'पांच साल में टीटीडी को आपूर्ति किया गया ₹230 करोड़ रुपये का मिलावटी घी', टीडीपी नेता का बड़ा दावा
तेदेपा नेता ज्योत्स्ना तिरुनगरी ने आरोप लगाया है कि पिछली वाईएसआरसीपी सरकार के दौरान तिरुपति लड्डू के लिए टीटीडी को 230 करोड़ रुपये का मिलावटी घी आपूर्ति किया गया था।

टीडीपी नेता ज्योत्स्ना तिरुनगरी।
HighLights
तेदेपा ने पिछली वाईएसआरसीपी सरकार पर मिलावटी घी का आरोप लगाया।
ईडी जांच में तिरुपति लड्डू घी में मिलावट की पुष्टि हुई।
230 करोड़ रुपये के घी में पाम ऑयल और केमिकल्स पाए गए।
डिजिटल डेस्क, अमरावती। टी नेता ज्योत्स्ना तिरुनगरी ने शनिवार को आरोप लगाया कि तिरुपति लड्डू में मिलावट मामले में ईडी की जांच से पता चला है कि पिछली वाईएसआरसीपी सरकार के पांच साल के कार्यकाल के दौरान सोची-समझी साजिश के तहत बड़े पैमाने पर घी में मिलावट की गई थी।
घी बनाने वाली कंपनी सुकृति फूड्स के प्रमोटर कैलाश चंद मंगला की गिरफ्तारी के बाद ज्योत्स्ना ने दावा किया कि 2019 और 2024 के बीच तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) को 230 करोड़ रुपये के मिलावटी घी की आपूर्ति की गई थी।
ज्योत्स्ना ने कहा, ईडी की जांच से बेहद चिंताजनक बात सामने आई है। यह पिछली वाईएसआरसीपी सरकार के पांच वर्षों के दौरान बड़े पैमाने पर की गई मिलावट की ओर इशारा करती है, जिसके लिए जवाबदेही तय होनी चाहिए।
ईडी के अनुसार तिरुपति लड्डू प्रसाद बनाने में इस्तेमाल होने वाले घी को रिफाइंड पाम आयल, पामोलीन और कई तरह के केमिकल का इस्तेमाल करके बनाया गया था। ईडी ने दावा किया गया है कि 2019-2024 के दौरान टीटीडी को आपूर्ति की गई 230 करोड़ रुपये के मिलावटी घी से 96 करोड़ रुपये का मिलावटी घी मंगला ने अपनी फैक्ट्री में बनाया था।
