BRICS Summit : ब्रिक्स देशों के पर्यावरण मंत्रियों का छठा सम्मेलन किया गया आयोजित
पर्यावरण वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय ने जानकारी दी है कि इस साल रूस की अध्यक्षता में सम्मलेन का आयोजन किया गया।
नई दिल्ली, एएनआइ। गुरुवार को पर्यावरण मंत्रियों के छठे ब्रिक्स सम्मेलन (BRICS Summit) का वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए आयोजन किया गया, जिसमें ब्रिक्स देशों (ब्राजील, रूस, भारत, चीन और साउथ अफ्रीका) के पर्यावरण मंत्रियों ने हिस्सा लिया। पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय ने जानकारी दी है कि इस साल रूस की अध्यक्षता में सम्मलेन का आयोजन किया गया।
भारत की तरफ से पर्यावण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने हिस्सा लिया। बैठक के दौरान उन्होंने कई मुद्दों पर अन्य देशों के पर्यावरण मंत्रियों से चर्चा की। अगले साल 2021 में ब्रिक्स सम्मेलन की अध्यक्षता भारत संभालेगा। केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावडेकर ने इसके लिए ब्रिक्स देशों के पर्यावरण मंत्रियों को आमंत्रित किया है।
ब्रिक्स देशों ने बैठक के दौरान कहा कि कोरोना महामारी ने सतत विकास और विकास लक्ष्यों (एसडीजी) के लिए 2030 के एजेंडा की आकांक्षाओं को हासिल करने में एक गंभीर चुनौती पेश की है। साथ ही उन्होंने पर्यावरण में सुधार करने और राष्ट्रीय योजनाओं में संसाधनों के अधिकतम इस्तेमाल की पुन: चक्रण अर्थव्यवस्था को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि ब्रिक्स के तहत विभिन्न पहलों को लागू करने की आवश्यकता है और ब्रिक्स समझौता ज्ञापन के तेजी से कार्यानवयन पर जोर दिया। उन्होंने सतत शहरी प्रबंधन, समुद्री कचरे से निपटने, वायु प्रदूषण और नदियों को साफ करने से संबंधित क्षेत्रों में भारत के प्रयासों की जानकारी दी। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारत मानता है कि जलवायु परिवर्तन की समस्या से निपटने के लिए वैश्विक लक्ष्यों को हासिल करने में वित्त और तकनीकी साझेदारियां अहत स्तंभ हैं। उन्होंने कहा, "भारत पेरिस समझौते और उसकी जलवायु प्रतिबद्धताओं पर काम कर रहा है।"
इसके अलावा ब्रिक्स देशों ने कहा कि कोरोना वायरस के कारण जलवायु परिवर्तन संबंधी बातचीत में देरी हुई है और अब 26वीं कांफ्रेंस ऑफ पार्टीज टू द यूनाइटेड नेशंस फ्रेमवर्क कन्वेंशन ऑन क्लाइमेट चेंज नवंबर महीने में 2021 में होगी।