मध्य प्रदेश में बुराड़ी जैसा कांड, एक ही परिवार के चार सदस्यों की रहस्यमयी मौत
मध्य प्रदेश के रायसेन जिले में एक ही परिवार के चार सदस्यों की रहस्यमयी मौत का मामला सामने आया है। रायसेन पुलिस ने सभी शवों को एक घर से बरामद किया है।
भोपाल, एएनआइ। मध्य प्रदेश के रायसेन जिले में एक ही परिवार के चार सदस्यों की रहस्यमयी मौत का मामला सामने आया है। रायसेन पुलिस ने सभी शवों को एक घर से बरामद किया है। यहां पुलिस को एक शख्स भी मिला, जिसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। जिसे इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल मामले में तहकीकात जारी है।
रायसेन के ASP एपी सिंह ने बताया, 'गंभीर हालत में मिले व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और अब वह खतरे से बाहर है। उसकी पत्नी, 12 वर्षीय बेटी, 11 वर्षीय साले और सास को मृत घोषित कर दिया गया है। मामले की जांच जारी है।'
पुलिस के मुताबिक, घटनास्थल से जख्मी हालात में मिला व्यक्ति मृत महिला का पति है। पुलिस ने बताया कि अबतक यह स्पष्ट नहीं है कि ये सभी चार मौतें कैसे हुईं? गौरतलब है कि मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से 43 किलोमीटर दूर रायसेन जिले के एक घर से चार शव बरामद हुए हैं। रायसेन के इस मामले को दिल्ली के बुराड़ी कांड से जोड़कर भी देखा जा रहा है।