बिगबास्केट, फ्लिपकार्ट और जेमिनी एडिबल्स को FSSAI ने थमाया नोटिस, भ्रामक दावे करने पर कार्रवाई
एफएसएसएआइ ने जेमिनी एडिबल्स, बिगबास्केट और फ्लिपकार्ट को 'फ्रीडम कुकिंग राइस ब्रान आयल' के भ्रामक विज्ञापनों के लिए नोटिस जारी किया है।
-1792164878175_m.webp)
बिगबास्केट, फ्लिपकार्ट को भ्रामक दावों पर नोटिस। (फोटो-AI जेनरेटेड)
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। एफएसएसएआइ ने स्वास्थ्य लाभों से संबंधित भ्रामक दावों के कारण हैदराबाद की कंपनी जेमिनी एडिबल्स एंड फैट्स इंडिया लिमिटेड, ई-कामर्स प्लेटफार्म बिगबास्केट और फ्लिपकार्ट को नोटिस जारी किए हैं।
एफएसएसएआइ ने शुक्रवार को इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट कर बताया कि 'फ्रीडम कुकिंग राइस ब्रान आयल' के विज्ञापन में स्वास्थ्य संबंधी भ्रामक दावों को लेकर जेमिनी एडिबल्स एंड फैट्स इंडिया, इनोवेटिव रिटेल कन्सेप्ट्स (बिगबास्केट) और फ्लिपकार्ट इंडिया को नोटिस जारी किया गया है।
इस उत्पाद का प्रचार ई-कामर्स प्लेटफार्म और इंटरनेट मीडिया पर किया जा रहा था। इसमें खराब कोलेस्ट्राल कम करने और अच्छे कोलेस्ट्राल को बनाए रखने या बढ़ाने जैसे दावे किए गए थे। एफएसएसएआइ ने कहा कि कोलेस्ट्राल कम करने और दिल की सेहत से जुड़े ये दावे खाद्य सुरक्षा एवं मानक (विज्ञापन एवं दावे) विनियम, 2018 के तहत राइस ब्रान आयल के लिए नहीं किए जा सकते।
इसके साथ ही जेमिनी एडिबल्स अपनी ई-कामर्स वेबसाइट के माध्यम से खाद्य उत्पाद बेच रही थी, जबकि कंपनी के पास ई-कामर्स गतिविधि के लिए वैध केंद्रीय लाइसेंस भी नहीं था। इन खाद्य कारोबार संचालकों (एफबीओ) को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। उनसे पूछा गया है कि खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत उन पर कार्रवाई क्यों न की जाए।
एफएसएसएआइ ने गंभीर अनियमितताओं के कारण डीएनवी फूड प्रोडक्ट्स लिमिटेड का लाइसेंस भी निलंबित कर दिया है। निरीक्षण के दौरान स्वच्छता, सफाई, भंडारण और लाइसेंस से जुड़ी कमियां पाई गई थीं।
रेडिसन ब्लू दिल्ली को नोटिस, लाइसेंस निलंबित करने की चेतावनी
एफएसएसएआइ ने नई दिल्ली में रेडिसन ब्लू होटल का संचालन करने वाली कंपनी एबी होटल्स लिमिटेड को खाद्य सुरक्षा और साफ-सफाई के नियमों का पालन नहीं करने पर नोटिस जारी किया है। एफएसएसएआइ ने साफ-सफाई की व्यवस्था बेहतर करने के लिए होटल प्रबंधन को तुरंत कदम उठाने का निर्देश दिया है।
एफएसएसएआइ ने शुक्रवार को इंटरनेट मीडिया पोस्ट के जरिये बताया कि संबंधित खाद्य कारोबार संचालक (एफबीओ) को कमियों को दूर करने और इस संबंध में की गई कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट जमा करने का निर्देश दिया गया है।
रिपोर्ट के साथ जरूरत के अनुसार दस्तावेजी साक्ष्य और तस्वीरें भी देनी होंगी। नियमों का पालन नहीं करने पर आगे की कार्रवाई की जा सकती है, जिसमें एफएसएसएआइ लाइसेंस का निलंबन भी शामिल है।
एफएसएसएआइ के अनुसार निरीक्षण के दौरान होटल के परिसर और उपकरणों के रखरखाव में कई कमियां पाई गईं। इनमें जंग लगी मशीनें, फ्रीजर से पानी का रिसाव और रेफ्रिजरेशन, तापमान की निगरानी, वेंटिलेशन, फर्श और रोशनी से जुड़ी समस्याएं शामिल हैं। फफूंद लगी और खराब हो चुकी सब्जियां व फल भी मिले। दस्तावेज में भी कमियां मिलीं। इसके साथ ही कई और कमियां भी मिलीं।
सोर्स- न्यूज एजेंसी PTI की रिपोर्ट के अनुसार
