चेन्नई: वीजा नियमों का उल्लंघन करने वाले इथियोपिया के 8 नागरिक गिरफ्तार
वीजा नियमों का उल्लंघन करने पर इथियोपिया के 8 नागरिकों को गिरफ्तार कर लिया गया है। कोरोना टेस्ट में ये आरोपी निगेटिव पाए गए हैं।
चेन्नई, आइएएनएस। तब्लीगी जमात जैसा ही एक मामला चेन्नई में सामने आया है। वीजा नियमों का उल्लंघन करने वाले इथियोपिया के 8 नागरिक गिरफ्तार कर लिए गए हैं। चेन्नई पुलिस ने सोमवार को जानकारी दी। यहां इथियोपिया के 8 नागरिक धार्मिक प्रचार के लिए रह रहे थे। दिल्ली से चेन्नई आने वाले इन नागरिकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इनका कोविड-19 टेस्ट कराया गया जिसमें ये सभी निगेटिव आए हैं।
पुलिस ने आइएएनएस को बताया, ‘गिरफ्तार 8 नागरिकों में चार महिलाएं व चार पुरुष हैं। ये पहले दिल्ली आए उसके बाद चेन्नई पहुंचे। यहां वे धार्मिक की गतिविधियों में शामिल हुए जो वीजा नियमों के खिलाफ है। यहां यह बता दें कि ये सभी इथियापियाई नागरिक दिल्ली में आयोजित तब्लीगी जमात के इवेंट का हिस्सा नहीं थे।'
पुलिस ने बताया, ‘यहां के सरकारी अस्पताल में कोरोना वायरस को लेकर इनकी जांच की गई। इन सभी का रिपोर्ट निगेटिव आया यानि ये सभी संक्रमण से बच गए हैं। यहां मन्नादी स्थित मस्जिद में ये सभी रुके हुए थे।’ ये सभी लॉकडाउन के नियमों का उल्लंघन कर मुथियापेट में धार्मिक सम्मेलन में शामिल हुए थे। इन्हें पुजहल जेल में रखा गया है। ये सभी यहां मेडिकल वीजा के तहत आए हैं।
गिरफ्तार होने वाले आरोपियों में पत्नी नेगाश फातिया आवेल व आवेल मुख्तार शिफा, पत्नी सेयदो तिबत रेशद व खेलिल मुहदिन हुसैन, पत्नी मोहमद जेहरा कमाल व युसुफ शेम्सु जमाल, पत्नी सीद मेकिया हमजा व हास्सेन इब्राहिम वर्कु हैं। ये सभी इथियोपिया की राजधानी एदिस अबाबा के मूल निवासी हैं। पुलिस इन्हें कोविड-19 टेस्ट के लिए ओमांदुरार अस्पताल लेकर गई। इनके खिलाफ धारा 188, 269, 270, 271 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पिछले सप्ताह 129 विदेशी नागरिक राज्य के विभिन्न मस्जिदों में रुके थे। ये सभी मलेशिया, इंडोनेशिया, थाइलैंड व कांगो के निवासी हैं। पुलिस ने बताया कि ये सभी टूरिस्ट वीजा पर आए थे और देश के विभिन्न हिस्सों में गए। ये सभी कांचीपुरम, सलेम, इरोड, मदुरै और डिंडीगुल से हिरासत में लिए गए।