एक्जिट पोल: बिहार में नीतीश की सत्ता वापसी आसान नहीं, महागठबंधन आगे, 10 को आएंगे चुनाव नतीजे
तीसरे और अंतिम चरण के मतदान (58 फीसद) के बाद विभिन्न मीडिया समूहों और एजेंसियों ने अपने-अपने एक्जिट पोल परिणामों की घोषणा की। तीन चरणों में हुए विधानसभा चुनावों में करीब 7.3 करोड़ मतदाताओं ने चुनाव प्रक्रिया में बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया।
जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। कोरोना महामारी के दौर में चुनाव कराना एक बड़ी चुनौती थी, लेकिन बिहार के मतदाताओं ने गजब का उत्साह दिखाया और तीन चरणों में हुए विधानसभा चुनावों में करीब 7.3 करोड़ मतदाताओं ने चुनाव प्रक्रिया में बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। शनिवार को तीसरे और अंतिम चरण के मतदान (58 फीसद) के बाद विभिन्न मीडिया समूहों और एजेंसियों ने अपने-अपने एक्जिट पोल परिणामों की घोषणा की। इनमें सिर्फ इंडिया टुडे-चाणक्य और रिपब्लिक टीवी-जन की बात ने अपने एक्जिट पोल में राजद नेता तेजस्वी यादव के नेतृत्व वाले महागठबंधन को बहुमत मिलता हुआ दिखाया है। बाकी सभी एक्जिट पोल में महागठबंधन और राजग के बीच कांटे की टक्कर दिखाई दे रही है।
सत्ता विरोधी लहर बनी चुनौती
एक्जिट पोल के नतीजे अक्सर गलत भी साबित होते हैं, पिछले विधानसभा चुनाव में सारी एजेंसियों के एक्जिट पोल सच्चाई से बहुत दूर रहे, लेकिन अगर इन्हें वास्तविक नतीजों का संकेत माना जाए तो नीतीश कुमार के लिए सत्ता विरोधी लहर बड़ी चुनौती साबित हुई है। उनकी रैलियों के दौरान लोगों द्वारा गुस्से का इजहार इस बात का सुबूत है। इसके अलावा इस बात के भी संकेत हैं कि राजग में भाजपा को जदयू से ज्यादा सीटें मिल सकती हैं। हालांकि प्रचार अभियान के दौरान भाजपा नेता लगातार यह कहते रहे कि बिहार में नीतीश कुमार ही राजग का चेहरा हैं।
एक साल में बदला मिजाज
एक्जिट पोल के नतीजों से यह संकेत भी मिलते हैं कि एक साल में ही जनता का मिजाज बदल गया है। सालभर पहले हुए लोकसभा चुनावों में बिहार की 40 संसदीय सीटों में से 39 राजग को मिली थीं।
बरकरार रहेगी शिवराज की सरकार
इस दौरान मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और गुजरात समेत 10 राज्यों में 54 विधानसभा सीटों के लिए उपचुनाव भी कराए गए। मध्य प्रदेश की 28 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के एक्जिट पोल नतीजों से भाजपा को राहत मिली है। एक्जिट पोल नतीजों के अनुसार प्रदेश में भाजपा की शिवराज सिंह सरकार बरकरार रहेगी। कांग्रेस को बहुमत का आंकड़ा नहीं मिल पाएगा। समाचार चैनल 'आज तक' के एक्जिट पोल के अनुसार, भाजपा को 16 से 18 तो कांग्रेस को 10 से 12 सीटें मिलने का अनुमान है। भाजपा को करीब 46 तो कांग्रेस को लगभग 43 फीसद वोट मिलेंगे।
एक्जिट पोल के नतीजे
इंडिया टुडे- चाणक्य -
महागठबंधन - 180
राजग - 55
अन्य - 08
-----------------
टाइम्स नाउ-सी वोटर -
महागठबंधन - 120
राजग - 116
अन्य - 07
---------------------
रिपब्लिक टीवी-जन की बात -
महागठबंधन - 128
राजग - 104
अन्य - 11
---------------
एबीपी-सी वोटर -
राजद - 85
कांग्रेस - 25
भाजपा - 70
जदयू - 42
लोजपा - 02
अन्य - 19
---------------
टीवी9-भारत वर्ष -
राजद - 92
कांग्रेस - 17
भाजपा - 72
जदयू - 38
कांग्रेस - 17
लोजपा - 02
अन्य - 22
------------
ईटीजी बिहार -
महागठबंधन - 120
राजग - 114
अन्य - 09
कुल सीटें 243, बहुमत का आंकड़ा 122