त्रिपुरा सरकार कोरोना से लड़ने के लिए लोगों को बांटेगी अनानास और नींबू का रस
त्रिपुरा सरकार ने कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते प्रकोप के बीच लोगों की इम्यूनिटी बढ़ाने के लिए विटामिन-C से भरपूर अनानास और नींबू का रस फल बांटने का निर्णय लिया है।
अगरतला, जेएनएन। त्रिपुरा की बिप्लब कुमार देब सरकार ने कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते प्रकोप के बीच लोगों की इम्यूनिटी बढ़ाने के लिए विटामिन-C से भरपूर अनानास और नींबू का रस फल बांटने का निर्णय लिया है। कोरोना वायरस से लड़ने के लिए अभी तक कोई दवा या वैक्सीन ईजाद नहीं हुई है। अभी बस रोल प्रतिरोधक क्षमता (Immunity System) के दम पर ही इस जानलेवा वायरस से लड़ा जा सकता है। अगर किसी की इम्यूनिटी बेहतर है, तो कोरोना वायरस उस पर ज्यादा प्रभाव नहीं छोड़ पाता है। इसलिए मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब ने अगले एक महीने तक इम्यूनिटी बूस्टर प्रोग्राम चलाने का निर्णय लिया है। सरकार प्रत्येक शनिवार को दोपहर 12 बजे से 4 बजे के बीच अनानास और नींबू का रस बांटेगी। इन दोनों ही फलों में विटामिन सी भरपूर मात्रा में होता है, जो इम्यूनिटी बढ़ाता है।
सरकार का मानना है कि कोरोना से मुकाबला करने के लिए लोगों के शरीर में प्रतिरोधक क्षमता की मजबूती जरूरी है। और प्रतिरोधक क्षमता की मजबूती के लिए विटामिन सी को कारगर माना गया है। अनानास और नींबू में विटामिन सी प्रचुर मात्रा में पाई जाती है। इसलिए त्रिपुरा सरकार ने मुख्यमंत्री कोरोना प्रतिरोधक अभियान के तहत आम जनता को अनानास और नींबू जूस मुफ्त में प्रदान करने का निर्णय लिया है।
30 जून को मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब की अध्यक्षता में संपन्न हुई कैबिनेट की बैठक में मुख्यमंत्री कोरोना प्रतिरोधक अभियान को मंजूरी प्रदान की गई। अभियान की शुरूआत शनिवार 4 जुलाई को होगी। इसके तहत प्रत्येक शनिवार को 12 बजे से शाम 4 बजे तक सोशल डिसटेंसिंग का पालन करते हुए 25 शहरी निकायों और सब डिविजन मुख्यालयों पर आम जनता को अनानास और नींबू जूस का मुफ्त वितरण किया जाएगा।
अनानास और नींबू की खरीद सीधे किसानों से की जा रही है। ताकि उन्हें भी मदद मिल सके। और वितरण का जिम्मा स्वयं सहायता समूहों को दिया गया है। इस अभियान पर प्रतिमाह 1 करोड़ रुपया खर्च होंगे। एक स्वयं सहायता समूह को एक सप्ताह में अधिकतम 200 अनानास और 400 नींबू (रस के रूप में) एक वार्ड में वितरित करने की अनुमति दी गई है।
त्रिपुरा में सालाना 1.28 लाख एमटी अनानास का उत्पादन होता है। अनानास और नींबू विटामिन सी से भरपूर होते हैं और बड़ी आबादी की प्रतिरक्षा को बढ़ाने की क्षमता रखते हैं। अभियान को त्रिपुरा के सभी जिला, उप मंडल मुख्यालय, शहरी स्थानीय निकाय (25 स्थान) में चलाया जाएगा। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन और अभियान की निगरानी के लिए एक वितरण केंद्र पर स्वयं सहायता समूह के 5-6 सदस्यों को तैनात किया जाएगा। स्वास्थ्य निरीक्षक और शहरी स्थानीय निकायों के नगर आयुक्तों के द्वारा नामित कर्मचारी स्वच्छता मानदंड और अन्य सामाजिक जरूरतों का ध्यान रखेंगे।