अगर आप भी चलाते हैं सेफ गाड़ी तो बीमा प्रीमियम में मिलेगी बड़ी छूट, नितिन गडकरी का एलान
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने मार्च 2027 तक सभी टोल प्लाजा को बैरियर-मुक्त करने और अच्छी ड्राइविंग करने वालों को बीमा प्रीमियम में प्रोत्साहन देने की बात कही।

मार्च 2027 तक बैरियर फ्री होंगे सभी टोल प्लाजा। (फाइल)
HighLights
नया मोटर वाहन विधेयक खराब ड्राइविंग पर कड़े जुर्माने का प्रावधान करेगा।
मार्च 2027 तक देश के सभी टोल प्लाजा बैरियर-मुक्त हो जाएंगे।
अच्छी ड्राइविंग करने वालों को बीमा प्रीमियम में प्रोत्साहन मिलेगा।
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। देशभर में बड़ी संख्या में होने वाले सड़क हादसों पर चिंता जताते हुए केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने सुधार की दिशा में चल रहे प्रयासों की भी जानकारी ग्लोबल फिनटेक फेस्ट में दी।
उन्होंने कहा कि संसद में पेश किए जाने के लिए जो नया मोटर वाहन संशोधन विधेयक तैयार किया है, उसमें खराब ड्राइविंग पर जुर्माने के कई कड़े प्रविधान किए हैं। साथ ही सरकार इस पर विचार कर रही है कि अच्छी ड्राइविंग करने वालों को कम से कम बीमा प्रीमियम का इंसेंटिव दिया जाए।
मुंबई में शुक्रवार को आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री गडकरी ने तकनीक के वित्तीय लाभों पर भी विस्तार से चर्चा की। दावा किया कि फास्टैग से पहले हाईवे पर यात्रियों को किस तरह की परेशानी झेलनी पड़ती थी, इसे सब जानते हैं। यात्रियों को टोल बैरियर में बीस मिनट से लेकर आधा घंटे तक की प्रतीक्षा करनी पड़ती थी। अब फास्टैग के कारण यात्रियों कुछ समय के लिए रुकना पड़ रहा है और ईंधन की बचत के रूप में भी आर्थिक लाभ हो रहा है।
2027 में शत-प्रतिशत टोल प्लाजा बैरियर मुक्त हो जाएंगे- गडकरी
मंत्री ने मल्टी लेन फ्री फ्लो (एमएलएफएफ) के लाभ गिनाते हुए कहा कि जहां-जहां टोल प्लाजा बैरियर मुक्त हो चुके हैं, वहां टोल राशि दस प्रतिशत बढ़ गई। उन्होंने दावा किया कि दिसंबर तक 70 प्रतिशत और मार्च 2027 में शत-प्रतिशत टोल प्लाजा बैरियर मुक्त हो जाएंगे।
चूंकि,एमएलएफएफ से दस प्रतिशत टोल वृद्धि के साथ ही संचालन पर आने वाली लागत भी 12 से घटकर दो-तीन प्रतिशत घटकर रह जाती है, इसलिए अध्ययन बताते हैं कि जब यह व्यवस्था देशभर में लागू हो जाएगी तो सिर्फ सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के माध्यम से ही केंद्र सरकार को 20 से 25 हजार करोड़ का वार्षिक लाभ होगा।
इस बीच नितिन गडकरी ने ट्रकों की ओवरलोडिंग और माल ढुलाई में अनियमितताओं पर चिंता जताई। तकनीकी विशेषज्ञों से सुधार के सुझाव व तकनीक की अपेक्षा करते हुए उन्होंने सख्त रुख भी दिखाया और कहा कि इस तरह की अनियमितता करने वाले एक फ्रेट ऑपरेटर के खिलाफ वह सीबीआई जांच भी कराने जा रहे हैं।
