भाजपा सांसद सुब्रह्माण्यम बोले, चुनाव जीतने के लिए केवल विकास काफी नहीं
स्वामी ने कहा कि 2014 में हम दो आधार पर चुनाव जीते। एक शासन के गुजरात मॉडल और दूसरे जाति से ऊपर उठकर लोगों ने हिंदुत्व के लिए वोट दिया।
मुंबई, प्रेट्र । भाजपा सांसद सुब्रह्माण्यम स्वामी ने कहा कि चुनाव जीतने के लिए केवल समाज या देश का विकास पर्याप्त नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा हिंदुत्व को अपना प्रमुख एजेंडा बनाए बगैर कभी चुनाव नहीं जीत सकती। स्वामी ने कहा कि लोग कहते हैं कि सरकार को विकास कार्यों पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए। लेकिन इतिहास कुछ और ही कहता है। भारत में जिस किसी भी सरकार ने केवल विकास पर ध्यान दिया, वह कभी चुनाव नहीं जीत सकी। वह चाहे नरसिम्हा राव हों जिन्होंने लाइसेंस राज खत्म किया, राजीव गांधी हों जिन्होंने देश में औद्योगिक क्रांति की शुरुआत की, मोरारजी देसाई हों जिन्होंने राशन की कीमतों में कमी की या एन. चंद्रबाबू नायडू हों। हमें अटल बिहारी वाजपेयी को भी नहीं भूलना चाहिए जिन्होंने शाइनिंग इंडिया का नारा दिया।
पढ़ें- गो हत्या पर कानून बनने तक चैन से नहीं बैठूंगा: स्वामी
स्वामी ने कहा कि 2014 में हम दो आधार पर चुनाव जीते। एक शासन के गुजरात मॉडल और दूसरे जाति से ऊपर उठकर लोगों ने हिंदुत्व के लिए वोट दिया। स्वामी शिवसेना नेता संजय राउत की किताब के विमोचन के अवसर पर शनिवार को लोगों को संबोधित कर रहे थे।
पढ़ें- पाकिस्तानी कलाकारों को प्रतिबंधित करने के पक्ष में सुब्रह्माण्यम स्वामी