तंज से तंग तरुणियों ने त्यागी जिंदगी
लोगों को ताने मार सुख खोजनेवाले कुत्सित मानसिकता वालों के लिए चेतावनी। तंज की तलवार बहुत धारदार होती है। किसी की जान भी ले सकती है। पश्चिम मेदिनीपुर जिलांतर्गत झाडग़्राम तहसील के जामबनी थानांतर्गत उड़ाग्राम के लोगों को सांप सूंघ गया है। कोई कुछ बोलने को तैयार नहीं। गांव एक साथ
खडग़पुर, संवाद सहयोगी। लोगों को ताने मार सुख खोजनेवाले कुत्सित मानसिकता वालों के लिए चेतावनी। तंज की तलवार बहुत धारदार होती है। किसी की जान भी ले सकती है।
पश्चिम मेदिनीपुर जिलांतर्गत झाडग़्राम तहसील के जामबनी थानांतर्गत उड़ाग्राम के लोगों को सांप सूंघ गया है। कोई कुछ बोलने को तैयार नहीं। गांव एक साथ छह लड़कियों ने जहर खाया है। पांच की मौत हो चुकी है। लेकिन छठी इस दर्दनाक हादसे को बयां करने के लिए बची है। अस्पताल में भर्ती पूजा नायक ने बताया कि गांव के कुछ लोग उनके संबंधों को लेकर हमेशा अश्लील टिप्पणी करते थे।
स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक सरस्वती नायक (16), सोमा नायक (19), बेबी नायक (20), पालंग नायक (16), नमिता नायक (17) व पूजा नायक (16) में खासी घनिष्ठता थी। इसमें से सरस्वती की शादी तय थी। कार्ड भी छप चुके थे। इस बीच ऐसा क्या हुआ कि सभी ने एक साथ आत्महत्या करने की ठानी? इसका जवाब अब बची पूजा नायक ही दे सकती है। बहरहाल उसकी हालत गंभीर है। वह बयान देने की स्थिति में नहीं है। सभी जामबनी के उड़ाग्राम के पास नायकपाड़ा नामक एक गांव की रहनेवाली हैं। यहां एक ही खानदान के कई परिवार साथ रहते हैं।
सोमवार शाम गांव की छह किशोरी व युवतियां लापता हो गईं। देर तक कोई सुराग न मिलने पर देर शाम परीजनों ने ग्रामीणों के साथ उनकी खोज शुरू की। तलाशी के दौरान उन्हें पता चला कि सभी गांव से दूर तालाब के पास बेसुध पड़ी हैं। भूत-प्रेत की आशंका से डरे गांववाले वहां नहीं गए। यह जानकारी जब सीआरपीएफ के जवानों को लगी तो वे तालाब के पास पहुंचे। वहां सभी लड़कियां बेहोश थीं। उनके मुंह से झाग निकल रहे थे। उन्हें तुरंत झाडग़्राम राजकीय अस्पताल लाया गया। जहां सरस्वती नायक (16), सोमा नायक (19), बेबी नायक (20), पालंग नायक (16) व नमिता नायक (17) को मृत घोषित कर दिया गया। जबकि गंभीर हालत में पूजा नायक (16) को मेदिनीपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।
पूजा के पिता कालीपद नायक ने बताया कि लड़कियां सोमवार की दोपहर से लापता थीं। सभी रोजाना बड़े तालाब पर स्नान के लिए जाती थीं। सोमवार को शाम तक नहीं लौटी। खोजने पर पता चला कि वे तालाब के पास बेसुध पड़ी हैं। हालांकि लड़कियों ने यह घातक कदम क्यों उठाया, नायक इस बारे में कुछ नहीं बता पाए। इस संबंध में मृत लड़कियों के अभिभावक और स्थानीय ग्रामीण भी फिलहाल मुंह खोलने को तैयार नहीं।
इधर, इलाके के लोग दबी जबान में लड़कियों के समलैंगिक होने की बात कह रहे हैं। हालांकि किसी ने इसकी पुष्टि नहीं की है। उनका मानना है कि एक की शादी तय होने के बाद संबंधों में आनेवाले संभावित विच्छेद से दु:खी लड़कियों ने जहर खा लिया।
वहीं, एक और बात ने मामले को और रहस्यमयी बना दिया है। कुछ गांववाले समलैंगिकता से इतर छह में तीन लड़कियों के लड़कों से प्रेम संबंध होने की बात कह रहे हैं। उनका कहना है कि एक की शादी तय होने के बाद उन्होंने यह घातक कदम उठाया। साथ की बाकी लड़कियों ने डर के जहर खा लिया। बहरहाल जुबान का क्या है। जितने मुंह उतनी बातें। सभी अब पूजा के स्वस्थ होने का इंतजार कर रहे हैं। ताकि तमाम रहस्यों से पर्दा उठे।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि गांव के कुछ लोग इन छह युवतियों पर अश्लील टिप्पणी करते थे। घटना की जांच की जा रही है। -भारती घोष, पुलिस अधीक्षक झाडग़्राम
लड़कियों ने संभवत: कृषि कार्य में उपयोग में आनेवाला कोई कीटनाशक खाया, लेकिन उन्होंने यह कदम क्यों उठाया, इस बारे में वे कुछ नहीं कह सकते हैं। -कालीपदनायक, जीवित बची पूजा के पिता