किसान को 20 किलो आलू के मिले मात्र 1 रुपए, पीएम को ट्वीट कर किया सवाल
इंदौर के एक किसान ने पीएम मोदी को ट्वीट कर कहा, '2000 किलो आलू की कीमत १ रुपया इसमें बताओ कितना रुपया किलो मिलेगा किसान को?
नई दिल्ली(जेएनएन)। देश में किसानों की बदहाली किसी से नहीं छिपी है। आए दिन कर्ज के चलते किसानों की आत्हत्या के मामले सामने आते हैं। वहीं दंदौर के एक किसान का दर्द सुनकर आप भी चौंक जाएंगे जिसे 20 क्विंटल आलू बेचने के मात्र 1 रुपए मिले।
जी हां राजा चौधरी के लिए आलू की खेती करना बेहद घाटे का सौदा साबित हुआ। राजा ने इंदौर के चोयथराम मंडी में 20 क्विंटल आलू बेचा था, जिसके दाम मिले 1075 रुपए। वहीं किसान को आलू मंडी में पहुंचाने में खर्च हो गए 1074 रुपए। यानी किसान को महज एक रुपए का फायदा हुआ।
इस किसान का दावा है कि इस बार तो उसे एक रुपए का मुनाफा भी हुआ है, लेकिन पिछली बार उसने 1620 रुपए के आलू बेचे थे, जबकि खर्च हुए थे 2393 रुपए। यानी 773 रुपए का उसे नुकसान हुआ है। अपनी बात को साबित करने के लिए किसान राजा ने खर्च और आमदनी का बिल अपने पास संभालकर रखा है।
2000 किलो आलू की कीमत १ रुपया इसमें बताओ कितना रुपया किलो मिलेगा किसान को ? विद्वान गुना भाग और जोड़ कर बताये |@PMOIndia pic.twitter.com/Kb9Vyh3sH5— Kedar Sirohi (@KedarSirohi) February 28, 2017
किसान यूनियन के सदस्य केदार सिरोही ने आमदनी और खर्च का बिल ट्विटर पर शेयर कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को शेयर किया है। ट्वीट में लिखा है, 2000 किलो आलू की कीमत 1 रुपया इसमें बताओ कितना रुपया किलो मिलेगा किसान को? विद्वान गुना भाग और जोड़ कर बताये। कुछ प्रधानमंत्री के अच्छे दिन के वादे से जोड़कर इस बिल पर कमेंट कर रहें हैं।
यह भी पढ़ें: इधर बिहार में मस्तान पर घमासान, उधर यूपी में लालू नाप रहे मोदी का सीना
यह भी पढ़ें: AAP के छह ट्विटर अकाउंट सस्पेंड, केजरीवाल ने लगाया साजिश का आरोप