भूकंप के झटकों से दहला अंडमान-निकोबार
बंगाल की खाड़ी के दक्षिण में हिंद महासागर स्थित केंद्र शासित प्रदेश अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह रविवार को भूकंप के तकरीबन आठ झटकों से दहल उठा। इनमें से अधिकतर झटकों की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 5 या उससे ऊपर मापी गई।
नई दिल्ली। बंगाल की खाड़ी के दक्षिण में हिंद महासागर स्थित केंद्र शासित प्रदेश अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह रविवार को भूकंप के तकरीबन आठ झटकों से दहल उठा। इनमें से अधिकतर झटकों की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 5 या उससे ऊपर मापी गई। एक झटके की तीव्रता तो 6 थी। लेकिन इतना कुछ होने के बावजूद सुनामी की चेतावनी नहीं जारी की गई।
भू विज्ञान मंत्रालय के अनुसार पहला झटका दिन में 4 बजकर 12 मिनट पर आया, जो 5.2 तीव्रता का था। इसके 11 मिनट बाद 5 तीव्रता का भूकंप आया। तीसरा झटका 5 बजकर 24 मिनट पर महसूस किया गया, यह भी 5 की तीव्रता का था। शाम 6 बजकर 54 मिनट पर महसूस किया गया चौथा झटका 5.2 तीव्रता का था। फिर रात 8 बजकर 4 मिनट और 8 बजकर 17 मिनट पर इसी तीव्रता के दो अलग-अलग झटके आए। लेकिन रात 10 बजकर 17 मिनट पर आए भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 6 मापी गई। आखिरी झटका रात 10 बजकर 29 मिनट पर महसूस किया गया, जो 5.6 तीव्रता का था।