विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मनी लांड्रिंग मामले में छत्तीसगढ़ के दो कारोबारियों के ठिकानों पर ईडी के छापे, आवास-कार्यालय में खंगाले दस्तावेज

Published: Wed, 28 Oct 2026 03:20 AM (IST)

रायपुर में ज्वेलरी और जमीन कारोबारी नितिन डागा से जुड़े रवि नगर स्थित सुशील विला में ईडी के अधिकारी पहुंचे ...और पढ़ें

मनी लांड्रिंग मामले में छत्तीसगढ़ के दो कारोबारियों के ठिकानों पर ईडी के छापे (फोटो- एएनआई)

मनी लांड्रिंग मामले में छत्तीसगढ़ के दो कारोबारियों के ठिकानों पर ईडी के छापे (फोटो- एएनआई)

HighLights

  1. रायपुर व दुर्ग जिलों के दो कारोबारियों के आवास और कार्यालय में खंगाले दस्तावेज

  2. पहले भी विवादों में रहा है गुलशन बघेल, नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने का आरोप 

जेएनएन, रायपुर। छत्तीसगढ़ के रायपुर व दुर्ग जिलों के दो कारोबारियों के यहां मंगलवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने दबिश दी।

रायपुर में ज्वेलरी और जमीन कारोबारी नितिन डागा से जुड़े रवि नगर स्थित सुशील विला में ईडी के अधिकारी पहुंचे तो दुर्ग में कारोबारी गुलशन कुमार बघेल के ऋषभ ग्रीन सिटी स्थित आवास और रायपुर के मालवीय नगर स्थित उनके कार्यालय में जांच की गई।

दोनों कारोबारियों से जुड़े ठिकानों पर दस्तावेज और वित्तीय लेनदेन की पड़ताल की जानकारी सामने आई है। दिन भर चली कार्रवाई के बाद देर शाम रायपुर के कारोबारी डागा के यहां से 16 लाख नकदी और दुर्ग के कारोबारी बघेल के घर से करीब 15 मोबाइल फोन, लैपटाप और वित्तीय दस्तावेज जब्त किए गए हैं।

गुलशन बघेल के ठिकानों पर हुई कार्रवाई को शराब घोटाले से जुड़े वित्तीय लेनदेन और रकम की हेराफेरी की जांच से जोड़कर देखा जा रहा है।

सूत्रों के हवाले से करीब 30 करोड़ रुपये एक महिला अधिकारी तक पहुंचाने और उससे संबंधित लेनदेन की पड़ताल की जा रही है।

गुलशन बघेल परिवहन व्यवसाय और अन्य कारोबारी गतिविधियों से जुड़ा बताया जाता है। उसके नाम से बघेल कार्पोरेट प्राइवेट लिमिटेड सहित विभिन्न कारोबारी फर्मों के संचालन की जानकारी सामने आई है।

उसके ठिकानों से मिले दस्तावेज के आधार पर वित्तीय लेनदेन की जांच आगे बढ़ने की संभावना है। कारोबारी गुलशन बघेल पहले भी विवादों में रहा है।

उस पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का रिश्तेदार बताकर रसूख दिखाने और नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने के आरोप लगे थे। योग शिक्षक की नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी के मामले में जेल जा चुका है।