पूर्वोत्तर राज्यों में 5.9 तीव्रता का भूकंप, पीएम नरेंद्र मोदी ने असम के मुख्यमंत्री से जाना हाल
earth quake in northeastern states देश के पूर्वोत्तर राज्यों में बुधवार को 5.9 तीव्रता का भूकंप महसूस किया गया। मौसम विज्ञान विभाग ने यह जानकारी दी।
इटानगर/गुवाहाटी। Earth quake in northeastern states देश के पूर्वोत्तर राज्यों में बुधवार को 5.9 तीव्रता का भूकंप महसूस किया गया। मौसम विज्ञान विभाग ने यह जानकारी दी। रात 01:45 बजे आए इस भूकंप से किसी जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। भूकंप के बारे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने असम के मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल से टेलीफोन पर बात की और राज्य का हाल जाना।
असम के मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इन दिनों लोकसभा चुनावों के प्रचार में व्यस्त हैं, इसके बावजूद उन्होंने राज्य में भूकंप के प्रभाव और संभावित नुकसान को लेकर जानकारी ली। यह प्रधानमंत्री की पूर्वोत्तर राज्यों के प्रति उनके प्यार को दर्शाता है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, भूकंप की तीव्रता 5.9 दर्ज की गई जबकि यूनाइटेड स्टेट जियोलॉजिकल सर्वे के अनुमान के मुताबिक यह 6.1 थी। इस भूकंप का केंद्र अरुणाचल प्रदेश के ईटानगर से लगभग 40 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में था।
वहीं अरुणाचल प्रदेश के डीजीपी एसवीके सिंह ने कहा कि उन्होंने सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों से संपर्क किया लेकिन कहीं से भी किसी जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, भूकंप के झटके भूटान, तिब्बत और म्यांमार के सीमावर्ती इलाकों में भी महसूस किए गए। वाडिया इंस्टिट्यूट ऑफ हिमालयन जियोलॉजी के वैज्ञानिक प्रो. त्रिलोचन सिंह ने बताया कि यह एक 'शैलो अर्थक्वैक' था जिसे 40-50 किलोमीटर के दायरे में बेहद खतरनाक माना जाता है।