FASTag के नए नियम: 1500 में बनेगा सालभर का पास, बार-बार नहीं देने पड़ेंगे टोल टैक्स; किसे मिलेगा लाभ?
नेशनल हाईवे पर टोल प्लाजा के 20 किमी दायरे में रहने वाले लोग 1 नवंबर से सालाना रियायती लोकल पास ...और पढ़ें

टोल प्लाजा के पास रहने वालों को मिलेगा सालाना रियायती पास (यह तस्वीर AI की मदद से बनाई गई है।)
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। नेशनल हाईवे पर स्थित टोल प्लाजा के 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले लोग एक नवंबर से सालाना रियायती लोकल पास ले सकेंगे। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
मंत्रालय की अधिसूचना के अनुसार, नगरपालिका या स्थानीय कस्बे की सीमा से बाहर स्थित टोल प्लाजा के लिए पास का सालाना शुल्क 1,500 रुपये और सीमा के भीतर स्थित प्लाजा के लिए 3,000 रुपये होगा।
वैध और चालू फास्टैग वाले पात्र गैर-व्यावसायिक वाहन मालिक किसी खास शुल्क प्लाजा से आने-जाने के लिए मौजूदा मासिक पास या रियायती लोकल पास में से चुन सकते हैं।
यह पास केवल उसी प्लाजा के लिए मान्य होगा और दूसरे प्लाजा पर इस्तेमाल के लिए हस्तांतरित नहीं किया जा सकेगा। फिलहाल पात्र लोग 360 रुपये का मासिक पास लेते हैं, जिसकी सालाना लागत 4,320 रुपये है।
मंत्रालय ने आगे कहा कि ऐसे किसी भी राष्ट्रीय राजमार्ग या एक्सप्रेसवे पर आने-जाने के लिए कोई रियायती स्थानीय पास जारी नहीं किया जाएगा, जहां 'क्लोज्ड यूजर फीस कलेक्शन सिस्टम' के आधार पर शुल्क लिया जाता है। यात्रियों के लिए सर्विस रोड या वैकल्पिक सड़क उपलब्ध होने पर भी पास नहीं मिलेगा।
मंत्रालय के अनुसार, देश में 13 करोड़ से अधिक फास्टैग जारी किए जा चुके हैं। नए प्रविधान का उद्देश्य टोल प्लाजा के पास रहने वाले पात्र लोगों के लिए यात्रा को किफायती बनाना और आवागमन आसान करना है। (समाचार एजेंसी PTI के इनपुट के साथ)
