पाम ऑयल और केमिकल से बनाया गया था तिरुपति का लड्डू, ED ने सुकृति फूड्स के मालिक को किया अरेस्ट
ईडी की जांच में खुलासा हुआ है कि तिरुपति लड्डू प्रसाद में इस्तेमाल होने वाला घी पाम आयल और कई केमिकल्स से बनाया गया था।

ईडी ने तिरुपति लड्डू घी मिलावट मामले का किया खुलासा

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। तिरुपति बालाजी मंदिर के लड्डू प्रसादम के लिए मिलावटी घी की आपूर्ति मामले की जांच में पता चला है कि तिरुपति लड्डू प्रसाद बनाने में इस्तेमाल होने वाले घी को रिफाइंड पाम आयल, पामोलीन और कई तरह के केमिकल का इस्तेमाल करके बनाया गया था।
केंद्रीय जांच एजेंसी ने घी बनाने वाली एक कंपनी के प्रमोटर को मनी लांड्रिंग के आरोप में गिरफ्तार करने के बाद शुक्रवार को यह जानकारी दी। ईडी ने बयान में कहा कि सुकृति फूड्स के प्रमोटर कैलाश चंद मंगला को 17 सितंबर को तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) घी मिलावट मामले में ईडी के हैदराबाद कार्यालय ने हिरासत में लिया।उसे विशाखापत्तनम में मनी लांड्रिंग रोधी कानून संबंधी विशेष अदालत में पेश किया गया, जिसने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
पाम आयल और कई केमिकल्स से बनाया गया था घी: ED
ईडी ने दावा किया कि जांच में पता चला कि तिरुपति लड्डू प्रसाद बनाने में इस्तेमाल होने वाला मिलावटी घी रिफाइंड पाम आयल, पाम कर्नल आयल, पामोलिन और एमजी-90, मोनोग्लिसराइड्स, मायवासेट साफ्ट 400 और एसिटिक एसिड एस्टर जैसे कई केमिकल का इस्तेमाल करके बनाया गया था और बाद में इसे एगमार्क स्पेशल ग्रेड गाय का घी बताकर टीटीडी को आपूर्ति किया गया।
दावा किया गया है कि 2019-2024 के दौरान टीटीडी को 230 करोड़ रुपये की मिलावटी घी आपूर्ति की गई थी। इसमें से 96 करोड़ रुपये का मिलावटी घी मंगला ने अपनी फैक्ट्री में बनाया था।
सुकृति फूड्स के प्रमोटर कैलाश चंद मंगला गिरफ्तार
मंगला इस मामले में साजिशकर्ताओं में से एक है। उसने श्री वैष्णवी डेयरी स्पेशलिटीज, मालगंगा मिल्क एंड एग्रो प्रोडक्ट्स और एआर. डेयरी फूड्स जैसी कई कंपनियों के साथ तालमेल के जरिए मिलावटी घी की आपूर्ति की।
मंगला ने मिलावटी वस्तुओं के इस्तेमाल को छिपाने और असली गाय के घी के उत्पादन और आपूर्ति का दिखावा करने के मकसद से घी और रिफाइंड पाम आयल की खरीद-बिक्री से जुड़े फर्जी रिकार्ड तैयार किए।
ईडी ने इससे पहले भोले बाबा आर्गेनिक डेयरी मिल्क नाम की कंपनी के प्रमोटर और निदेशक विपिन जैन को इसी तरह के आरोपों में गिरफ़्तार किया था।
