Goa Curfew Extension: अब 31 मई तक गोवा में रहेगा कर्फ्यू, मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने किया एलान
बढ़ते कोरोना संक्रमण को देखते हुए गोवा में 31 मई तक कर्फ्यू बढ़ा दिया गया है। प्रदेश के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने इसकी घोषणा की है। बता दें कि इस वक्त कोरोना की दूसरी लहर से देश जूझ रहा है। जानें अन्य राज्यों की स्थिति।
पणजी, एएनआइ। बढ़ते कोरोना संक्रमण को देखते हुए गोवा में 31 मई तक कर्फ्यू बढ़ा दिया गया है। प्रदेश के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने इसकी घोषणा की है। बता दें कि इस वक्त कोरोना की दूसरी लहर से देश जूझ रहा है। संक्रमण की बढ़ती रफ्तार को देखते हुए अधिकतर राज्यों में लगातार लॉकडाउन और नाइट कर्फ्यू बढ़ाया जा रहा है। फिलहाल गोवा में 9 मई से 23 मई तक सख्त, राज्यव्यापी कर्फ्यू लगा हुआ है। इसकी जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने बताया था कि इस दौरान आवश्यक वस्तुओं की दुकानें और किराना दुकानें 7 बजे से दोपहर 1 बजे तक खुली रहेंगी। वहीं दवा की दुकानें सामान्य रूप से खुली रहेंगी।
दिल्ली और कर्नाटक मे 24 मई तक लॉकडाउन
कर्नाटक सरकार ने भी दो सप्ताह के लिए संपूर्ण लाकडाउन लगाया हुआ है। इसके तहत 10 मई सुबह 6 बजे से 24 मई सुबह 6 बजे तक लाकडाउन रहेगा। वहीं बात अगर राजधानी दिल्ली की करें तो यहां पर भी लगातार लॉकडाउन बढ़ाया जा रहा है। 24 मई तक फिलहाल दिल्लीवासियों के लिए प्रतिबंध हैं। वहीं 11 मई से मेट्रो का परिचालन भी बंद है। दरअसल, देश में लगातार कोरोना के मामलों में इजाफा हो रहा है, जिसके चलते सरकार लॉकडाउन लगाने पर मजबूर है।
राजस्थान और बंगाल में भी 24 मई तक लॉकडाउन
उधर, राजस्थान में भी लाकडाउन लगाया हुआ है। राज्य में महामारी की दूसरी लहर को रोकने के लिए 10 से 24 मई तक लाकडाउन प्रभावी है। आवश्यक सेवाओं को छोड़कर सबकुछ फिलहाल यहां बंद है। वहीं बंगाल में भी 16 मई से सुबह 6 बजे से 30 मई शाम 6 बजे तक लॉकडाउन बढ़ाया जा चुका है।
24 घंटों में कोरोना संक्रमण के 2.59 लाख नए मामले आए सामने
देश में बीते 24 घंटों में कोरोना संक्रमण के 2.59 लाख नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही कुल मामलों की संख्या बढ़कर 2.60 करोड़ हो गई। इस दौरान 4209 लोगों की मौत भी हुई है। इसके साथ ही पिछले सात दिन से नए मामलों की अपेक्षा ठीक होने वालों की संख्या अधिक रही।