जीसेट-6 को और ऊंचाई पर अगली कक्षा में पहुंचाया
इसरो ने पृथ्वी की परिक्रमा कर रहे नवीनतम सैन्य संचार उपग्रह जीसेट-6 को चौबीस घंटे के भीतर दूसरी बार और ऊंचाई पर उसकी अगली कक्षा में सफलतापूर्वक पहुंचा दिया है। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने शुक्रवार के बाद शनिवार को भी संचार उपग्रह को उसकी अगली कक्षा में स्थापित
बेंगलुरु। इसरो ने पृथ्वी की परिक्रमा कर रहे नवीनतम सैन्य संचार उपग्रह जीसेट-6 को चौबीस घंटे के भीतर दूसरी बार और ऊंचाई पर उसकी अगली कक्षा में सफलतापूर्वक पहुंचा दिया है। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने शुक्रवार के बाद शनिवार को भी संचार उपग्रह को उसकी अगली कक्षा में स्थापित किया। दूसरी बार ऊंचाई बढ़ाने के लिए वैज्ञानिकों ने उपग्रह के अपोजी मोटर को लगभग 44 मिनट तक सक्रिय रखा। इससे पूर्व शुक्रवार को पहली बार जीसेट-6 की ऊंचाई बढ़ाने के लिए जब उसे अगली कक्षा में पहुंचाया गया था तो इस मोटर को तकरीबन 56 मिनट तक चालू रखा गया था।
इसरो की ओर से कहा गया है कि बृहस्पतिवार को प्रक्षेपण के 17 मिनट बाद धरती से 8,408 किमी दूर स्थित कक्षा में स्थापित किए गए जीसेट-6 को पहली दफा शुक्रवार को अगली कक्षा में पहुंचा दिया गया था। इससे वह धरती से 35,708 किमी की दूरी पर पहुंच गया था। शनिवार को भी उपग्रह को उसको आगे की कक्षा में प्रोन्नत किया गया। इससे अब वह धरती से और दूर होकर ऊंचाई पर पहुंच गया है। इसरो के अधिकारियों के अनुसार आने वाले दिनों में इसकी कक्षा को और बढ़ाया जाएगा ताकि उसे अंतिम भूस्थैतिक कक्षा (जीएसओ) में पहुंचाया जा सके। इस कक्षा में पहुंचने के साथ ही संचार उपग्रह जीसेट-6 की सेवाओं को शुरू कर दिया जाएगा।
पढ़ेंः संचार उपग्रह जीसेट-6 को सफलतापूर्वक अंतरिक्ष में भेजा