कांडा का समर्पण, पुलिस ने दिखाई गिरफ्तारी
दिल्ली पुलिस ने शनिवार को गीतिका खुदकुशी मामले के आरोपी हरियाणा के पूर्व मंत्री गोपाल कांडा का मेडिकल चेकअप कराने के बाद सायंकाल पुलिस ने उन्हें अतिरिक्त मुख्य महानगर मजिस्ट्रेट डीके जंगाला की अदालत में पेश किया। पुलिस ने कांडा से पूछताछ और मामले के सुबूतों की तलाश के लिए 14 दिनों की रिमांड मांगी लेकिन अदालत ने सात दिन की पुलिस रिमांड स्वीकृत की। सूत्रों के अनुसार मेडिकल चेकअप के दौरान कांडा का खून का नमूना भी लिया गया है। संभव है कि पुलिस नमूने को डीएनए टेस्ट के लिए भेजे।
जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने शनिवार को गीतिका खुदकुशी मामले के आरोपी हरियाणा के पूर्व मंत्री गोपाल कांडा का मेडिकल चेकअप कराने के बाद सायंकाल पुलिस ने उन्हें अतिरिक्त मुख्य महानगर मजिस्ट्रेट डीके जंगाला की अदालत में पेश किया। पुलिस ने कांडा से पूछताछ और मामले के सुबूतों की तलाश के लिए 14 दिनों की रिमांड मांगी लेकिन अदालत ने सात दिन की पुलिस रिमांड स्वीकृत की। सूत्रों के अनुसार मेडिकल चेकअप के दौरान कांडा का खून का नमूना भी लिया गया है। संभव है कि पुलिस नमूने को डीएनए टेस्ट के लिए भेजे।
इससे पहले कांडा के शनिवार तड़के हुए आत्मसमर्पण के हाई वोल्टेज ड्रामे में सब कुछ था। रहस्य, रोमांच और कौतूहल से भरे घटनाक्रम में गीतिका खुदकुशी मामले के आरोपी कांडा एक न्यूज चैनल की वैन में अपने वकीलों के साथ बैठकर दिल्ली के अशोक विहार थाने के सामने आए। इंतजार में टकटकी लगाए खड़े पुलिसकर्मियों की आंखें उन्हें देखकर चमकीं और पलक झपकते ही उन्होंने कांडा को गिरफ्त में ले लिया। सब कुछ फिल्मी अंदाज में हुआ। कांडा 10 दिन से पुलिस से आंख-मिचौली खेल रहे थे और निर्विवाद रूप से दिल्ली पुलिस ने उन्हें इसके लिए मौका मुहैया कराया था।
कांडा के समर्पण का ड्रामा शुक्रवार पूरी रात चला। पहले दिल्ली पुलिस के आयुक्त की ओर से ट्वीट किया गया कि कांडा बहुत जल्द हमारे हाथ होंगे। मीडिया को भी कांडा के समर्पण की सूचना को लीक किया गया। इसके परिणामस्वरूप मध्य रात्रि से पहले ही तमाम मीडियाकर्मी अशोक विहार थाने के बाहर जा जमे। मध्य रात्रि के करीब कांडा के भाई गोविंद गोयल तमाम समर्थकों को लेकर वहां पहुंच गए। ड्रामे का रोमांच तब और बढ़ गया जब समर्थकों ने दिल्ली पुलिस के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी, लगने लगा कि अब कांडा आने वाले हैं।
तभी पुलिस ने गोविंद गोयल को गिरफ्तार कर लिया और थाने के बाहर व दिल्ली की सीमाओं पर चौकसी बढ़ा दी। लगने लगा कि दिल्ली पुलिस अपनी प्रतिष्ठा बचाने के लिए कांडा को थाने से दूर ही गिरफ्तार के प्रयास में है, इसलिए कांडा ने भी इसे प्रतिष्ठा का प्रश्न बनाकर समर्पण पर तुले हुए हैं। समय गुजरता गया, लगने लगा समर्पण का ड्रामा अभी और खिंचना है। लेकिन चार बजे कांडा ने अचानक आकर इस ड्रामे को पूरा कर दिया। उन्होंने कहा कि वह पुलिस की जांच में सहयोग करने के लिए आए हैं।
इसके बाद पुलिस उपायुक्त पी करुणाकरन ने कहा, कांडा ने समर्पण कर दिया है और हमने उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले शुक्रवार शाम को दिल्ली हाई कोर्ट ने कांडा की अग्रिम जमानत की अर्जी को खारिज कर दिया था।
कांडा की कंपनी एमडीएलआर एयरलाइंस में निदेशक रही गीतिका ने बीती पांच अगस्त को अशोक विहार इलाके में खुदकुशी कर ली थी। उसके सुसाइड नोट से कांडा की मुश्किल बढ़ी और उन्हें मंत्री पद छोड़ना पड़ा। कांडा की सहयोगी अरुणा चढ्डा को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है जबकि एक अन्य कर्मी मंदीप सिंह सरकारी गवाह बन गया है।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर