रोग के लक्षणों की जानकारी देगा गूगल का 'सिमटम सर्च'
सर्च इंजन गूगल अपोलो अस्पताल के सहयोग से भारत में 'सिमटम सर्च' नामक एप लांच करने जा रहा है।
नई दिल्ली (आइएएनएस)। बड़ी संख्या में लोग अब किसी बीमारी से ग्रस्त होने पर पहले उसके लक्षणों को गूगल पर सर्च करते हैं, इसके बाद डॉक्टर के पास चेकअप के लिए जाते हैं। इसी को देखते हुए सर्च इंजन गूगल अपोलो अस्पताल के सहयोग से भारत में 'सिमटम सर्च' नामक एप लांच करने जा रहा है। यह एप हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषा में उपलब्ध होगा।
इस एप में सबसे ज्यादा ढूंढे जाने वाले लक्षणों से संबंधित जानकारियों को जोड़ा जाएगा। मसलन, एप में खांसी और दर्द लक्षण सर्च करते ही मिलते-जुलते लक्षणों से संबंधित रोगों की पूरी लिस्ट पलक झपकते ही सामने होगी। एप लांच से पहले गूगल ने हालांकि अपने यूजर्स को सचेत किया है कि इसे केवल जानकारी उपलब्ध कराने के लिए लांच किया जा रहा है।
इलाज के लिए डॉक्टर की सलाह ही लें। अपोलो अस्पताल की संयुक्त प्रबंध निदेशक संगीता रेड्डी ने कहा, 'मरीजों की सुविधा के लिए हमने डिजिटल तकनीक के उपयोग पर हमेशा जोर दिया है। सिमटम सर्च एप को भी इसी के तहत लांच किया जा रहा है।'