विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जयपुर: पिता और मामा पर नाबालिग को चार लाख रुपये में बेचने का आरोप, पुलिस जांच में जुटी

Published: Thu, 22 Oct 2026 02:59 AM (IST)

राजस्थान में झालावाड़ जिले में एक पिता और मामा पर अपनी नाबालिग बेटी का सौदा करने का आरोप लगा है। ...और पढ़ें

जयपुर: पिता और मामा पर नाबालिग को चार लाख रुपये में बेचने का आरोप (सांकेतिक तस्वीर)

जयपुर: पिता और मामा पर नाबालिग को चार लाख रुपये में बेचने का आरोप (सांकेतिक तस्वीर)

HighLights

  1. पुलिस ने नाबालिग के पिता, मामा और पति को गिरफ्तार किया है

  2. भवानीमंडी पुलिस थाने में तीनों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है

जागरण संवाददाता, जयपुर। राजस्थान में झालावाड़ जिले में एक पिता और मामा पर अपनी नाबालिग बेटी का सौदा करने का आरोप लगा है। पिता और मामा पर 17 वर्षीय नाबालिग लड़की को चार लाख रुपये में 36 साल के एक व्यक्ति को बेचकर उससे विवाह करवाने का आरोप है।

पुलिस ने नाबालिग के पिता, मामा और पति को गिरफ्तार किया है। भवानीमंडी पुलिस थाने में तीनों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। नाबालिग की पहचान उजागर होने की आशंका के चलते पुलिस ने आरोपियों के नाम सार्वजनिक नहीं किए हैं।

पुलिस को दो दिन पहले सूचना मिली थी कि नाबालिग ने अपने पति की हत्या करने के लिए एक व्यक्ति से संपर्क किया है। नाबालिग ने उस व्यक्ति को पिता और मामा द्वारा चार लाख रुपये में बेचने और उससे शादी करवाने के बारे में बताया।

पुलिस ने नाबालिग और दो अन्य लोगों से पूछताछ की तो सामने आया कि नाबालिग शादी के नाम पर खुद को बेचे जाने से नाखुश थी और पति की हत्या करना चाहती थी।

जिला पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के नेतृत्व में जांच में सामने आया कि विवाह करने वाले व्यक्ति ने नाबालिग के मामा और पिता से स्टाम्प पर कई शर्तें लिखवाई और उन पर हस्ताक्षर करवाए थे।

इन शर्तों के माध्यम से नाबालिग पर मानसिक और शारीरिक दबाव बनाया जा रहा था। पुलिस ने कहा कि जांच पूरी होने पर मामले में और खुलासा किया जाएगा।