हैदराबाद की NIA कोर्ट ने आठ बांग्लादेशियों को सुनाई उम्रकैद की सजा, मानव तस्करी का लगा है आरोप
कोर्ट ने गुरुवार को दोषियों पर 1.37 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया और जुर्माना न भरने पर तीन महीने ...और पढ़ें

हैदराबाद की NIA कोर्ट ने आठ बांग्लादेशियों को सुनाई उम्रकैद की सजा (सांकेतिक तस्वीर)
HighLights
मानव तस्करी के मामले में आठ बांग्लादेशियों को उम्रकैद की सजा
कोर्ट ने दोषियों पर 1.37 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया
पीटीआई, नई दिल्ली। हैदराबाद की एनआईए कोर्ट ने 2019 के मानव तस्करी मामले में नौ लोगों को उम्रकैद की सजा सुनाई है, जिनमें आठ बांग्लादेशी शामिल हैं।
कोर्ट ने गुरुवार को दोषियों पर 1.37 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया और जुर्माना न भरने पर तीन महीने की साधारण कैद की सजा का प्रविधान भी किया। दोषियों में आठ बांग्लादेशी थे, जबकि एक भारतीय नागरिक था।
नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (एनआइए) के अनुसार, यह मामला बांग्लादेशी महिलाओं को अच्छी नौकरी और अच्छे वेतन का लालच देकर भारत लाने और फिर उन्हें वेश्यावृत्ति के लिए मजबूर करने से जुड़ा है।
मूल मामला तेलंगाना पुलिस ने सितंबर 2019 में एक आपरेशन के बाद हैदराबाद में दर्ज किया था। इस दौरान जलपल्ली गांव में चल रहे एक वेश्यालय से तीन बांग्लादेशी महिलाओं को और हैदराबाद के बालापुर इलाके की महमूद कालोनी के एक घर से एक अन्य महिला को बचाया गया था।
एजेंसी ने जांच अपने हाथ में ली और 12 अक्टूबर 2019 को मामला फिर से दर्ज किया। जांच के दौरान, आरोपितों को 2019 और 2020 में बंगाल और तेलंगाना सहित अलग-अलग जगहों से गिरफ्तार किया गया था।
