हर साल तीन मई को दिए जाएंगे फाल्के अवार्ड
केद्रीय सूचना और प्रसारण मत्री अंबिका सोनी ने शुक्रवार यह घोषणा की है कि भारतीय सिनेमा के सौवे वर्ष के उपलक्ष्य मे अब हर साल राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार तीन मई को ही प्रदान किए जाएगे।
नई दिल्ली। केंद्रीय सूचना और प्रसारण मंत्री अंबिका सोनी ने शुक्रवार यह घोषणा की है कि भारतीय सिनेमा के सौवें वर्ष के उपलक्ष्य में अब हर साल राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार तीन मई को ही प्रदान किए जाएंगे।
तीन मई 1913 को भारत की पहली फीचर फिल्म राजा हरिश्चंद्र मुंबई के गिरगाव स्थित कोरोनेशन सिनेमा में प्रदर्शित की गई थी। इसके निर्माता, निर्देशक और लेखक दादा साहेब फाल्के थे जिनकी स्मृति में भारतीय सिनेमा का सर्वोच्च सम्मान फाल्के पुरस्कार दिया जाता है।
विज्ञान भवन में 59वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार वितरण समारोह में सोनी ने कहा कि भारतीय सिनेमा ने सौवें वर्ष में कदम रख दिया है। इसके उपलक्ष्य में अब से हर साल राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार तीन मई को ही दिए जाएंगे। इसी दिन पहली भारतीय फिल्म राजा हरिश्चंद्र प्रदर्शित हुई थी।
उन्होंने कहा कि भारतीय सिनेमा की सौवीं सालगिरह पर सरकार ने कई महत्वाकाक्षी परियोजनाएं शुरू की है। जिसके लिए राष्ट्रीय विरासत मिशन कायम किया गया है। बारहवीं पंचवर्षीय योजना में इसे 500 करोड़ रूपए आवंटित किए गए हैं। इसके तहत फिल्मों को डिजीटल रूप में संग्रहित किया जाएगा। इसके अलावा मुंबई में एक राष्ट्रीय सिनेमा संग्रहालय भी स्थापित किया जाएगा।
गौरतलब है कि राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल के विदेश दौरे पर होने के कारण इस साल पुरस्कार उपराष्ट्रपति मोहम्मद हामिद अंसारी ने प्रदान किए।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर