Move to Jagran APP

जलवायु परिवर्तन से बदल रही पहाड़ों पर खेती

सेब छोड़ अनार और सब्जियां उगाने को मजबूर हो रहे हिमाचल के किसान, बढ़ते तापमान के कारण पड़ रहा है असर...

By Srishti VermaEdited By: Published: Mon, 04 Dec 2017 09:57 AM (IST)Updated: Mon, 04 Dec 2017 09:57 AM (IST)
जलवायु परिवर्तन से बदल रही पहाड़ों पर खेती
जलवायु परिवर्तन से बदल रही पहाड़ों पर खेती

शिमला (आइएसडब्ल्यू)। जलवायु परिवर्तन वैश्विक संकट बन गया है। इसका बुरा असर सिर्फ पृथ्वी और मानव स्वास्थ्य पर ही नहीं, बल्कि कृषि पर भी पड़ रहा है। जलवायु संकट के कारण हिमाचल के किसान सेब की खेती को छोड़कर अनार और सब्जियां उगाने को मजबूर हैं।

loksabha election banner

इन स्थानों में ज्यादा बदलाव : पहाड़ी इलाकों के ज्यादातर किसानों को अब फसल विविधीकरण अपनाना पड़ रहा है। जलवायु परिवर्तन के कारण कम होते सेब उत्पादन को देखते हुए किसान यह कदम उठा रहे हैं। निचले एवं मध्यम ऊंचाई (1200-1800 मीटर) वाले पहाड़ी क्षेत्रों, जैसे कुल्लू, शिमला और मंडी जैसे जिलों में यह बदलाव ज्यादा ही देखने को मिल रहा है। वहीं, इन जिलों के किसान सेब के बागों में सब्जियों के अलावा कम ऊंचाई (1000-1200 मीटर) पर उगाए जाने वाले कीवी और अनार जैसे फलों की मिश्रित खेती कर रहे हैं। यहां किसान संरक्षित खेती को भी बड़े पैमाने पर अपना रहे हैं। कुल्लू घाटी में किसान अब अनार, कीवी, टमाटर, मटर, फूलगोभी, बंदगोभी, ब्रोकोली फूलों की खेती बड़े पैमाने पर कर रहे हैं।

सेब के लिए यह है अनुकूल वातावरण
शोधकर्ताओं के मुताबिक, समुद्र तल से 1500- 2500 मीटर की ऊंचाई पर हिमालय श्रृंखला के सेब उत्पादन वाले क्षेत्रों में बेहतर गुणवत्ता के सेब की पैदावार के लिए 1000-1600 घंटों की ठंडक होनी चाहिए, लेकिन इन इलाकों में बढ़ते तापमान और अनियमित बर्फबारी के कारण सेब उत्पादक क्षेत्र अब ऊंचाई वाले क्षेत्रों की ओर खिसक रहा है। सर्दियों में तापमान बढ़ने से सेब के उत्पादन के लिए आवश्यक ठंडक की अवधि कम हो रही है।

यह आया है परिवर्तन : कुल्लू क्षेत्र में ठंडक के घंटों में 6.385 यूनिट प्रतिवर्ष की दर से गिरावट हो रही है। इस तरह पिछले तीस वर्षों के दौरान ठंडक वाले कुल 740.8 घंटे कम हुए हैं। इसका सीधा असर सेब के आकार, उत्पादन और गुणवत्ता पर पड़ता है। भारतीय मौसम विभाग के शिमला केंद्र से जुड़े डॉ. मनमोहन सिंह के अनुसार, हिमाचल प्रदेश में मानसून सीजन की अवधि तो बढ़ रही है, पर समग्र रूप से बरसात कम हो रही है। हिमाचल और जम्मू कश्मीर में स्थित मौसम विभाग के ज्यादातर स्टेशन पिछले करीब तीन दशक से तापमान में बढ़ोत्तरी की प्रवृत्ति के बारे में बता रहे हैं, जबकि श्रीनगर और शिमला में बर्फबारी में कमी देखी जा रही है। बर्फबारी की अवधि भी धीरे-धीरे कम हो रही है।

अनियमित जलवायु दशाओं का असर : वाईएस परमार बागवानी व वानिकी विश्वविद्यालय से जुड़े वैज्ञानिक प्रो. एसके भारद्वाज के मुताबिक, ठंड के मौसम में अनियमित जलवायु दशाओं का असर पुष्पण एवं फलों के विकास पर पड़ता है, जिसके कारण सेब का उत्पादन कम हो रहा है। वर्ष 2005 से 2014 के दौरान इस क्षेत्र में सेब का उत्पादन 0.183 प्रति हेक्टेयर की दर से प्रतिवर्ष कम हो रहा है। पिछले 20 वर्षों के दौरान यहां सेब की उत्पादकता में कुल 9.405 टन प्रति हेक्टेयर की कमी आई है। सेब उत्पादन के लिए उपयुक्त माने जाने वाले स्थान अब शिमला के ऊंचाई वाले क्षेत्रों, कुल्लू, चंबा और किन्नौर एवं स्पीति के शुष्क इलाकों तक सिमट रहे हैं। इसके अलावा ओलावृष्टि के कारण भी सेब उत्पादन प्रभावित होता है।

यह भी पढ़ें : गोबर से बनाई गैस, अब भरकर बेचेंगे सिलेंडर


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.