विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'उन्हें हर जगह दिखता है अमेरिका का भूत' UPI टैक्स वाली टिप्पणी पर ज्योतिरादित्य सिंधिया का राहुल पर पलटवार

Published: Wed, 16 Sep 2026 09:13 PM (IST)

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने UPI MDR पर राहुल गांधी की आलोचना का जवाब दिया, कहा ग्राहकों पर कोई शुल्क ...और पढ़ें

राहुल गांधी को हर जगह अमेरिका का भूत दिखता है।

राहुल गांधी को हर जगह अमेरिका का भूत दिखता है।

HighLights

  1. ज्योतिरादित्य सिंधिया ने राहुल गांधी के UPI MDR बयान पर पलटवार किया।

  2. ग्राहकों पर UPI ट्रांजैक्शन का कोई शुल्क नहीं लगेगा।

  3. शुल्क केवल 1 लाख से अधिक मासिक UPI वाले व्यापारियों पर।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बुधवार को UPI मर्चेंट डिस्काउंट रेट (MDR) के फैसले को लेकर मोदी सरकार की आलोचना करने पर राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता को हर जगह अमेरिका का 'भूत' दिखता है और देश बनाने की कोई बात नहीं होती।

समाचार एजेंसी एएनआई को दिए एक इंटरव्यू में सिंधिया ने कहा कि ग्राहकों पर कोई शुल्क लगाने की सिफारिश नहीं की गई है और ऐसा करना कानून का उल्लंघन होगा और यह एक अपराध माना जाएगा।

ज्योतिरादित्य सिंधिया, जो पूर्वोत्तर क्षेत्र के विकास के लिए केंद्रीय मंत्री भी हैं, उन्होंने कहा कि देश के लोगों के मन या दिल में नकारात्मक सोच या नकारात्मक प्रवृत्तियों के लिए जगह नहीं है और बीजेपी के नेतृत्व वाली सरकार सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ रही है।

राहुल गांधी को हर जगह अमेरिका का भूत दिखता है- सिंधिया

सिंधिया ने कहा कि राहुल गांधी को हर जगह अमेरिका का भूत दिखता है। देश बनाने की कोई बात नहीं होती। देश के अंदर हो या बाहर, ध्यान देश को नीचा दिखाने पर ही होता है। हमारे देश के लोगों के मन या दिल में नकारात्मक सोच या नकारात्मक प्रवृत्तियों के लिए कोई जगह नहीं है। हम सकारात्मक सोच और विचारधारा के साथ आगे बढ़ रहे हैं।

उन्होंने कहा कि हर नागरिक देश को आगे ले जाने के एकमात्र इरादे के साथ दिन-रात काम कर रहा है। मैं अमेरिकी विशेषज्ञों या अधिकारियों की बातों का जवाब नहीं दे रहा हूं। मैंने आपको और जनता को इसके पीछे के कारण स्पष्ट रूप से बताए हैं, कि हम इसे कैसे लागू कर रहे हैं और यह किस पर लागू होगा।

ग्राहक पर कोई बोझ नहीं पड़ेगा- सिंधिया 

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि ग्राहक पर कोई बोझ नहीं पड़ेगा। यह शुल्क व्यापारी पर लगता है, खासकर उन व्यापारियों पर जिनका मासिक UPI आधारित भुगतान 1 लाख रुपए से अधिक है। जैसा कि मैंने बताया, यह केवल 4 प्रतिशत व्यापारियों पर लागू होता है।

सिंधिया, राहुल गांधी के उन आरोपों का जवाब दे रहे थे जिनमें कहा गया था कि अमेरिकी दबाव के कारण UPI MDR ट्रांजैक्शन शुल्क लगाया जा रहा है।

राहुल गांधी ने सरकार पर लगाए आरोप

राहुल गांधी ने UPI ट्रंजैक्शन पर प्रस्तावित ट्रांजैक्शन शुल्क को लेकर बीजेपी के नेतृत्व वाली सरकार पर हमला बोला था और आरोप लगाया था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप के सामने झुकने के बजाय सीधे खड़े रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानंमत्री को हिम्मत दिखानी चाहिए और UPI चार्ज वापस लेने चाहिए।

(समाचार एजेंसी एएनआई के इनपुट के साथ)