनों निवासी बिट्ठलदेह घायल है।

शिकायत में उन्होंने बताया कि भीड़ दुर्घटना करने वाले वाहन क्रमांक एमपी 52 जेडए 3745 को आग लगाने की बात कह रही थी। जब उन्होंने भीड़ को समझाकर आग लगाने से मना किया तो भीड़ उग्र हो गई।

इस मामले में पुलिस ने आरोपित पिंटू पेंद्राम निवासी ग्राम दमहेड़ी राजेंद्रग्राम जिला अनूपपुर, गोपेन्द्र चंदेल, जितेन्द्र चंदेल, योगेश चंदेल, रोहित तेकाम सभी निवासी ग्राम झनकी के साथ सुभाष वालरे निवासी ग्राम विट्ठलदेह और 15 से 20 अन्य अज्ञात लोगों पर मामला दर्ज किया है।

आरोप है कि सभी ने एक राय होकर पुलिस टीम को घेर लिया, आरोपितों ने चौकी प्रभारी को मां बहन की गंदी-गंदी गालियां दीं, जान से मारने की धमकी दी और शासकीय कार्य में बाधा डालते हुए मारपीट की।

बताया गया कि आरोपित सुभाष वालरे द्वारा वर्दी फाड़ दी गई। रोहित तेकाम द्वारा डंडे से मारा गया। सभी ने वाहन में आग लगा दी। आरोपितों ने संतोष साहू की कार पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी, जिससे कार पूरी तरह जल गई।

झनकी वाली घटना में अज्ञात वाहन चालक के विरूद्ध मामला दर्ज करने के साथ चौकी प्रभारी की शिकायत में छह नामजद और 15-20 अज्ञात के विरूद्ध मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है इस मामले में आरोपितों की पहचान कर पुलिस आवश्यक कार्रवाई करेगी। किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने का अधिकार नहीं है।